भारत और इंग्लैंड के बीच बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर मंगलवार को खेले गए पहले वनडे मुकाबले में रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रही. करीब छह महीने बाद वनडे में एक साथ मैदान पर उतरी यह अनुभवी जोड़ी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रही. रोहित शर्मा 11 रन बनाकर आउट हुए, जबकि विराट कोहली महज पांच रन ही जोड़ सके.
259 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने अच्छी शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 43 रन जोड़े, लेकिन आठवें ओवर में सैम करन ने इस साझेदारी को तोड़ दिया.
रोहित ने करन की गेंद पर आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन टाइमिंग सही नहीं रही. गेंद सीधा मिड-ऑफ पर खड़े हैरी ब्रूक के हाथों में चली गई और भारत को 43 रन पर पहला झटका लगा.
आर्चर के सामने नहीं टिके विराट
रोहित के आउट होने के बाद विराट कोहली से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके. जोफ्रा आर्चर ने पहले उन्हें बाउंसर पर चौका खाने के बाद अगली गेंद फुल-लेंथ रखी. कोहली फ्लिक शॉट खेलने की कोशिश में पूरी तरह चूक गए और गेंद सीधे पैड पर लगी.
Virat Kohli = GONE! ❌ pic.twitter.com/OoYriwqcYl
— England Cricket (@englandcricket) July 14, 2026
इंग्लैंड की जोरदार अपील पर अंपायर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट दिया. कोहली ने शुभमन गिल से डीआरएस लेने पर चर्चा जरूर की, लेकिन आखिरकार रिव्यू नहीं लिया और छह गेंदों में पांच रन बनाकर पवेलियन लौट गए.
वहीं इस मुकाबले में अनुभवी केएल राहुल से उम्मीद थी कि वो संभलकर खेलेंगे, लेकिन वो भी जोश टंग की गेंद पर 1 रन पर बोल्ड हो गए. केएल राहुल ने महज 3 गेंदें खेलीं और चलते बने. कुल मिलाकर भारतीय टीम के जिन तीन अनुभवी खिलाड़ियों रोहित, कोहली, राहुल से उम्मीद थी, उन्होंने एजबेस्टन वनडे में निराश किया.