scorecardresearch
 

India vs AFG Test Highlights, Day 2: मुल्लांपुर टेस्ट पर टीम इंडिया ने बनाई पकड़... अफगानिस्तान के 5 विकेट धड़ाम, डेब्यूटेंट मानव सुथार का कहर

India (IND) vs Afghanistan (AFG) Test, Day 2: मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच इकलौता टेस्ट मैच खेला जा रहा है. इस मुकाबले में भारत ने अपनी पहली पारी में विशाल स्कोर बनाया. फिर अफगानिस्तान की पहली इनिंग्स लड़खड़ा गई.

Advertisement
X
भारत-अफगानिस्तान टेस्ट मैच में दूसरे दिन का खेल समाप्त... (Photo: BCCI)
भारत-अफगानिस्तान टेस्ट मैच में दूसरे दिन का खेल समाप्त... (Photo: BCCI)

भारत और अफगानिस्तान के बीच मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़) के महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में टेस्ट मैच खेला जा रहा है. इस मुकाबले में दूसरे दिन (7 जून) का खेल खत्म हो चुका है. दूसरे दिन स्टम्प तक अफगानिस्तान का स्कोर पहली पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 113 रन है. रहमत शाह 43 रन पर नॉटआउट हैं. पहली पारी के आधार पर अफगानी टीम अब भी 451 रनों से पीछे है. भारत की ओर से डेब्यूटेंट खिलाड़ी मानव सुथार ने तीन विकेट झटके हैं.

मुकाबले में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 8 विकेट पर 564 रन बनाकर घोषित की. भारत की ओर से कप्तान शुभमन गिल (126 रन) और केएल राहुल (100 रन) ने शतक जड़े. मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीता था और पहले बैटिंग करने का निर्णय लिया था.

अफगानिस्तान की पहली पारी में शुरुआत कुछ खास नहीं रही. अब्दुल मलिक सिर्फ 16 रन बनाकर चलते बने. उनका विकेट डेब्यूटेंट मानव सुथार ने झटका. इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने एक बेहतरीन गेंद पर सेदिकुल्लाह अटल (17 रन) की गिल्लियां उड़ा दीं. फिर सुथार ने रहमानुल्लाह गुरबाज (12 रन) को आउट कर अफगानिस्तान को बैकफुट पर ढकेला.

अफगानिस्तान टीम के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी (20 रन) लय में दिख रहे थे, लेकिन वो बड़ी पारी नहीं खेल सके. शाहिदी को प्रसिद्ध कृष्णा ने आउट किया. फिर दूसरे दिन स्टम्प से ठीक पहले मानव सुथार ने अफसर जजई (3 रन) को आउट कर अफगानिस्तान को पांचवां झटका दे दिया. अब अफगानी टीम की सारी उम्मीदें रहमत शाह पर टिकी हुई हैं.

Advertisement

अफगानिस्तान की पहली पारी का स्कोरकार्ड: (113/5, 39.5 ओवर)

बल्लेबाज विकेट रन
अब्दुल मलिक कॉट मोहम्मद सिराज, बोल्ड मानव सुथार 16
सेदिकुल्लाह अटल बोल्ड प्रसिद्ध कृष्णा 17
रहमानुल्लाह गुरबाज कॉट साई सुदर्शन, बोल्ड मानव सुथार 12
रहमत शाह नाबाद 43*
हशमतुल्लाह शाहिदी LBW प्रसिद्ध कृष्णा 20
अफसर जजई कॉट एंड बोल्ड मानव सुथार 3

विकेट पतन: 28-1 (अब्दुल मलिक, 5.4 ओवर), 40-2 (सेदिकुल्लाह अटल, 8.4 ओवर), 62-3 (रहमानुल्लाह गुरबाज, 19.2 ओवर), 98-4 (हशमतुल्लाह शाहिदी, 32.2 ओवर), 113-5 (अफसर जजई, 39.5 ओवर)

भारत की पहली पारी: सफी ने झटके 6 विकेट
मुकाबले का पहला दिन पूरी तरह भारतीय टीम के नाम रहा था. केएल राहुल ने अपना 12वां टेस्ट शतक जड़ते हुए 165 बॉल पर 100 रन बनाए. राहुल ने अपनी इनिंग्स में 11 चौके जड़े. कप्तान शुभमन गिल ने भी 11 चौके और एक छक्के की मदद से 138 बॉल पर शतक पूरा किया. गिल के टेस्ट करियर की ये 11वीं सेंचुरी रही. साई सुदर्शन ने 81 और यशस्वी जायसवाल ने 24 रन बनाए. पहले दिन के खेल के आखिर में ऋषभ पंत ने भी अपनी फिफ्टी पूरी की.

