इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2026) शुरू होने में अब केवल एक हफ्ते का वक्त बचा है. 28 मार्च से आईपीएल से 19वें सीजन का आगाज हो जाएगा. लेकिन इस सीजन की शुरुआत से पहले सबसे ज्यादा चर्चा शुभमन गिल को लेकर हो रही है. गुजरात टाइटंस के कप्तान गिल इस बार अलग ही मिशन के साथ मैदान में उतरने वाले हैं. वजह है उनका टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होना.
पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि यही झटका गिल के लिए सबसे बड़ी ताकत बन सकता है. उनके मुताबिक, गिल अगर इस आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो टीम इंडिया की टी20 टीम में वापसी तय है.
दरअसल, सेलेक्टर्स ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए गिल को नहीं चुना था. इसकी बड़ी वजह उनकी स्ट्राइक रेट मानी गई, क्योंकि आज के टी20 क्रिकेट में तेज रन बनाना सबसे जरूरी हो गया है. टीम मैनेजमेंट ज्यादा आक्रामक बल्लेबाजों पर भरोसा जता रहा है.
यह भी पढ़ें: 'क्रिस गेल का 175 तोड़ना है...', वैभव सूर्यवंशी ने बताया अपना आईपीएल ड्रीम, VIDEO
लेकिन गिल ने पिछले आईपीएल सीजन में अपने खेल में बदलाव दिखाया था. उन्होंने 650 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट भी करीब 156 रहा, जो पहले से काफी बेहतर है. फिर भी उन पर ‘एंकर’ वाला टैग लगा हुआ है.
क्या बोले चेतेश्वर पुजारा
पुजारा का कहना है कि अब गिल के पास खुद को साबित करने का सही मौका है. उन्हें बस थोड़ा और तेज खेलना होगा और 150-160 के स्ट्राइक रेट से रन बनाने होंगे. अगर वो ऐसा कर लेते हैं, तो आलोचकों को जवाब मिल जाएगा.
यह भी पढ़ें: Naman Awards 2026: शुभमन गिल और स्मृति मंधाना को BCCI से मिला खास इनाम, चुने गए साल के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर
हाल ही में गिल को बीसीसीआई के ‘क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया, जिससे साफ है कि वो टेस्ट और वनडे में टीम इंडिया के अहम खिलाड़ी हैं. अब उनकी नजर टी20 में भी खुद को स्थापित करने पर होगी. गुजरात टाइटंस अपना पहला मैच 1 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलेगी, और सबकी नजरें गिल की बल्लेबाजी पर रहेंगी.