अगर हम कहें कि घर में गेहूं का आटा कभी आया ही नहीं है, तो कोई इस बात पर बिल्कुल भी विश्वास नहीं करेगा. क्योंकि आटा एक ऐसी चीज है, जो सभी घरों में मिलता है. हर भारतीय रसोई में आटे के बिना खाना बन पाना मुश्किल लगता है. आटे का इस्तेमाल रोटी, पराठे या दूसरी चीजों को बनाने के लिए किया जाता है. क्या आप भी इन्हीं लोगों में शामिल हैं, जो आटे को सिर्फ रोटी, पराठा या पूड़ी जैसी खाने-पीने वाली चीजें बनाने के लिए करते हैं?
अगर हां, तो आप बहुत कुछ नहीं जानते हैं. जी हां, रोटी बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला आटा आपके घर के कई कामों को आसान कर सकता है. साधारण सा आटा घर की सफाई से लेकर गार्डनिंग, कपड़ों की देखभाल और छोटे-मोटे घरेलू कामों में भी बहुत काम आता है. अगर आपके घर में रखा आटा पुराना होने लगा है और आप उसे फेंकने की सोच रहे हैं, तो रुक जाएं और उसके इस्तेमाल के ये तरीके जरूर जान लें.
1. स्टेनलेस स्टील के बर्तन और सिंक चमकाएं: अगर आपकी रसोई में लगी स्टील की सिंक या स्टील के बर्तन चमक खो चुके हैं, तो आटा उन्हें फिर से चमकदार बनाने में मदद कर सकता है. इन बर्तनों को साबुन और पानी से अच्छी तरह साफ करके पहले पूरी तरह सुखा लें. इसके बाद सूखे कपड़े पर थोड़ा आटा लेकर हल्के हाथों से रगड़ें और आखिर में साफ कपड़े से पोंछ दें.
2. बच्चों के लिए घर पर बनाएं प्ले डो: बच्चों का प्ले डो खत्म हो जाए, तो नया खरीदने की बजाय घर में मौजूद आटे से भी मुलायम प्ले डो बनाया जा सकता है. इसके लिए आटा, नमक, पानी और फूड कलर्स मिलाकर आसानी से प्ले डो तैयार किया जा सकता है.
3. आटे से बनाएं गोंद: स्कूल प्रोजेक्ट, पेपर क्राफ्ट या पेपर माशे के लिए अक्सर सभी लोग बाजार से गोंद खरीदकर लाते हैं. लेकिन ऐसा करने की जरूरत नहीं है. आटा, चीनी और पानी को मिलाकर हल्का पकाएं. ठंडा होने के बाद ये मिश्रण एक अच्छे होममेड गोंद की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है.
4. ताश के पत्तों की चिकनाई हटाएं: अगर ताश के पत्ते चिपचिपे या ऑयली हो गए हैं, तो उन्हें एक बैग में रखकर थोड़ा आटा डाल दें. फिर इस बैग को अच्छी तरह हिलाएं और पत्तों को निकालकर साफ कपड़े से पोंछ लें. इससे उनकी चिकनाई कम हो सकती है.
5. पौधों को कीड़ों से बचाने की कोशिश करें: अगर पौधों की पत्तियों पर कीड़े लग गए हैं, तो सूखी पत्तियों पर हल्का आटा छिड़क सकते हैं. अगले दिन उन्हें पानी से धो दें और जरूरत पड़ने पर दोबारा ये प्रोसेस रिपीट करें.
6. कपड़ों को दें हल्की स्टार्च जैसी फिनिश: अगर आप चाहते हैं कि शर्ट या दूसरे कपड़े हल्के कड़क दिखें, तो आटे से घर पर स्टार्च बनाया जा सकता है. एक बड़ा चम्मच आटा आधा कप ठंडे पानी में घोलें, फिर इसे आधा कप उबलते पानी में मिलाकर थोड़ा गाढ़ा होने दें. इसे ठंडा करके स्प्रे बोतल में भर लें और कपड़ों को कड़क करने के लिए इस्तेमाल करें.
7. चींटियों को दूर रखने में मदद: जहां से चींटियां घर में आती हैं, वहां थोड़ा आटा छिड़क सकते हैं. माना जाता है कि ऐसा करने से उन्हें जिस चीज की खुशबू आ रही होती है, वो बाधित हो जाती है और वो उस तरफ कम आती हैं.
8. जरूरत पड़ने पर ड्राई शैंपू की तरह करें इस्तेमाल: अगर बाल ऑयली हो गए हैं और ड्राई शैंपू नहीं है, तो थोड़ा सा आटा इस्तेमाल किया जा सकता है. ब्रश की मदद से इसे बालों की जड़ों में लगाएं और कुछ मिनट बाद अच्छी तरह झाड़ दें. अगर आपके बाल काले हैं, तो इसमें थोड़ा कोको पाउडर मिलाया जा सकता है.
9. तांबे के बर्तन चमकाएं: आटा न केवल स्टील के बर्तनों को साफ करता है, बल्कि पुराने तांबे के बर्तनों की चमक लौटाने के लिए भी काफी फायदेमंग है. तांबे के बर्तन चमकाने के लिए बराबर मात्रा में आटा और नमक मिलाएं. इसमें थोड़ा सिरका डालकर पेस्ट तैयार करें और बर्तनों पर हल्के हाथों से रगड़ें. बाद में गुनगुने पानी से धोकर अच्छी तरह सुखा लें.
10. आटे से बनाएं फेस मास्क: अगर घर में अंगूर हैं, तो उनमें आटा मिलाकर एक शानदार फेस मास्क बनाया जा सकता है. कुछ अंगूर मैश करके उसमें लगभग चार बड़े चम्मच आटा मिलाएं. तैयार पेस्ट को 10–15 मिनट तक चेहरे पर लगाएं और फिर सादे पानी से धो लें. हालांकि, इसे इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर कर लें.