Pakistan Asian Games squad: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 2026 एशियन गेम्स के लिए पुरुष क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है. इस बार टीम की कमान टी20 क्रिकेट में रिकॉर्ड बनाने वाले साहिबजादा फरहान को सौंपी गई है. एशियन गेम्स का आयोजन 13 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची प्रीफेक्चर स्थित कोरोगी एथलेटिक पार्क में होगा.
सबसे बड़ी बात यह है कि पाकिस्तान की इस टीम में बाबर आजम, शाहीन शाह अफरीदी और सलमान अली आगा जैसे सीनियर खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली है. सेलेक्टर्स ने युवा खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं पर भरोसा जताया है. सलमान अली आगा इससे पहले टी20 टीम के कप्तान थे, उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम की कमान संभाली थी. वहीं बाबर और शाहीन भी टी20 वर्ल्ड कप मे टीम में शामिल थे. लेकिन उनकी टीम से छुट्टी कर दी गई है. कुल मिलाकर पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने यह बड़ा एक्शन लिया है.
साहिबजादा फरहान कप्तान होंगे, जबकि अब्दुल समद को उपकप्तान बनाया गया है. 15 सदस्यीय टीम में चार ऐसे खिलाड़ी भी शामिल हैं जिन्होंने अभी तक पाकिस्तान के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया है. इनमें आकिफ जावेद, अली रजा, माज सदाकत और साद मसूद शामिल हैं. टीम के 15 में से 14 खिलाड़ी 15 जून से लाहौर में शुरू होने वाले नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) के व्हाइट-बॉल कैम्प का हिस्सा होंगे.
फरहान को कप्तानी मिलने के पीछे उनका शानदार टी20 रिकॉर्ड है. उन्होंने 46 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 137 की स्ट्राइक रेट से 1305 रन बनाए हैं. साल 2026 के टी20 वर्ल्ड कप में उन्होंने 383 रन बनाकर एक संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया था. इसके अलावा टी20 क्रिकेट में उनके नाम 9 शतक हैं, जो उन्हें इस फॉर्मेट के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल करते हैं.
2026 एशियन गेम्स पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी. मेजबान जापान के अलावा भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान जैसी पूर्ण सदस्य टीमें खेलेंगी. वहीं हॉन्ग कॉन्ग, मलेशिया, नेपाल और ओमान ने क्वालिफाई किया है.
पाकिस्तान का एशियन गेम्स में रिकॉर्ड शानदार रहा है. टीम ने 2010 ग्वांगझू और 2014 इंचियोन एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था. हालांकि 2022 हांगझोऊ एशियन गेम्स में पाकिस्तान चौथे स्थान पर रहा था. ऐसे में इस बार टीम की नजर फिर से गोल्ड मेडल जीतने पर होगी.
पाकिस्तान की 2026 एशियन गेम्स स्क्वॉड: साहिबजादा फरहान (कप्तान), अब्दुल समद (उपकप्तान), उस्मान खान (विकेटकीपर), अबरार अहमद, अहमद दानियाल, आकिफ जावेद, अली रजा, अराफात मिन्हास, हैदर अली, हसन नवाज, माज़ सदाकत, मोहम्मद सलमान मिर्जा, साद मसूद, सैम अयूब और सुफियान मुकीम.
ध्यान रहे पाकिस्तान की टीम आखिरी बार टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलती दिखी थी, तब से अब के स्क्वॉड में बड़ा परिवर्तन हुआ है.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐसी थी पाकिस्तानी टीम: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमां, ख्वाजा नफाय (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सैम अयूब, शाहीन शाह आफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर) और उस्मान तारिक.