महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम का शानदार सफर जारी है. अपने दूसरे मैच में टीम इंडिया ने नीदरलैंड को मुकाबले में 95 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया. इस मैच में जहां ओपनर स्मृति मंधाना ने 74 रनों की तूफानी पारी खेली, वहीं गेंद के साथ श्रीचरणी ने विरोधी टीम पर कहर बरपा दिया. लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 209 रन बनाए, जो वर्ल्ड कप के इतिहास में टीम इंडिया का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है. जवाब में नीदरलैंड की पूरी टीम सिर्फ 114 रन पर ढेर हो गई. इस बड़ी जीत के साथ ही भारतीय टीम पॉइंट्स टेबल में ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़कर नंबर वन बन गई है.
नीदरलैंड की कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन भारतीय ओपनर्स ने उनके इस फैसले को शुरू में ही गलत साबित कर दिया. स्मृति मंधाना के साथ शेफाली वर्मा ने मैदान पर कदम रखते ही विरोधी गेंदबाजों की लाइन-लेंथ बिगाड़ दी. इस जोड़ी ने सिर्फ 70 गेंदों पर 115 रन बोर्ड पर लगा दिए. शेफाली वर्मा ने 38 गेंदों में 55 रनों की तेज पारी खेलकर आउट हुईं. उनके जाने के बाद भी मंधाना क्रीज पर डटी रहीं. उन्होंने 47 गेंदों पर 74 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल था. इस कड़क बल्लेबाजी के लिए स्मृति को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला.
मध्य ओवरों में कुछ विकेट जरूर गिरे, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने रन गति नहीं रुकने दी. जेमिमा रोड्रिगेज ने 19 रन बनाए. अंत में ऋचा घोष ने नाबाद 20 रनों की उपयोगी पारी खेली, वहीं दीप्ति शर्मा ने आखिरी दो गेंदों पर एक चौका और एक छक्का लगाकर टीम के स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया. इन छोटी पारियों की बदौलत भारत 209 के विशाल स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा.
श्री चरणी की फिरकी में फंसा नीदरलैंड
210 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की शुरुआत ठीक रही. टीम ने 34 रन तक सिर्फ एक विकेट गंवाया था. हालांकि, इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली. लेफ्ट आर्म स्पिनर श्री चरणी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 19 रन देकर 4 विकेट झटके. उनकी सटीक लाइन-लेंथ के सामने नीदरलैंड्स के बल्लेबाज टिक नहीं सके.
मैच का सबसे बड़ा रोमांच बिल्कुल आखिरी पलों में देखने को मिला. भारतीय गेंदबाजों ने गजब की लाइन पर बॉलिंग करते हुए नीदरलैंड के आखिरी पांच विकेट सिर्फ नौ गेंदों के भीतर समेट दिए. पूरी नीदरलैंड टीम 114 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत ने 95 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया. लगातार दूसरी जीत के साथ टीम इंडिया का आत्मविश्वास अब सातवें आसमान पर है.