पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कोच संजय बांगड़ की बेटी अनाया बांगड़ एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनका क्रिकेट में संभावित कमबैक है. अनाया ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर कर अपनी वापसी को लेकर ऐसा संकेत दिया, जिसने फैन्स की उत्सुकता और बढ़ा दी है.
हालांकि, अनाया ने अभी वापसी की कोई तारीख नहीं बताई है. न ही उन्होंने यह साफ किया कि वह किस टीम, टूर्नामेंट या फॉर्मेट के जरिए क्रिकेट में दोबारा उतरेंगी. लेकिन उनकी पोस्ट से इतना जरूर साफ है कि उनके कमबैक की कहानी शायद लोगों की उम्मीद से अलग होने वाली है. दरअसल, अनाया ने कुछ दिनों पूर्व क्रिकेट में वापसी को लेकर पोस्ट किया किया था, लेकिन अब उन्होंने इंस्टा स्टोरी शेयर की है.
'जैसा लोग सोच रहे हैं, वैसा नहीं होगा'
अनाया ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा- क्रिकेट की वापसी वैसी नहीं होने वाली है जैसा हर कोई अंदाजा लगा रहा है या उम्मीद कर रहा है, इसके बाद उन्होंने एक और लाइन लिखकर सस्पेंस को और बढ़ाया, जिसमें उन्होंने कहा सच कहूं तो मुझे लगता है कि यही बात इसे और भी रोमांचक बनाती है.
यानी अनाया के मुताबिक उनका क्रिकेट कमबैक उस तरह नहीं होने जा रहा, जिस तरह लोग फिलहाल अनुमान लगा रहे हैं. उन्होंने अपने अगले कदम का खुलासा नहीं किया, लेकिन इतना जरूर बता दिया कि आगे कुछ दिलचस्प होने वाला है.
क्रिकेट से पुराना नाता, खेल चुकी हैं क्लब क्रिकेट
अनाया का क्रिकेट से रिश्ता काफी पुराना रहा है. वह मुंबई के मशहूर इस्लाम जिमखाना में क्लब क्रिकेट खेल चुकी हैं. इसके अलावा इंग्लैंड में लीसेस्टरशायर के हिंकले क्रिकेट क्लब से भी जुड़ी रही हैं.
क्रिकेट उनके जीवन का अहम हिस्सा रहा है, लेकिन जेंडर ट्रांजिशन के बाद उनके खेल करियर के सामने नई चुनौतियां आ गईं. महिला क्रिकेट में ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों की भागीदारी को लेकर बनी ICC और BCCI की नीतियों ने उनके लिए पेशेवर क्रिकेट में आगे बढ़ने का रास्ता मुश्किल बना दिया.
2024 में सार्वजनिक किया था ट्रांजिशन
अनाया ने 2024 में अपनी जेंडर ट्रांजिशन जर्नी को सार्वजनिक किया था. वह खेलों में ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों के लिए मौजूदा नियमों और वैज्ञानिक मानकों पर भी सवाल उठाती रही हैं. अनाया का मानना रहा है कि खेल संस्थाओं को निष्पक्ष और वैज्ञानिक आधार पर ज्यादा समावेशी नीतियों पर विचार करना चाहिए.
मार्च 2026 में सर्जरी, परिवार का मिला साथ
अनाया ने मार्च 2026 में थाईलैंड में जेंडर-अफर्मिंग वेजाइनोप्लास्टी सर्जरी कराई थी. इस दौरान उन्हें परिवार का सपोर्ट भी मिला. उन्होंने ट्रांजिशन से पहले भविष्य में माता-पिता बनने की संभावना को ध्यान में रखते हुए अपने स्पर्म को फ्रीज भी कराया था. अनाया अपनी निजी जिंदगी, ट्रांजिशन और खेल के अनुभवों को लेकर खुलकर बात करती रही हैं.
क्रिकेट में वापसी को लेकर अभी सस्पेंस
अनाया की शुक्रवार वाली इंस्टाग्राम स्टोरी का सबसे अहम हिस्सा यही है कि उन्होंने वापसी की संभावना को खारिज नहीं किया है. उल्टा, उनके शब्दों से साफ है कि वह क्रिकेट से जुड़े अपने अगले कदम को लेकर कुछ नया सोच रही हैं.
उन्होंने पहले भी क्रिकेट में लौटने की इच्छा जाहिर की है. अब सवाल यह है कि अनाया की वापसी कब होगी और वह किस मंच पर दोबारा क्रिकेट खेलती नजर आएंगी.