भारतीय क्रिकेट टीम के युवा विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी दो टी20 मैच में बुरी तरह फ्लॉप साबित हुए थे. अभिषेक शर्मा जब बल्ला लेकर मैदान पर उतरते हैं तो उनसे हमेशा ही फैन्स को चौके-छक्के की उम्मीद रहती है.
अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद से बड़े शॉट खेलने से बिल्कुल नहीं कतराते हैं. लेकिन इसका नुकसान यह है कि वह लगातार बड़ी पारियां नहीं खेल पाते हैं. अभिषेक शर्मा से हर मैच में तेज रफ्तार से रनों की उम्मीद करना गलत होगा.
वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई. इस सीरीज के दौरान अभिषेक ने पांच पारियों में कुल 145 रन बनाए, जिसमें इंदौर में खेला गया 69 रनों का अर्धशतक भी शामिल था.
अभिषेक का यह प्रदर्शन अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई उस शानदार सीरीज के उलट था, जहां उन्होंने तीन मैचों में एक शतक समेत 229 रनों का अंबार लगा दिया था. बेंगलुरु में पांचवां टी20 मुकाबला रद्द होने के बाद पूर्व भारतीय ओपनर और क्रिकेट एक्सपर्ट आकाश चोपड़ा ने अभिषेक के हालिया प्रदर्शन पर खुलकर बात की.
चोपड़ा ने माना कि अभिषेक शर्मा इस सीरीज में उस तरह की परफॉर्मेस नहीं कर सके, जिसके लिए वह जाने जाते हैं. लेकिन उन्होंने अभिषेक का बचाव करते हुए कहा कि इस तरह की क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों के लिए ऐसा समय खेल का हिस्सा ही होता है.
आकाश चोपड़ा ने कही बड़ी बात
जियोस्टार से बात करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा कि आखरी मैच में उन्हें ज्यादा स्ट्राइक नहीं मिली और वह थोड़े असहज नजर आए... तो वह इस सीरीज में अपने स्टैंडर्ड के हिसाब से थोड़ा नीचे रहे, लेकिन ऐसा होना लाजमी है.
उन्होंने अफगानिस्तान सीरीज का उदाहरण देते हुए समझाया कि एक बल्लेबाज के रन हर सीरीज में एक जैसे नहीं हो सकते. आकाश चोपड़ा ने साफ शब्दों में कहा कि जो खिलाड़ी हमेशा 200 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करने को देखेगा, उसके लिए हर मैच में चलना मुमकिन नहीं है.
उन्होंने दो टूक अंदाज में कहा कि जो कोई भी 200 के स्ट्राइक रेट से खेलता है, उसके कुछ मैच ऐसे जाने ही हैं. वह लगातार रन बनाता ही रहेगा, यह हमारी गलतफहमी है.