White Spots on Dishes Hard Water Fix: किचन में घंटों मेहनत करके जब बर्तन धोते हैं और जब वो सूखते हैं तो उन पर सफेद धब्बे या लेयर जमी दिखाई देती है. उन्हें देखकर ऐसा लगता है, जैसे बर्तनों को ठीक से साफ ही नहीं किया गया. मेहमानों के सामने ऐसे बर्तन रखने में भी अच्छा नहीं लगता. ऐसे में अक्सर लोग इसे डिशवॉशर बार या साबुन की खराबी मान लेते हैं और ब्रांड बदल देते हैं. लेकिन असल में समस्या साबुन में नहीं, बल्कि आपके घर के पानी और बर्तन सुखाने के तरीके में छिपी होती है. तो आइए उन तरीकों के बारे में जान लीजिए, जो इसमें मदद कर सकते हैं.
बर्तन के सफेद दागों की असली वजह क्या है?
बर्तनों पर दिखने वाले इन सफेद दागों का सबसे बड़ा कारण हार्ड वॉटर यानी खारा पानी है. खारे पानी में कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स की मात्रा बहुत ज्यादा होती है. जब कोई ऐसे पानी से बर्तन धोता है और उन्हें ऐसे ही सूखने के लिए छोड़ देता है तो पानी तो भाप बनकर उड़ जाता है लेकिन उसमें मौजूद यह मिनरल्स बर्तनों की सतह पर ही जम जाते हैं.
इस कारण से कांच और स्टील के बर्तनों पर सफेद रंग के भद्दे निशान बन जाते हैं. कई बार घटिया क्वालिटी का डिशवॉश इस्तेमाल करने से भी उसका केमिकल बर्तनों पर चिपका रह जाता है.
सफेद दाग हटाने का तरीका क्या है?
यदि आप इन दागों से हमेशा के लिए छुटकारा पाना चाहते हैं तो सफेद सिरका यानी व्हाइट विनेगर सबसे बेस्ट ऑप्शंस में से एक है. बर्तन धोने के बाद एक टब में गुनगुना पानी लें और उसमें 2 कप विनेगर मिला दें. अब अपने बर्तनों को करीब 15 से 20 मिनट के लिए इस पानी में डुबोकर रख दें.
विनेगर में मौजूद एसिडिक प्रॉपर्टीज बर्तनों पर जमे कैल्शियम को पूरी तरह से घोल देती हैं. इसके बाद बर्तनों को नॉर्मल पानी से साफ कर लें.
नींबू और बेकिंग सोडा का कॉम्बो
यदि विनेगर न हो तो आप बेकिंग सोडा और नींबू के रस का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. सफेद दाग वाली जगह पर बेकिंग सोडा छिड़कें और फिर नींबू के टुकड़े से उसे हल्के हाथों से रगड़ें. थोड़ी देर छोड़ने के बाद इसे धो लें, बर्तन नए जैसे चमकने लगेंगे.
इसके अलावा एक बात का हमेशा ध्यान रखें कि बर्तन धोने के बाद उन्हें कभी भी गीला न छोड़ें. धोने के तुरंत बाद एक साफ और सूखे सूती कपड़े से बर्तनों को पोंछकर रखने से पानी के मिनरल्स को जमने का मौका ही नहीं मिलता और दाग की समस्या जड़ से खत्म हो जाती है.