देशभर में आज रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जा रहा है. बॉलीवुड गलियारों में भी रक्षाबंधन की धूम है. एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत भी धूमधाम से भाई-बहन से इस पर्व को मना रही हैं.
कंगना रनौत ने अपने रक्षाबंधन सेलिब्रेशन की तस्वीरें फैंस संग शेयर करके उन्हें ट्रीट दी है. एक्ट्रेस ने अपने भाई और भाभी संग धूमधाम से राखी का त्योहार मनाया.
कंगना जश्न की तस्वीरों में अपने भाई को राखी बांधती हुई दिखाई दे रही हैं. राखी बांधने से पहले उन्होंने पूरे विधि-विधान से भाई और भाभी की आरती भी उतारी.
एक्ट्रेस हाथ में पूजा की थाली लिए भाई को टीका लगाते हुए भी दिखाई दीं. फिर उन्होंने भाई की कलाई पर प्यार और विश्वास का धागा बांधा.
कंगना के भाई उनके पैर छूकर आशीर्वाद लेते भी नजर आ रहे हैं. कंगना भाई को आशीर्वाद देने के साथ उन्हें लाड करती हुई भी नजर आ रही हैं. भाई-बहन का अटूट रिश्ता फैंस का दिल जीत रहा है.
भाई को राखी बांधने के बाद कंगना अपनी भाभी का मुंह मीठा करती हुई दिखाई दीं. कंगना को भाई-भाभी से राखी का खास तोहफा भी मिला. वो काफी खुश नजर आईं.
कंगना का साड़ी में ट्रेडिशनल लुक भी फैंस का दिल जीत रहा है. ब्लू साड़ी में एक्ट्रेस काफी खूबसूरत लगीं. उन्होंने अपने लुक को मल्टीलेयर नेकलेस और स्टड ईयररिंग्स के साथ कंप्लीट किया.
रक्षाबंधन की तस्वीरें शेयर करते हुए कंगना ने फोटो के कैप्शन में भाई के लिए एक प्यारभरा नोट भी लिखा है. एक्ट्रेस लिखती हैं- मेरे प्यारे भाई...मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि यह प्रेम का बंधन जो मैंने तुम्हारे हाथ पर बांधा है, यह सदा तुम्हारी रक्षा करे.
'तुम हमारे माता-पिता की सेवा करो, कुल की गरिमा बढ़ाओ, पत्नी का सदा कल्याण करो, संतान की हमेशा रक्षा करो और सदा जीवन से संतुष्ट रहो.'
'मेरे प्यारे भाई, मैं हमेशा तुम्हें स्वस्थ और समृद्ध देखूं, मेरे लिए तुम मेरे माता-पिता की ही छवि हो. तुम्हारा प्रेम और संरक्षण मुझे सदा मिले. सभी बहन-भाइयों को इस पर्व की बहुत-बहुत शुभकामनाएं. रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं.'
कंगना के राखी सेलिब्रेशन की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आते ही वायरल हो गई हैं. फैंस एक्ट्रेस पर भर-भरकर प्यार लुटा रहे हैं.
(All Photo: Instagram @kanganaranaut)