scorecardresearch
 

IPL में RCB के चैम्प‍ियन कप्तान रजत पाटीदार MPPL में फेल, पहले मैच में नहीं चला जादू, छा गए माधव त‍िवारी

आईपीएल 2026 में चैम्प‍ियन टीम की कप्तानी करने वाले रजत पाटीदार मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग के पहले मुकाबले में प्रभाव नहीं छोड़ सके. उनकी कप्तानी वाली ग्वालियर चीता 222 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 129 रन पर सिमट गई. पाटीदार 8 गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हुए, जबकि उज्जैन फाल्कंस ने 92 रन की बड़ी जीत दर्ज की.

Advertisement
X
ना चला कप्तान का जादू, ना बची टीम की लाज; MPPL में पाटीदार की निराशाजनक शुरुआत (Photo: instagram@/mpleaguet20)
ना चला कप्तान का जादू, ना बची टीम की लाज; MPPL में पाटीदार की निराशाजनक शुरुआत (Photo: instagram@/mpleaguet20)

मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPPL) 2026 के उद्घाटन मुकाबले में सभी की नजरें हाल ही में आईपीएल विजेता टीम की कप्तानी कर चुके रजत पाटीदार पर थीं, लेकिन स्टार बल्लेबाज उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके. उनकी कप्तानी वाली ग्वालियर चीता को उज्जैन फाल्कंस ने 92 रन के बड़े अंतर से हराकर टूर्नामेंट में शानदार आगाज किया.

इंदौर के होलकर स्टेडियम में 3 जून (बुधवार) को खेले गए मुकाबले में उज्जैन फाल्कंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 221 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में ग्वालियर चीता की पूरी बल्लेबाजी बिखर गई और टीम 14.2 ओवर में 129 रन पर सिमट गई.

पाटीदार से थी बड़ी उम्मीद, लेकिन नहीं खेल पाए बड़ी पारी
222 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए ग्वालियर चीता को तेज शुरुआत की जरूरत थी. हालांकि कप्तान रजत पाटीदार नंबर-5 पर बल्लेबाजी करने उतरे और सिर्फ 8 गेंदों में 11 रन बनाकर ऋष‍ि म‍िगलानी की गेंद पर एलबीडब्लू आउट हो गए. उन्होंने एक चौका लगाया, लेकिन टीम को संकट से बाहर नहीं निकाल सके.

आईपीएल में कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों से प्रभावित करने वाले पाटीदार का यह प्रदर्शन उनके फैन्स के लिए निराशाजनक रहा. जब वह क्रीज पर आए तब टीम दबाव में थी और उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह उसे पूरा नहीं कर सके.

Advertisement

उज्जैन फाल्कंस के बल्लेबाजों ने मचाया धमाल
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए उज्जैन फाल्कंस की शुरुआत शानदार रही. यश दुबे ने 26 गेंदों में 37 रन बनाए, जबकि कप्तान चंचल राठौर ने सिर्फ 17 गेंदों पर 33 रन की विस्फोटक पारी खेली.

इसके बाद मध्यक्रम में माधव तिवारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. उन्होंने सिर्फ 31 गेंदों में 62 रन ठोक दिए, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल रहे. आर्यन पांडे ने भी 7 गेंदों में 19 रन की तेज पारी खेली. टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 221/6 का विशाल स्कोर खड़ा किया.

ग्वालियर की ओर से ईशान अफरीदी सबसे किफायती गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 27 रन देकर 1 विकेट लिया. वहीं सौम्य पांडे ने 56 और आकाश रघुवंशी ने 50 रन खर्च किए. रघुवंशी को 2 व‍िकेट मिले. 

लक्ष्य का पीछा करते हुए बिखर गई ग्वालियर चीता
222 रन के जवाब में ग्वालियर चीता की शुरुआत खराब रही. पार्थ चौधरी ने 18 गेंदों में 46 रन बनाकर कुछ उम्मीद जगाई, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे.

कुलदीप गेही (9), कार्तिक परिहार (9), अर्पित पटेल (4), विकाश शर्मा (18), मंगेश यादव (2), सौम्य पांडे (1) और ईशान अफरीदी (5) सस्ते में पवेलियन लौट गए. कप्तान रजत पाटीदार भी बड़ी पारी नहीं खेल सके. आकाश रघुवंशी ने 11 गेंदों में 16 रन बनाए जबकि अनुभाव अग्रवाल 7 रन बनाकर नाबाद लौटे, लेकिन तब तक मुकाबला पूरी तरह उज्जैन फाल्कंस की पकड़ में जा चुका था.

Advertisement

गेंदबाजों ने दिलाई एकतरफा जीत
उज्जैन फाल्कंस की जीत में आयुष मानकर सबसे बड़े हीरो साबित हुए. उन्होंने 4 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट झटके. माधव तिवारी ने बल्ले के बाद गेंद से भी कमाल किया और 1.2 ओवर में 11 रन देकर 2 विकेट हासिल किए. गजेंद्र गोस्वामी ने भी 2 विकेट लिए, जबकि पूरी टीम ने मिलकर ग्वालियर चीता की बल्लेबाजी को 14.2 ओवर में समेट दिया.

MPPL 2026 का पहला मुकाबला पूरी तरह उज्जैन फाल्कंस के नाम रहा, जबकि रजत पाटीदार और उनकी टीम को अगले मैच में वापसी के लिए काफी सुधार करना होगा.

कब होगा MPPL का फाइनल 
MPPL में कुल म‍िलाकर 10 टीमें खेल रही हैं. इसकी शुरुआत इस साल 3 जून को हुई, वहीं फाइनल मुकाबला 26 जून को इंदौर के होलकर स्टेड‍ियम में खेला जाना है. वहीं दोनों सेमीफाइनल 25 जून को ही होलकर स्टेड‍ियम में होंगे. 


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement