टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान का प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा है. इसका खामियाजा टीम के कप्तान सलमान आगा को वर्ल्ड कप के बाद उठाना पड़ सकता है. मार्च 2025 में सलमान अली आगा को मोहम्मद रिजवान की जगह पाकिस्तान की टी20 टीम का कप्तान बनाया गया था. लेकिन अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम के खराब प्रदर्शन से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) बिल्कुल खुश नहीं है.
पीसीबी के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने चयनकर्ताओं और कोच माइक हेसन की अगुवाई वाली टीम मैनेजमेंट को खुली छूट दी थी. उनसे पक्के नतीजों का भरोसा मिला था. लेकिन हालात अब उल्टे नजर आ रहे हैं. पाकिस्तान सुपर-8 से बाहर होने की कगार पर है. अगर टीम श्रीलंका को हरा भी देती है, तब भी सेमीफाइनल में पहुंचना तय नहीं है.
टीम के प्रदर्शन से खुश नहीं हैं नकवी
सूत्रों के मुताबिक, नकवी बिल्कुल खुश नहीं हैं. इस बार चयनकर्ताओं, टीम मैनेजमेंट और बोर्ड के करीबी लोगों ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि टीम वर्ल्ड कप में अच्छा करेगी.
यह भी पढ़ें: श्रीलंका के सामने बड़ी दुविधा... पाकिस्तान को हराया तो सेमीफाइनल भारत शिफ्ट, हारे तो करोड़ों का फायदा!
खत्म हो सकती है सलमान अली आगा की कप्तानी
अब माना जा रहा है कि वर्ल्ड कप के बाद टीम में बड़े बदलाव हो सकते हैं. सलमान अली आगा की कप्तानी पर खतरा मंडरा रहा है. उनके अलावा बाबर आजम, उस्मान खान और कुछ अन्य सीनियर खिलाड़ियों का टी20 करियर भी खत्म हो सकता है.
बाबर आजम पाकिस्तान के टी20 इतिहास के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, लेकिन हालिया प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. ऐसे में बोर्ड नए और निडर अंदाज में खेलने वाले युवा खिलाड़ियों को मौका देना चाहता है.
सूत्र ने कहा, “सलमान, बाबर आजम, उस्मान खान और कुछ अन्य खिलाड़ी वर्ल्ड कप के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कह सकते हैं. वर्ल्ड कप के बाद पाकिस्तान की टी20 टीम में बड़े बदलाव दिखेंगे.”
यह भी पढ़ें: 'पाकिस्तान क्वालिफाई करे ना करे, भारत नहीं करेगा…', PAK क्रिकेटर ने फिर दिखाया बड़बोलापन
नए कप्तान की तलाश
इस समय शादाब खान और शाहीन शाह अफरीदी कप्तानी की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं. बता दें कि शादाब पहले भी 2020 से 2023 के बीच 6 मैचों में पाकिस्तान की कप्तानी कर चुके हैं. वहीं, शाहीन को भी कप्तानी का अनुभव है.
दिलचस्प बात यह है कि पिछले 12 महीनों में इन दोनों को कभी टीम से बाहर किया गया या नजरअंदाज किया गया था. लेकिन अब सलमान अली आगा के बतौर बल्लेबाज और कप्तान नाकाम रहने के बाद बोर्ड को लगता है कि यही दोनों खिलाड़ी टीम को संभाल सकते हैं.