राजस्थान के कोटा में सोशल मीडिया रील को लेकर हुए विवाद में 17 वर्षीय छात्र की कथित तौर पर हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, दो से तीन युवकों ने लोहे की रॉड और चाकू से हमला कर छात्र को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे उद्योग नगर थाना क्षेत्र के प्रेम नगर इलाके में हुई.
बताया गया कि छात्र एक शादी समारोह से वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में कुछ युवकों ने उसे रोक लिया. इसके बाद आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया. हमले के दौरान छात्र को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही गिर पड़ा.
यह भी पढ़ें: महिला का भेष, हाथ में हथियार और हाईवे पर लूट... कोटा पुलिस ने 'कोहिनूर गैंग' के 5 बदमाशों को दबोचा
मंदिर के पास हुआ हमला, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
मृतक की पहचान शुभम सैनी के रूप में हुई है, जो 11वीं कक्षा का छात्र था और प्रेम नगर के जगा बस्ती का निवासी था. पुलिस के मुताबिक चोथ माता मंदिर के पास उस पर हमला किया गया. हमले में उसे गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे तुरंत न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया.
हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. उद्योग नगर के सर्किल इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि हमले के दौरान शुभम सैनी के पेट में गहरे घाव हो गए थे और अत्यधिक खून बहने के कारण वह मौके पर ही गिर पड़ा था.
परिजनों की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. आरोपियों की पहचान विशाल और राज बच्चा के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए और अभी उनकी तलाश की जा रही है. पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही हैं.
सोशल मीडिया रील को लेकर पुराना विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपियों के बीच सोशल मीडिया कंटेंट को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था. पुलिस के मुताबिक शुभम सैनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो रील बनाकर अपलोड करता था.
संभावना जताई जा रही है कि इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव था और यही विवाद इस घटना की वजह बना. सर्किल इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने कहा कि विवाद की सटीक वजह जानने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम के बाद बुधवार सुबह शव परिजनों को सौंप दिया गया.