राजस्थान की राजधानी जयपुर के खो-नागौरियान थाना इलाके में हिट एंड रन का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां तेज रफ्तार काली थार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भयानक था कि युवक करीब 10 फीट तक हवा में उछल गया और सड़क पर दूर जाकर गिरा. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
बताया जा रहा है कि हादसे के समय युवक हेलमेट पहनकर बाइक से चौराहा पार कर रहा था. जैसे ही वह तिराहे के पास पहुंचा, तभी दाईं ओर से तेज रफ्तार में आ रही काली थार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि युवक हवा में उछलकर सड़क के बीच जा गिरा, जबकि उसकी बाइक फिसलते हुए सड़क किनारे पहुंच गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही थार चालक मौके से फरार हो गया. घायल युवक सड़क पर तड़पता रहा और लोग उसकी मदद के लिए दौड़े. स्थानीय लोगों ने तुरंत युवक को संभाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है.
हादसे के बाद सड़क पर मची अफरा-तफरी
हैरानी की बात यह रही कि हादसे के दौरान थार का अगला टायर भी फट गया था, लेकिन इसके बावजूद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी. पुलिस के अनुसार आरोपी चालक पंचर टायर के साथ ही करीब 5 किलोमीटर तक थार दौड़ाता रहा ताकि लोगों और पुलिस की पकड़ से बच सके.
जानकारी के मुताबिक, कुछ दूरी तय करने के बाद आरोपी चालक ने सुनसान इलाके में थार छोड़ दी और वहां से फरार हो गया. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार थार बाइक सवार को टक्कर मारते हुए साफ दिखाई दे रही है.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त थार को जब्त कर लिया है. गाड़ी नंबर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस घटना के बाद इलाके में लोगों में गुस्सा है. स्थानीय लोग तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.