भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू करने के लिए उत्तराखंड पहुंच गए हैं. शादी से पहले गुरुवार को वह राजधानी देहरादून पहुंचे, जहां क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) कार्यालय में उनका ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया.
CAU से जुड़े पदाधिकारियों ने कुलदीप यादव को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें केदारनाथ मंदिर का प्रसाद भी भेंट किया. कुलदीप इन दिनों अपनी शादी की तैयारियों के लिए उत्तराखंड पहुंचे हुए हैं.
कुलदीप यादव 14 मार्च को अपनी मंगेतर वंशिका के साथ सात फेरे लेंगे. शादी की सभी रस्में मसूरी में आयोजित की जाएंगी. जानकारी के मुताबिक 13 और 14 मार्च को मसूरी के प्रतिष्ठित होटल सवोय (Hotel Savoy) में शादी समारोह आयोजित होगा.
शादी के लिए होटल सवाय को पूरी तरह बुक कर लिया गया है. मेहमानों की सुविधा के लिए यहां करीब 80 कमरे आरक्षित किए गए हैं. होटल परिसर के अंदर ही भव्य मंडप तैयार किया गया है, जबकि संगीत समारोह के लिए अलग से विशेष व्यवस्था की गई है.

कुलदीप की शादी में कौन-कौन पहुंचेगा?
इस शादी में लगभग 200 मेहमान शामिल हो सकते हैं. मेहमानों की सूची में भारतीय क्रिकेट टीम के कई बड़े नाम शामिल हैं, जिनमें रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, युजेंद्र चहल और भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. इसके अलावा क्रिकेट जगत और उद्योग जगत की कई बड़ी हस्तियां भी समारोह में शामिल हो सकती हैं.
कुलदीप की शादी में एक प्लेट 6000 रुपए की
मेहमानों के स्वागत के लिए भव्य इंतजाम किए गए हैं और आज से मेहमानों के आने का सिलसिला शुरू होने की उम्मीद है. जानकारी के अनुसार शादी के भोज में खास पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद भी मिलेगा. एक प्लेट खाने की कीमत 6 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है, जिसमें मंडुवे की रोटी, लाल चावल और कई पारंपरिक पहाड़ी डिशेज शामिल होंगी.
कौन हैं कुलदीप की होने वाली दुल्हन
कुलदीप ने 4 जून जून 2025 को को लखनऊ में एक निजी समारोह में वंशिका से सगाई की थी. कुलदीप और वंशिका की बात की जाए तो दोनों एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं. दोनों ही मूल रूप से कानपुर के रहने वाले हैं, उनकी दोस्ती सालों पहले शुरू हुई और रिश्ता प्यार में बदल गया. वंशिका का जन्म और पालन-पोषण कानपुर के श्याम नगर इलाके में हुआ.वंशिका वर्तमान में ऑस्ट्रेलिया में अपनी हायर एजुकेशन कंपलीट करने के बाद वहीं नौकरी कर रही हैं.