दूसरे दिन के खेल के पहले सेशन में शुभमन गिल और ऋषभ पंत ने संभली शुरुआत की. अफगानी गेंदबाजों ने भी इस दौरान सटीक लेंथ पर गेंदबाजी की. मोहम्मद सलीम सफी ने शुभमन को आउट कर भारत को चौथा झटका दिया. शुभमन ने 15 चौके और एक छक्के की मदद से 177 गेंदों पर 126 रन बनाए. शुभमन और पंत के बीच चौथे विकेट के लिए 169 रनों की साझेदारी हुई. शुभमन के बाद क्रीज पर उतरे ध्रुव जुरेल (19 रन) कुछ खास नहीं कर पाए और उन्हें सलीम सफी ने बोल्ड किया.

Advertisement

ऋषभ पंत के पास शतक जड़ने का सुनहरा मौका था, लेकिन वो कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी की गेंद पर बड़ा शॉट खेलनी की कोशिश में लपके गए. ऋषभ ने 121 बॉल पर 81 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. डेब्यूटेंट मानव सुथार के रूप में भारत का सातवां विकेट गिरा.

मानव सुथार को मोहम्मद सलीम सफी ने चलता किया और अपना 'पंजा' खोला. सफी ने फिर मोहम्मद सिराज को भी आउट किया, जिन्होंने 12 बॉल पर 22 रन बनाए. वॉशिंगटन सुंदर 52 और कुलदीप 9 रनों पर नॉटआउट रहे. अफगानिस्तान की ओर से सफी ने सबसे ज्यादा 6 विकेट झटके.

भारत की पहली पारी का स्कोरकार्ड: (564/8 d, 127 ओवर)

बल्लेबाज विकेट रन
यशस्वी जायसवाल कॉट अफसर जजई, बोल्ड मोहम्मद सलीम सफी 24
केएल राहुल कॉट रहमानुल्लाह गुरबाज, बोल्ड जियाउर रहमान 100
साई सुदर्शन कॉट अफसर जजई, बोल्ड सलीम सफी 81
शुभमन गिल कॉट अफसर जजई, बोल्ड सलीम सफी 126
ऋषभ पंत कैच अजमतुल्लाह उमरजई, बोल्ड हशमतुल्लाह शाहिदी 81
ध्रुव जुरेल बोल्ड मोहम्मद सलीम सफी 19
वॉशिंगटन सुंदर नाबाद 52*
मानव सुथार कॉट अफसर जजई, बोल्ड मोहम्मद सलीम सफी 28
मोहम्मद सिराज बोल्ड मोहम्मद सलीम सफी 22
कुलदीप यादव नाबाद 9*

विकेट पतन: 41-1 (यशस्वी जायसवाल, 11.6 ओवर), 180-2 (साई सुदर्शन, 42.4 ओवर), 247-3 (केएल राहुल, 60.2 ओवर), 416-4 (शुभमन गिल, 95.5 ओवर), 452-5 (ध्रुव जुरेल, 101.5 ओवर), 456-6 (ऋषभ पंत, 102.4 ओवर), 510-7 (मानव सुथार, 116.5 ओवर), 540-8 (मोहम्मद सिराज, 120.4 ओवर)

Advertisement

अफगानिस्तान की टीम को टेस्ट क्रिकेट का उतना ज्यादा अनुभव नहीं है. उसका टेस्ट डेब्यू जून 2018 में भारत के खिलाफ बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुआ था. तब भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को पारी और 262 रनों से परास्त किया. अफगानिस्तान ने अब तक 12 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उसने चार में जीत हासिल की. सात मुकाबले अफगानी टीम ने हारे और एक मुकाबला ड्रॉ़ पर भी समाप्त हुआ. अब भारतीय टीम दूसरी बार अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच खेल रही है.

मुकाबले में भारत की प्लेइंग XI: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा.

अफगानिस्तान की प्लेइंग XI: सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज, अब्दुल मलिक, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अफसर जजई (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खरोटी, जियाउर रहमान शरीफी और मोहम्मद सलीम सफी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement