मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने इंजरी के चलते पिछला मैच नहीं खेला था. लेकिन इसी बीच एक नई खबर सामने आई है की हार्दिक पंड्या टीम के साथ अगला मैच खेलने के लिए रवाना नहीं हुए हैं. मुंबई का मैच आरसीबी के साथ रायपुर में होना है. आजतक को मिली जानकारी के अनुसार, इस अहम मैच के लिए हार्दिक की गैरमौजूदगी नए सवाल खड़ी कर रही है.
मुंबई इंडियंस की टीम शुक्रवार को रायपुर के लिए रवाना हुई, लेकिन पंड्या टीम के साथ मौजूद नहीं थे. फिलहाल पंड्या के मैच के करीब टीम से जुड़ने का भी कोई संकेत नहीं है, जिससे RCB के खिलाफ मुकाबले से पहले मुंबई के सामने अपने कप्तान की उपलब्धता को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है.
पंड्या मुंबई इंडियंस के पिछले मैच में भी नहीं खेले थे, जहां सूर्यकुमार यादव ने स्टैंड-इन कप्तान के रूप में टीम की अगुवाई की लखनऊ के खिलाफ जीत भी हासिल की. टॉस के समय सूर्यकुमार ने कहा था, “वह ठीक नहीं हैं, इसलिए मैं उनकी जगह खेल रहा हूं.”
यह भी पढ़ें: रोहित लौट आए… धोनी कब? IPL 2026 में ‘थाला’ की एंट्री अब भी पहेली
बाद में मुंबई इंडियंस ने पुष्टि की कि पंड्या पीठ में खिंचाव (back spasm) के कारण उपलब्ध नहीं थे. यह इस सीजन में दूसरा मौका था जब पांड्या मैच से बाहर रहे, इससे पहले वह Delhi Capitals के खिलाफ भी नहीं खेले थे. हालांकि बैक स्पाज़म को हमेशा गंभीर चोट नहीं माना जाता, लेकिन इसे संभालना मुश्किल हो सकता है, खासकर एक ऑलराउंडर के लिए जिसे बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान देना होता है. टूर्नामेंट के निर्णायक चरण में पहुंचने के साथ, मुंबई इस मामले में सावधानी बरतना चाहेगी ताकि चोट और न बढ़े.
MI की प्लेऑफ उम्मीदें
पंड्या की गैरमौजूदगी मुंबई इंडियंस के लिए ऐसे समय में आई है जब टीम अभी भी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद बनाए हुए है. लखनऊ के खिलाफ जीत ने मुंबई को दौड़ में बनाए रखा है, लेकिन अब उनके पास गलती की कोई गुंजाइश नहीं बची है. अगर मुंबई इंडियंस अपने बाकी सभी मैच जीत लेती है, तो वह लीग चरण में 14 अंकों तक पहुंच सकती है, जो उन्हें टॉप-4 में जगह दिलाने की दौड़ में बनाए रख सकता है.
यह भी पढ़ें: विराट का बैट हो या रोहित के जूते! कौन होते हैं स्पोर्ट्स इंजीनियर? कैसे बनते हैं, होती है अच्छी कमाई
हालांकि, केवल इतना काफी नहीं होगा. मुंबई को अन्य टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा और संभवतः नेट रन रेट के आधार पर भी उन्हें फायदा उठाना होगा. कई टीमें अभी भी प्रतिस्पर्धा में हैं, इसलिए मुंबई को न सिर्फ जीतना होगा बल्कि बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी ताकि उनकी स्थिति मजबूत हो सके.