न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम तीसरे टी20 मैच खेलने के लिए तैयार है. मंगलवार यानी 27 अक्टूबर को दोनों ही टीमों के बीच एक हाई स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है. इस मैच से पहले अपनी तूफानी बल्लेबाजी से अलग पहचान बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर चर्चाओं में आ गए हैं.
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने वैभव सूर्यवंशी के खेल और उनकी बैटिंग पोजीशन को लेकर अपनी अहम राय रखी है. अपने यू-ट्यूब चैनल पर आकाश चोपड़ा ने विश्लेषण के दौरान माना कि वैभव सूर्यवंशी जैसे कम उम्र के खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें इंटरनेशनल या बड़े स्तर पर सेट होने के लिए सही माहौल और सही बैटिंग आर्डर की जरूरत होती है.
उन्होंने कहा कि अचानक से उन पर जरूरत से ज्यादा दबाव डालना या किसी ऐसे क्रम पर उतारना जहां वे असहज महसूस करें, उनके विकास के लिए सही नहीं है. चोपड़ा के मुताबिक चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि युवा टैलेंट का सही इस्तेमाल हो, ताकि वे बिना किसी अतिरिक्त मानसिक दबाव के अपने स्वाभाविक खेल का खुलकर प्रदर्शन कर सकें.
क्या वैभव के साथ हो रही जल्दबाजी?
आकाश चोपड़ा ने वैभव को लेकर आगे कहा कि इस युवा खिलाड़ी ने आईपीएल में लगातार अपने बल्ले से छाप छोड़ने में सफलता हासिल की है. लेकिन किसी भी बल्लेबाज के लिए एक ही लय में बल्लेबाजी करना बहुत मुश्किल होता है. चोपड़ा ने भारतीय टीम मैनजमेंट को वैभव को लेकर किसी भी तरह की जल्दबाजी करने से बचने का सुझाव दिया है.
अपनी बात को जारी रखते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा कि वैभव को आने वाले मुकाबलों में ओपनिंग कराना चाहिए. टीम के पास इससे अच्छा मौका नहीं मिलेगा. वैसे भी वैभव को जब से टीम में शामिल किया गया है वो सिर्फ नेट में बल्लेबाजी कर रहे हैं, ऐसे में उनका फॉर्म कहां से आएगा.