NEET यूजी पेपर लीक को लेकर दिल्ली के जंतर मंतर पर खूब विरोध हुआ. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई कार्रवाई में IIT पटना की छात्रा तोशिवा यादव घायल हो गई थी. अब इस मामले में उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया है.
तोशिवा यादव ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर मांग की है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई के लिए पूरे देश में एक SOP तैयार कर उसे लागू किया जाए. साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों की वर्दी पर नेम बैज अनिवार्य करने की भी मांग की है. जिससे ऐसी कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों की पहचान हो पाए.
इसके अलावा, प्रदर्शन के दौरान घायल हुए लोगों को उचित चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने की भी मांग इस याचिका में की गई. सुप्रीम कोर्ट इस याचिका पर सोमवार को सुनवाई कर सकता है.
यह भी पढ़ें: फैक्ट चेक: जंतर मंतर वाले जुनैद पर उनके साले ने लगाए धर्मांतरण के आरोप? नहीं, ये जुनैद कोई और है
पहले ही, सुप्रीम कोर्ट दिल्ली सरकार को जंतर मंतर पर हुए प्रोटेस्ट के दौरान घायल हुए लोगों को उचित चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश दे चुका है. अब इस मामले में दायर याचिकाओं को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने तीन अगस्त को सुनवाई की तारीख तय की है.
IIT पटना में पढ़ने वाली 27 वर्षीय तोशिवा दिल्ली के जंतर मंतर पर 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन में घायल हो गई थी. ऐसे में, उन्होंने हस्तक्षेप याचिका दायर की है. उनकी मांग है कि प्रदर्शन के दौरान भीड़ नियंत्रण करने के लिए एक समान प्रक्रिया का पालन होना चाहिए. एक समान SOP का पालन किया जाना चाहिए.
साथ ही, याचिका में पुलिसकर्मियों के लिए नेम बैज और घायलों के लिए उचित इलाज की मांग की गई है.
दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुई पुलिसिया कार्रवाई को लेकर देश भर में तरह-तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं. बीते दिनों, दिल्ली में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने प्रेस कॉन्फ्रें कर दिल्ली पुलिस का साथ दिया था.