
हर घर में खाना बनाना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी है उसके बाद बर्तनों की सफाई. लेकिन सच तो यह है कि बर्तन धोना घर के सबसे मुश्किल और समय लेने वाले कामों में से एक माना जाता है. आज भी कई भारतीय घरों में लोग हाथ से ही बर्तन साफ करते हैं, लेकिन धीरे-धीरे बड़े परिवारों और मॉर्डन फैमिलीज में बर्तन धोने के लिए महंगे डिशवॉशर का इस्तेमाल शुरू हो गया है.
डिशवॉशर ने इस मेहनत भरे काम को काफी आसान बना दिया है, हालांकि भारत में आज भी कई लोग इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि क्या डिशवॉशर असल में भारतीय रसोई के लिए सही है? इसी सवाल को लेकर सोशल मीडिया पर इन दिनों जोरदार बहस छिड़ी हुई है.
डिशवॉशर क्यों है आपके किचन के लिए फायदेमंद?
डिशवॉशर एक ऐसा उपकरण है जो गंदे बर्तनों को ऑटोमेटिकली साफ कर देता है. इसमें गर्म पानी और डिटर्जेंट की मदद से बर्तन अच्छी तरह धुलते हैं और बाद में सूख भी जाते हैं. अलग-अलग तरह के बर्तनों और गंदगी के हिसाब से इसमें कई वॉश मोड दिए जाते हैं.
सोशल मीडिया पर क्यों हो रही है चर्चा?
Reddit पर एक यूजर ने सवाल पूछा था, 'भारतीय बर्तनों के लिए सबसे अच्छा डिशवॉशर कौन सा है और क्या यह वास्तव में काम करता है? क्या इसमें पैसा लगाना सही है?' इस सवाल के बाद लोगों के कमेंट्स का सिलसिला शुरू हो गया और लोग अपना एक्सपीरियंस बता रहे हैं.
कई यूजर्स ने अपने अनुभव शेयर करते हुए बताया कि डिशवॉशर खरीदने के बाद उनकी रोजाना की जिंदगी कितनी बदली. वहीं कुछ लोगों ने दावा किया कि भारतीय किचन में इस्तेमाल होने वाले भारी और ज्यादा तेल-मसाले वाले बर्तनों के लिए यह उतना कारगर नहीं है. इसी वजह से सोशल मीडिया पर लोगों की राय दो हिस्सों में बंट गई है.
कुछ लोगों ने बताया 'गेम चेंजर'
कई यूजर्स का कहना है कि अगर घर में रोज काफी बर्तन निकलते हैं या घरेलू मदद समय पर नहीं आती, तो डिशवॉशर बहुत बड़ी राहत देता है. दूसरे यूजर ने लिखा, 'जब मेड छुट्टी पर होती है, तब डिशवॉशर सबसे ज्यादा काम आता है.' एक अन्य यूजर ने बताया कि दिनभर के बर्तन एक साथ मशीन में डालने से समय भी बचता है और रोज हाथ से बर्तन धोने की परेशानी भी कम हो जाती है.
कुछ लोगों ने गिनाईं कमियां
जहां कुछ लोग इसे बेस्ट बता रहे हैं तो वहीं कुछ यूजर्स का मानना है कि भारतीय रसोई के सभी बर्तनों के लिए डिशवॉशर पूरी तरह कारगर नहीं है. कुछ यूजर्स का कहना है कि भारतीय रसोई में इस्तेमाल होने वाली कड़ाही, प्रेशर कुकर, तवा और जले हुए बर्तनों को मशीन पूरी तरह साफ नहीं कर पाती.
एक यूजर ने लिखा, आखिर में कुछ बर्तन तो हाथ से ही साफ करने पड़ते हैं. कई लोगों ने यह भी कहा कि अगर बर्तनों पर खाना सूख गया हो या बहुत ज्यादा तेल जमा हो, तो उन्हें पहले हल्का साफ करना पड़ता है. उसके बाद भी मशीन से अच्छा रिजल्ट नहीं मिलता है.

क्या भारतीय खाने के लिए सही है डिशवॉशर?
इस सवाल पर भी लोगों की अलग-अलग राय रही. कुछ यूजर्स ने बताया कि सही डिटर्जेंट और सही तरीके से बर्तन रखने पर डिशवॉशर भारतीय खाने वाले बर्तनों को भी अच्छी तरह साफ कर देता है. वहीं कुछ लोगों का मानना है कि बहुत ज्यादा मसालेदार या जले हुए बर्तनों के लिए हाथ से सफाई अभी भी बेहतर ऑप्शन है.
किन लोगों के लिए है फायदेमंद
अगर आप नौकरी करते हैं, बड़ा परिवार है या घर में बुजुर्ग हैं, तो डिशवॉशर रोजमर्रा के काम को काफी आसान बना सकता है और समय के साथ पानी व मेहनत दोनों की बचत करता है.
खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप डिशवॉशर खरीदने की प्लानिंग बना रहे हैं, तो सिर्फ सोशल मीडिया की राय देखकर फैसला न लें. सबसे पहले यह देखें कि आपके घर में रोज कितने बर्तन निकलते हैं, किचन में मशीन रखने की जगह है या नहीं, पानी और बिजली की उपलब्धता कैसी है और मशीन की देखभाल पर कितना खर्च आएगा.