भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार (4 जुलाई) को खेला गया. मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में हुए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने भारतीय टीम पर चार विकेट से जीत हासिल की. इंग्लैंड को जीत के लिए 191 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने 6 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया. इंग्लैंड की जीत के हीरो जैकब बेथेल रहे.
जैकब बेथेल ने 46 बॉल पर नाबाद 76 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और पांच छक्के शामिल रहे. बता दें कि दोनों टीमों के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला चेस्टर-ले-स्ट्रीट में खेला गया था, जो बारिश के चलते बेनतीजा रहा था. अब भारतीय टीम इस मैच को हारकर सीरीज में 0-1 से पिछड़ चुकी है. टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला 7 जुलाई को खेला जाएगा.
रनचेज में इंग्लिश टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. पहले ही ओवर में अर्शदीप सिंह ने फिल साल्ट (0 रन) और जोस बटलर (0 रन) को पवेलियन भेज दिया. कप्तान हैरी ब्रूक ने इसके बाद मोर्चा संभाला. ब्रूक ने 4 चौके और 3 छक्के की मदद से 15 गेंदों पर 39 रन बना दिए. अक्षर पटेल ने हैरी ब्रूक का विकेट लिया. ब्रूक के आउट होने के समय इंग्लैंड का स्कोर 51/3 था.
यहां से टॉम बैंटन और जैकब बेथेल ने चौथे विकेट के लिए 67 रनों की बड़ी पार्टनरशिप की. बैंटन ने 6 चौके की सहायता से 32 बॉल पर 39 रन बनाए और उनका विकेट अर्शदीप सिंह ने लिया. विल जैक्स कुछ खास नहीं कर सके और 9 रनों के निजी स्कोर पर वरुण चक्रवर्ती का शिकार बने.
विल जैक्स के आउट होने के बाद जैकब बेथेल ने पूरी जिम्मेदारी ली और टीम को जीत दिलाई. 17वें ओवर में रवि बिश्नोई ने 29 रन लुटाए थे, जो टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. इससे पहले पारी के तीसरे ओवर में अर्शदीप सिंह ने भी 27 रन खर्च किए थे. हालांकि अर्शदीप इस मुकाबले में जरूर तीन विकेट लेने में कामयाब रहे.
ऐसी रही भारत की बैटिंग
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए सात विकेट पर 190 रन बनाए. टीम इंडिया के लिए पारी की शुरुआत वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने की. डेब्यूटेंट वैभव ने पहला इंटरनेशनल रन अपनी तीसरी गेंद पर बनाया, जब उन्होंने जोश टंग की गेंद को स्क्वायर लेग की तरफ खेला. फिर जब जोफ्रा आर्चर उनके सामने आए, तो उन्होंने इस गेंदबाज के खिलाफ पहली गेंद पर छक्का जड़ दिया. फिर उन्होंने जोश टंग को भी छक्का लगाया. हालांकि वैभव ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं सके. विल जैक्स ने उन्हें जोस बटलर के हाथों स्टम्प आउट कराया.
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया की कैप पहनते ही छलक पड़े वैभव सूर्यवंशी के आंसू, इमोशनल मोमेंट VIRAL
वैभव सूर्यवंशी ने 2 छक्के की मदद से 10 बॉल पर 14 रन बनाए. वैभव और अभिषेक शर्मा के बीच पहले विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी हुई. वैभव के बाद भारत ने अभिषेक शर्मा का विकेट खो दिया, जो शानदार बैटिंग कर रहे थे. अभिषेक ने 8 चौके और एक छक्के की मदद से 24 बॉल पर 43 रन बनाए. अभिषेक को सैम करन ने चलता किया.
इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 65 रन जोड़े. लियाम डॉसन ने श्रेयस अय्यर को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा. श्रेयस ने 3 चौके और एक छक्के की मदद से 22 बॉल पर 37 रन बनाए. फिर सैम करन ने शिवम दुबे के साथ-साथ ईशान किशन को भी आउट किया. ईशान किशन ने 6 चौके की मदद से 40 बॉल पर 49 रनों का योगदान दिया. वहीं शिवम के बल्ले से 5 रन निकले.
यह भी पढ़ें: जोश में खोया होश... इंटरनेशनल T20I डेब्यू पर वैभव खा गए गच्चा, विल जैक्स ने यूं किया शिकार, VIDEO
अक्षर पटेल 2 रन) और हर्षित राणा (6 रन) बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए. तारीफ करनी होगी तिलक वर्मा की, जिन्होंने 11 गेंदों पर 24 रन बनाकर भारत को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया. इंग्लैंड की तरफ से सैम करन ने तीन विकेट झटके. जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन और विल जैक्स को एक-एक सफलता हासिल हुई.
वैभव सूर्यवंशी ने किया डेब्यू
इस मुकाबले के जरिए 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया. वैभव ने उप-कप्तान तिलक वर्मा के हाथों डेब्यू कैप रिसीव किया. वैभव को संजू सैमसन की जगह प्लेइंग-11 में जगह मिली. वहीं इंग्लैंड की ओर से जोश टंग ने टी20 इंटरनेशनल में पदार्पण किया.
भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 32 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान भारतीय टीम ने 18 मैचों में जीत हासिल की. जबकि इंग्लैंड ने 13 मुकाबले जीते. एक मैच का नतीजा भी नहीं निकला. यानी आंकड़ों में भारतीय टीम का पलड़ा इंग्लैंड के खिलाफ भारी रहा है.
भारत vs इंग्लैंड (h2h)
कुल टी20I मैच: 32
भारत ने जीते: 18
इंग्लैंड ने जीते: 13
बेनतीजा: 1
भारत की प्लेइंग-11: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई और वरुण चक्रवर्ती.
इंग्लैंड की प्लेइंग-11: फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, जोफ्रा आर्चर और जोश टंग.
भारत का स्क्वॉड: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हर्षित राणा, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, सूर्यांश शेडगे, प्रिंस यादव, वॉशिंगटन सुंदर, वैभव सूर्यवंशी और प्रसिद्ध कृष्णा
इंग्लैंड का स्क्वॉड: फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग, ल्यूक वुड, साकिब महमूद, जॉर्डन कॉक्स, जेम्स कोल्स, रेहान अहमद और सोनी बेकर