इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में शुक्रवार (10 अप्रैल) को राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन उसे वो बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर पाए. कोहली ने सिर्फ 16 गेंदों पर 32 रन बनाए, जिसमें 7 चौके शामिल रहे.
विराट कोहली तेजी से रन बटोर रहे थे और बड़ी पारी की ओर बढ़ते दिख रहे थे, लेकिन पांचवें ओवर में लेग-स्पिनर ने उनकी पारी पर ब्रेक लगा दिया.बिश्नोई की एक सीधी और सटीक गेंद को कोहली समझ नहीं पाए. वह बड़ा शॉट खेलने के लिए आगे बढ़े, लेकिन गेंद उनके बल्ले और पैड के बीच से निकलकर सीधे स्टम्प्स से जा टकराई. यह क्लासिक 'यू मिस आई हिट' जैसा पल था, जहां गेंदबाज ने बल्लेबाज की गलती का पूरा फायदा उठाया.
आउट होने के बाद विराट कोहली काफी निराश नजर आए. वह जिस अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे, उससे उम्मीद थी कि वह इस मुकाबले में बड़ी पारी खेलने में जरूर कामयाब होंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका.
देखा जाए तो इंडियन प्रीमियर लीग में रवि बिश्नोई ने दूसरी बार विराट कोहली को आउट किया है. इस स्पिनर के खिलाफ कोहली ने अब तक आईपीएल में 44 गेंदों पर 37 रन बनाए हैं. इस दौरान कोहली का स्ट्राइक रेट 84.1 रहा है. इन आंकड़ों से पता चलता है कि बिश्नोई के खिलाफ विराट कोहली तेजी से रन नहीं बना पाए हैं.
विराट कोहली का विकेट विपक्षी टीम के लिए अहम था, क्योंकि वह टीम को तेज शुरुआत दिला चुके थे. उनके आउट होते ही रन गति पर असर पड़ा और विपक्षी टीम को मैच में वापसी का मौका मिल गया. हालांकि रजत पाटीदार के 63 रनों की बदौलत आरसीबी ने 8 विकेट पर 201 रन बना डाले.
राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग XI: यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरॉन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई और बृजेश शर्मा.
इम्पैक्ट सब: वैभव सूर्यवंशी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग XI: फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), क्रुणाल पंड्या, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह और जोश हेजलवुड.
इम्पैक्ट सब: वेंकटेश अय्यर.