
भारतीय महिला क्रिकेट टीम में हुए बड़े बदलाव के बाद ड्रेसिंग रूम में मनमुटाव या विवाद की तमाम चर्चाओं पर अब पूरी तरह विराम लग गया है. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी छोड़ने के बाद से ही टीम के माहौल को लेकर कई तरह की खबरें सामने आ रही थी.
टीम की कमान संभालने के बाद स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर को लेकर एक बेहद इमोशनल मैसेज शेयर किया है. मंधाना के इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर फैन्स का दिल जीत लिया है.
हरमनप्रीत कौर ने अपनी कप्तानी कार्यकाल के दौरान भारतीय टीम के लिए कई उपलब्धियां हासिल की. इसमें साल 2025 का महिला वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीतना और लगातार दो एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल हासिल करना शामिल है .
हालांकि, हाल ही में हरमनप्रीत के सभी फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने और स्मृति मंधाना को नया कप्तान बनाए जाने के बाद दोनों सीनियर खिलाड़ियों के बीच अनबन की खबरें सामने आ रही थीं. इन तमाम अटकलों पर पानी फेरते हुए स्मृति मंधाना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर हरमनप्रीत कौर की एक तस्वीर शेयर की.

हरमनप्रीत कौर पर क्या बोलीं मंधाना?
हरमनप्रीत कौर की तस्वीर शेयर करते हुए मंधाना ने लिखा कि आपके साथ इतने सालों तक खेलना बेहद सुखद रहा है. आपकी कप्तानी के 10 साल शानदार रहे हैं और हम सब मिलकर देश के लिए आगे भी कई और गौरव हासिल करने का प्रयास करेंगे.
मंधाना के सामने बड़ी जिम्मेदारी
हरमनप्रीत कौर ने यह स्पष्ट कर दिया है कि कप्तानी छोड़ने का यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह रही हैं.
हरमनप्रीत आगे भी एक खिलाड़ी के रूप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करती रहेंगी और नए नेतृत्व को पूरा समर्थन देंगी. इसका मतलब साफ है कि मंधाना को बतौर कप्तान जो भी कठिनाई आएगी उसमें हरमनप्रीत कौर उनका भरपूर साथ देंगी.
स्मृति मंधाना के लिए यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की सबसे बड़ी कप्तानी जिम्मेदारी है. इससे पहले मंधाना 18 टी20 और 4 वनडे मैचों में भारत की कप्तानी कर चुकी हैं. इसके साथ ही महिला प्रीमियर लीग (WPL) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को दो बार खिताब दिला चुकी हैं.