अक्सर घरों में ब्रेड के आखिरी बचे हुए टुकड़े या दो-तीन दिन पुरानी ब्रेड को बेकार समझकर फेंक दिया जाता है. लेकिन क्या आपको पका है कि इस बची हुई ब्रेड से आप अपने घर में टेस्टी नाश्ता बना सकते हैं. बॉलीवुड एक्ट्रेस और फैशन आइकन सोनम कपूर ने कुछ समय पहले अपनी फैमिली की एक खास रेसिपी शेयर की थी जिसका नाम है सेल ब्रेड (Seyal Bread).
यह सिंधी समुदाय की एक बेहद लोकप्रिय और पारंपरिक डिश है जिसे बची हुई ब्रेड, टमाटर, लहसुन और कुछ खास मसालों के साथ बनाया जाता है. यह न सिर्फ आपके किचन की बर्बादी को रोकती है बल्कि मिनटों में एक चटपटा और लाजवाब नाश्ता भी तैयार कर देती है. आइए जानते हैं सोनम कपूर की इस खास सेल ब्रेड की आसान रेसिपी.
सामग्री:
बची हुई या पुरानी ब्रेड (छोटे टुकड़ों में कटी हुई): 4 से 5 स्लाइस
टमाटर (बारीक कटे हुए या प्यूरी): 3 मध्यम आकार के
लहसुन (बारीक कटा हुआ या पेस्ट): 1 बड़ा चम्मच
हरी मिर्च (बारीक कटी हुई): 1-2
हरा धनिया (बारीक कटा हुआ): आधा कप
तेल या घी: 2 बड़े चम्मच
राई (सरसों के दाने): 1 छोटा चम्मच
हल्दी पाउडर: आधा छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर: 1 छोटा चम्मच
धनिया-जीरा पाउडर: 1 बड़ा चम्मच
नमक: स्वादानुसार
पानी: आधा कप
बनाने की विधि:
सबसे पहले एक कढ़ाई में तेल या घी गर्म करें. गरम तेल में राई डालें और जब वो चटकने लगे, तो उसमें बारीक कटा हुआ लहसुन और हरी मिर्च डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें.
अब इसमें बारीक कटे हुए टमाटर डालें. साथ ही हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया-जीरा पाउडर और नमक डाल दें. मसाले को तब तक पकाएं जब तक टमाटर पूरी तरह गल न जाएं और मसाला तेल न छोड़ दे.
जब टमाटर अच्छे से पक जाएं, तो इसमें आधा कप पानी डालें और उबाल आने दें. यह ग्रेवी थोड़ी गाढ़ी होनी चाहिए. इसमें आधा बारीक कटा हुआ हरा धनिया भी डाल दें.
अब इस उबलती हुई मसालेदार ग्रेवी में कटे हुए ब्रेड के टुकड़े डालें. आंच को धीमा कर दें और हल्के हाथों से मिलाएं ताकि सारा मसाला ब्रेड पर अच्छी तरह लिपट जाए. ब्रेड को बहुत ज्यादा न चलाएं वरना वो बिल्कुल हलवा बन जाएगी.
कढ़ाई को ढक दें और धीमी आंच पर 2-3 मिनट के लिए पकने दें ताकि ब्रेड सारे मसालों और पानी को सोख ले.
गैस बंद करें, ऊपर से बचा हुआ ताजा हरा धनिया डालें और गरमा-गरम सेल ब्रेड को चाय या नींबू के रस के साथ परोसें.