रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा ने खुलासा किया है कि आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले उनके पिता का निधन हो गया था. उन्होंने कहा कि टीम से बाहर होने की वजह से उन्हें अपने पिता के आखिरी दिनों में उनके साथ रहने का मौका मिला.
जितेश शर्मा की जगह चयनकर्ताओं ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान किशन को टीम में शामिल करने का फैसला किया था. समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में जितेश ने कहा कि जब उन्हें टीम से बाहर किए जाने की खबर मिली तो वह थोड़े निराश जरूर हुए थे, लेकिन बाद में उन्हें एहसास हुआ कि उस समय उनके पिता को उनकी ज्यादा जरूरत थी.
उन्होंने कहा, 'जब मुझे पता चला कि मैं टीम में नहीं हूं, तो शुरुआत में थोड़ा दुख हुआ. आखिर मैं भी इंसान हूं. लेकिन परिवार और दोस्तों ने मुझे संभाला. इसी बीच मेरे पिता बीमार पड़ गए और 1 फरवरी को उनका निधन हो गया. मैं उनके साथ सात दिन तक रहा.' टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल जीता और लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की.
जितेश शर्मा ने कहा कि उस समय पिता का साथ देना वर्ल्ड कप खेलने से भी ज्यादा जरूरी था. जितेश ने बताया, 'बाद में मुझे लगा कि मेरे पिता को मेरी ज्यादा जरूरत थी. इसलिए अब मुझे कोई पछतावा नहीं है. मैं भगवान का शुक्रगुजार हूं कि मैं उनके आखिरी दिनों में उनके साथ था और उनकी देखभाल कर सका.'
जितेश शर्मा ने बताया कि उन्होंने घर से ही टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले देखे और टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत से काफी खुश हैं. उन्होंने कहा, 'घर से वर्ल्ड कप देखना एक अलग और ज्यादा तनाव भरा अनुभव था. लेकिन मैं टीम के लिए बहुत खुश हूं. खिलाड़ियों ने कोच, कप्तान और टीम के विजन को पूरा किया और इस लक्ष्य के लिए बहुत मेहनत की.'
जितेश शर्मा अब आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 के लिए तैयारी में जुट गए हैं. वह पिछले सीजन की चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते नजर आएंगे. उन्होंने बताया कि टीम का हाल ही में एक छोटा कैम्प हुआ था और सभी खिलाड़ी अच्छी तैयारी कर रहे हैं. जितेश ने कहा, 'हमारे सीईओ ने कह कि हम ट्रॉफी को डिफेंड नहीं कर रहे, बल्कि फिर से उसे जीतने के लिए खेल रहे हैं. यह बहुत बड़ी सोच है क्योंकि जब आप किसी चीज के पीछे भागते हैं तो आपका रवैया आक्रामक होता है.'
जितेश शर्मा ने पिछले आईपीएल सीजन में आरसीबी की पहली खिताबी जीत में अहम योगदान दिया था. उन्होंने 11 पारियों में 176.35 की स्ट्राइक रेट से 261 रन बनाए और फिनिशर की भूमिका निभाई. आईपीएल 2026 में आरसीबी अपने खिताब की शुरुआत 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में करेगी.