आईपीएल 2026 की तीसरा मुकाबला सोमवार को चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया. लेकिन इस मैच में संजू सैमसन के लिए चेन्नई सुपरकिंग्स का डेब्यू बेहद निराशाजनक रहा. संजू सिर्फ 7 गेंदों तक ही क्रीज पर टिक सके और महज 6 रन बनाकर आउट हो गए. केवल 10 मिनट में ही संजू की सीएसके के लिए पहली इनिंग खत्म हो गई.
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में सैमसन अपने पुराने टीम के खिलाफ बड़ी पारी खेलने की उम्मीद के साथ उतरे थे. लेकिन नई गेंद के साथ जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर ने उन्हें शुरुआत से ही परेशान किया.
पारी की पहली ही गेंद पर सैमसन ड्राइव लगाने गए, लेकिन गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर शॉर्ट मिड-ऑन की तरफ चली गई. इसके बाद उन्होंने आर्चर के खिलाफ फिर वही शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन इस बार गेंद को पूरी तरह मिस कर बैठे.
अगली गेंद पर सैमसन का बाहरी किनारा लगा और गेंद विकेटकीपर के पास से निकल गई. अगर स्लिप में फील्डर होता, तो शायद सैमसन वहीं आउट हो सकते थे. इसके बाद बर्गर गेंदबाजी के लिए आए. सैमसन ने पहले एक गेंद को पॉइंट की तरफ खेलकर स्ट्राइक रोटेट की, लेकिन ओवर की आखिरी गेंद पर बर्गर ने उन्हें बोल्ड कर दिया. बर्गर की गेंद लेग स्टंप के बाहर पिच हुई और सीम मूवमेंट के साथ बाहर की तरफ निकली. सैमसन बल्ला अड़ाने की कोशिश में चूक गए और गेंद सीधे ऑफ स्टंप से जा टकराई.
यह भी पढ़ें: RR vs CSK, IPL 2026 Live Score: 50 रन बनाने में सीएसके के 5 विकेट धड़ाम, राजस्थान के गेंदबाजों का कहर
ऐसा रहा है सैमसन का पहले मैच में रिकॉर्ड
2020 के दशक में आईपीएल के शुरुआती मुकाबलों में सैमसन का रिकॉर्ड काफी शानदार रहा है. उन्होंने 2020 में 74, 2021 में 119, 2022 में 55, 2023 में 55, 2024 में नाबाद 82 और 2025 में 66 रन बनाए थे. लेकिन 2026 में उनका यह सिलसिला टूट गया और वह सिर्फ 6 रन ही बना सके.
बता दें कि इस सीजन सीएसके ने संजू को अपनी टीम में शामिल किया है. संजू ने राजस्थान छोड़कर धोनी की टीम सीएसके को चुना और बदले में रविंद्र जडेजा और सैम करन राजस्थान पहुंचे. लेकिन टी20 वर्ल्ड कप के हीरो संजू के लिए पहला आईपीएल मैच अच्छा नहीं गुजरा.