scorecardresearch
 

IND vs AFG, 3rd ODI Highlights: टीम इंडिया ने अफगानिस्तान का किया सूपड़ा साफ, चेपॉक वनडे में 9 विकेट से जीत, यशस्वी-रोहित-प्रसिद्ध चमके

India vs Afghanistan, 3rd ODI 2026: चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान की टीम्स आमने-सामने हुईं. शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने इस मुकाबले को जीतकर वनडे सीरीज को 3-0 से अपने नाम कर लिया.

Advertisement
X
भारत-अफगानिस्तान के बीच तीसरा वनडे चेपॉक में हुआ. (Photo: PTI)
भारत-अफगानिस्तान के बीच तीसरा वनडे चेपॉक में हुआ. (Photo: PTI)

India vs Afghanistan, 3rd ODI 2026: भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला शनिवार (20 जून) को खेला गया. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में आयोजित मुकाबले में भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को 9 विकेट से हराया. भारत को जीत के लिए 219 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने 28.4 ओवरों में ही हासिल कर लिया. इस जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में अफगानिस्तान का सूपड़ा साफ कर दिया.

चेपॉक वनडे में भारत की जीत में यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा और प्रसिद्ध कृष्णा की अहम भूमिका रही. प्रसिद्ध कृष्णा ने 5 विकेट झटके. वहीं यशस्वी जायसवाल (नाबाद 110 रन) ने अपने ओडीआई करियर का दूसरा शतक लगाया. रोहित शर्मा (79 रन) के बल्ले से भी अर्धशतक निकला.

शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम पहले ही इस सीरीज को अपने नाम कर चुकी थी. धर्मशाला ओडीआई में भारत ने अफगानिस्तान को सात विकेट से हराया था. फिर लखनऊ में खेले गए मुकाबले में उसने मेहमान टीम को 170 रनों से रौंद दिया था. अब भारतीय टीम ने चेपॉक में भी अपना दबदबा दिखाया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: शतक के चक्कर में अफगान कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी से हुआ 'ब्लंडर', भारतीय टीम को मिले 5 रन

रोहित शर्मा ने 9 चौके और तीन छक्के की मदद से 69 बॉल पर 79 रन बनाए. रोहित को मोहम्मद नबी ने सब्स्टीट्यूट प्लेयर सेदिकुल्लाह अटल के हाथों कैच आउट कराया. यहां से यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर ने अफगानी टीम को कोई मौका नहीं दिया. यशस्वी ने 14 चौके और तीन छक्के की मदद से 86 बॉल पर नाबाद 110 रन बनाए. जबकि श्रेयस अय्यर 20 रनों पर नाबाद लौटे

अफगानिस्तान की पारी की हाइलाइट्स
अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 44.2 ओवरों में 218 रन बनाए. अफगानी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. उसने विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज (5 रन) का विकेट दूसरे ही ओवर में गंवा दिया, जो प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार बने. प्रसिद्ध ने इसके बाद अनुभवी बल्लेबाज रहमत शाह (5 रन), ओपनर इब्राहिम जादरान (11 रन) और दरविश रसूली (11 रन) को भी पवेलियन लौटा दिया. दरविश के आउट होने के समय अफगानिस्तान का स्कोर 36/4 था.

यहां से कप्तान हशमुत्लाह शाहिदी और अजमतुल्लाह उमरजई ने पांचवें विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाला. अजमतुल्लाह उमरजई ने 56 बॉल पर 50 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. प्रिंस यादव ने अजमतुल्लाह उमरजई को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा. भारतीय टीम को छठी सफलता गुरनूर बरार ने दिलाई, जिन्होंने सेट हो चुके मोहम्मद नबी (21 रन) को बोल्ड किया.

Advertisement

फिर राशिद खान (5 रन) को स्पिनर हर्ष दुबे ने पवेलियन रवाना किया. अल्लाह गजनफर (5 रन) और फरीद अहमद मलिक (1 रन) रन आउट हुए. अफगानिस्तान का आखिरी विकेट हशमतुल्लाह शाहिदी के रूप में गिरा, जिन्होंने अपने ओडीआई करियर का पहला शतक जड़ा. शाहिदी ने 13 चौके और एक छक्के की मदद से 131 बॉल पर 102 रन बनाए. भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने 23 रन देकर 5 विकेट झटके. जबकि हर्ष दुबे, गुरनूर बरार और प्रिंस यादव को एक-एक सफलता मिली.

इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम ने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और विकेटकीपर बैटर केएल राहुल को आराम दिया. वहीं चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव भी प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं बने. नीतीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा और हर्ष दुबे ने प्लेइंग-11 में वापसी की. दूसरी ओर अफगानी टीम ने अपनी प्लेइंग-11 में चार बदलाव किए.

वनडे क्रिकेट में भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक 7 मुकाबले खेले हैं. इस दौरान भारतीय टीम ने छह मैचों में जीत हासिल की. जबकि एक मुकाबला टाई पर छूटा. यानी आंकड़े साबित करते हैं कि भारतीय टीम अफगानिस्तान पर पूरी तरह हावी रही है. अफगानी टीम को भारत के खिलाफ अब भी पहली जीत का इंतजार है.

मुकाबले में भारत की प्लेइंग-11: यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, गुरनूर बरार, प्रिंस यादव और प्रसिद्ध कृष्णा.

Advertisement

मुकाबले में अफगानिस्तान की प्लेइंग-11: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जादरान, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), दरविश रसूली, मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, एएम गजनफर, जिया उर रहमान शरीफी और फरीद अहमद मलिक

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement