scorecardresearch
 

जिस सांप ने डसा, उसे ही हाथ में लेकर अस्पताल पहुंचा युवक, डॉक्टरों के सामने खड़ी हुई नई मुसीबत

बांदा में सांप के काटने के बाद एक युवक जिंदा सांप को हाथ में लेकर जिला अस्पताल पहुंच गया. युवक को इस हालत में देखकर अस्पताल में हड़कंप मच गया. मेडिकल स्टाफ ने सांप को बाहर छोड़ने के लिए कहा, लेकिन वह तैयार नहीं हुआ. काफी समझाने के बाद उसने सांप को डिब्बे में बंद किया, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया.

Advertisement
X
मरीज के हाथ में सांप देख डॉक्टर भी हुए हैरान. (Photo: Screengrab)
मरीज के हाथ में सांप देख डॉक्टर भी हुए हैरान. (Photo: Screengrab)

उत्तर प्रदेश के बांदा जिला अस्पताल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक हाथ में जिंदा सांप लेकर इलाज कराने पहुंच गया. युवक को इस हालत में देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए. अस्पताल में मौजूद मेडिकल स्टाफ भी सांप को देखकर सतर्क हो गया. सांप के काटने की बात बताने वाले युवक के हाथ में जिंदा सांप होने के कारण इलाज शुरू करने से पहले उसे समझाने की कोशिश की गई. मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के क्योटरा का है. जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम एक युवक को सांप ने काट लिया था. इसके बाद वह सांप को हाथ में लेकर जिला अस्पताल पहुंच गया. युवक को सांप के साथ देखकर अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई. हर कोई इस अजीबोगरीब घटना को देखकर हैरान था.

अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ ने युवक से सांप को अस्पताल परिसर से बाहर छोड़ने के लिए कहा. स्टाफ को चिंता थी कि अगर सांप को अस्पताल में छोड़ दिया गया, तो वहां इलाज कराने आए दूसरे मरीजों के लिए भी खतरा पैदा हो सकता है. हालांकि, युवक सांप को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हुआ. मेडिकल स्टाफ ने उसे काफी समझाया. काफी देर तक समझाने के बाद युवक सांप को डिब्बे में बंद करने के लिए तैयार हुआ. इसके बाद सांप को डिब्बे में रखा गया और डॉक्टरों ने युवक का इलाज शुरू किया. हालांकि, युवक ने सांप को बाहर छोड़ने के बजाय डिब्बे को अपने पास ही रखा.

नशे में था युवक, डॉक्टरों की निगरानी में इलाज

जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. पीके गुप्ता ने बताया कि युवक अस्पताल में हाथ में जिंदा सांप लेकर आया था. उसने डॉक्टरों को बताया कि सांप ने उसे काट लिया है. डॉक्टर के मुताबिक, युवक नशे में था. उसे भर्ती कर लिया गया है और उसका इलाज किया जा रहा है.

Advertisement

डॉ. गुप्ता ने बताया कि युवक को समझाया गया था कि वह सांप को अस्पताल से बाहर छोड़ आए, क्योंकि इससे अस्पताल में मौजूद दूसरे लोगों के लिए खतरा हो सकता है. लेकिन युवक सांप को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हुआ. बाद में समझाने पर उसने सांप को डिब्बे में बंद कर दिया. इसके बावजूद वह डिब्बे को अपने पास ही रखे हुए था.

अस्पताल में सांप को लेकर चर्चा, मरीजों की सुरक्षा की चिंता

इस घटना के दौरान अस्पताल में मौजूद लोग युवक और उसके साथ रखे सांप को देखकर हैरान रह गए. मेडिकल स्टाफ ने युवक को साफ तौर पर बताया कि अस्पताल परिसर में सांप को खुला छोड़ना दूसरे मरीजों और लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है. इसी वजह से उसे सांप को डिब्बे में बंद रखने के लिए समझाया गया. फिलहाल, युवक को अस्पताल में भर्ती करके डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है. डॉक्टर उसकी हालत को देखते हुए इलाज कर रहे हैं. वहीं, जिंदा सांप को हाथ में लेकर अस्पताल पहुंचने का यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement