CSK vs LSG IPL 2026 Preview:आईपीएल 2026 का लीग चरण अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है और रविवार (9 मई) को चेपॉक में होने वाला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स दोनों के लिए बेहद अहम रहने वाला है.
पांच बार की चैंपियन CSK जहां प्लेऑफ की दौड़ में खुद को बनाए रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी, वहीं अंक तालिका में सबसे नीचे चल रही LSG के लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा है. मुकाबला दोपहर 3:30 बजे से है.
चेन्नई सुपर किंग्स इस समय छठे स्थान पर है और टीम का अभियान उतार-चढ़ाव से भरा रहा है. बल्लेबाजी कई बार बिखरी, तो घरेलू और बाहर दोनों जगह टीम लय हासिल नहीं कर सकी. हालांकि पिछले कुछ मैचों में टीम ने वापसी के संकेत दिए हैं. ऐसे में अपने घरेलू मैदान चेपॉक पर लौटना CSK के लिए राहत की खबर माना जा रहा है.
इस सीजन CSK की बल्लेबाजी काफी हद तक संजू सैमसन पर टिकी रही है. नए खिलाड़ी के तौर पर टीम से जुड़े सैमसन ने लगातार जिम्मेदारी निभाई और कई मौकों पर टीम की नैया पार लगाई. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मुकाबले में उन्होंने 52 गेंदों पर नाबाद 87 रन ठोककर टीम को जीत दिलाई थी.
कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ का प्रदर्शन शुरुआत में निराशाजनक रहा, लेकिन मई की शुरुआत में उन्होंने लगातार दो अर्धशतक लगाकर फॉर्म में वापसी की. उन्होंने नाबाद 74 और 67 रन की पारियां खेलीं, जिसने CSK को टॉप-5 की रेस में बनाए रखा. हालांकि दिल्ली के खिलाफ पिछले मैच में वह बड़ा स्कोर नहीं बना सके.
मिडिल ऑर्डर में डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा और जेमी ओवर्टन से टीम को तेज रन गति की उम्मीद होगी. खासकर डेथ ओवरों में CSK को बेहतर फिनिश की जरूरत है.
सबसे बड़ा सवाल एमएस धोनी को लेकर बना हुआ है. सीजन शुरू होने से पहले लगी पिंडली की चोट (काफ इंजरी) के कारण धोनी अब तक एक भी मैच नहीं खेल सके हैं. हालांकि वह नेट्स में अभ्यास करते नजर आए हैं, लेकिन टीम प्रबंधन ने अभी तक उनके खेलने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. ऐसे में फैंस की नजरें अंतिम प्लेइंग इलेवन पर टिकी रहेंगी.
चेपॉक की पिच इस सीजन पहले जैसी बेहद धीमी नहीं दिखी है. बल्लेबाजों को यहां मदद मिली है, लेकिन स्पिनरों के लिए अब भी पर्याप्त टर्न मौजूद है. यही वजह है कि नूर अहमद और अकील हुसैन की जोड़ी CSK के लिए मिडिल ओवरों में बेहद अहम साबित हो सकती है.
दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स का सीजन अब तक बेहद खराब रहा है. टीम ने 10 मैचों में सिर्फ तीन जीत दर्ज की हैं और वह अंक तालिका में सबसे नीचे है. कप्तान ऋषभ पंत पर 27 करोड़ रुपये की भारी कीमत के अनुरूप प्रदर्शन करने का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है.
हालांकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ पिछले मुकाबले में पंत ने 10 गेंदों पर 32 रन बनाकर आक्रामक अंदाज जरूर दिखाया, लेकिन पूरे सीजन में वह निरंतरता हासिल नहीं कर सके हैं.
LSG के लिए सबसे बड़ी राहत मिचेल मार्श की विस्फोटक फॉर्म रही. उन्होंने RCB के खिलाफ 56 गेंदों पर 111 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को नौ रन से जीत दिलाई. इस जीत ने टीम की लगातार छह हार का सिलसिला भी खत्म किया.
निकोलस पूरन पर भी मिडिल ओवरों में तेजी से रन बनाने की जिम्मेदारी होगी. गेंदबाजी में मोहम्मद शमी आक्रमण की अगुआई करेंगे, जबकि प्रिंस यादव, शहबाज अहमद और दिग्वेश राठी उनका साथ देंगे. LSG को चोटों ने भी काफी नुकसान पहुंचाया है. जोश इंग्लिस और मोहसिन खान की गैरमौजूदगी ने टीम संतुलन बिगाड़ा है. अब देखना दिलचस्प होगा कि चेपॉक में अनुभव भारी पड़ता है या फिर LSG आखिरी दम तक लड़ाई जारी रखती है.
चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, एमएस धोनी, उर्विल पटेल, संजू सैमसन, शिवम दुबे, रामकृष्ण घोष, आयुष म्हात्रे, श्रेयस गोपाल, जेमी ओवर्टन, खलील अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत सिंह, मुकेश चौधरी, नूर अहमद, अकील हुसैन, प्रशांत वीर, मैथ्यू शॉर्ट, सरफराज खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर, ज़कारी फाउल्केस, स्पेंसर जॉनसन, कार्तिक शर्मा, अमन खान.
लखनऊ सुपर जायंट्स: ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), अब्दुल समद, अक्षत रघुवंशी, आयुष बडोनी, मुकुल चौधरी, हिम्मत सिंह, जोश इंग्लिस (विकेट कीपर), एडेन मार्करम, निकोलस पूरन (विकेट कीपर), अर्शिन कुलकर्णी, जॉर्ज लिंडे, मिशेल मार्श, शाहबाज अहमद, आकाश सिंह, आवेश खान, मोहम्मद शमी, मोहसिन खान, एनरिक नॉर्टजे, प्रिंस यादव, दिग्वेश राठी, मणिमारन सिद्धार्थ, अर्जुन तेंदुलकर, नमन तिवारी, मयंक यादव.