साउथ अफ्रीका ने टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को पारी और 31 रनों से हराया. इस जीत के चलते मेजबान चीम तीन मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली. इस जीत का असर वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2025-27 की अंक तालिका पर भी पड़ा है. ऑस्ट्रेलिया शीर्ष स्थान पर बरकरार है, लेकिन उसका अंक प्रतिशत (PCT) घट गया है. वहीं, साउथ अफ्रीका ने तीसरे स्थान पर रहते हुए शीर्ष टीमों के साथ अपना अंतर कम कर लिया है.
गकेबरहा के सेंट जॉर्ज पार्क में साउथ अफ्रीका के हाथों मिली हार के बाद ऑस्ट्रेलिया का अंक प्रतिशत 81.82 से घटकर 75.00 हो गया है. टीम 12 टेस्ट में नौ जीत के साथ पहले स्थान पर है. न्यूजीलैंड 72.22 प्रतिशत अंको के साथ दूसरे नंबर पर कायम है.
दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका का अंक प्रतिशत 60.00 से बढ़कर 66.67 हो गया है. साउथ अफ्रीकी टीम छह टेस्ट में चार जीत और दो हार के साथ तीसरे स्थान पर बनी हुई है. अब ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच अंतर 8.33 प्रतिशत अंकों का है,
वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में बांग्लादेशी टीम चौथे स्थान पर है, जबकि शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम पांचवें नंबर पर बनी हुई है. बांग्लादेश का अंक प्रतिशत 55.56, जबकि भारत का पीसीटी 51.52 है.

इंग्लैंड की टीम 38.54 पीसीटी के साथ छठे स्थान पर है. इसके बाद क्रमश: श्रीलंका (33.33), वेस्टइंडीज (20.83) और पाकिस्तान (4.63) का नंबर आता है.
पहला टेस्ट जीतकर बढ़त बनाने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम को अब सीरीज जीतने के लिए आखिरी मुकाबला जीतना होगा. वहीं, साउथ अफ्रीका के पास घरेलू मैदान पर सीरीज अपने नाम करने और डब्ल्यूटीसी तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने का मौका है.