How to Make Biscuits Crispy: शाम की कड़क चाय के साथ अगर कुरकुरा बिस्किट न मिले, तो चाय का मज़ा अधूरा सा लगता है. लेकिन कई बार डिब्बे का ढक्कन ठीक से बंद न होने के कारण या हवा में नमी की वजह से डिब्बे में रखे-रखे भी बिस्किट सील (सॉफ्ट) जाते हैं. ऐसे सीले हुए और सीलन भरी महक वाले बिस्किट को कोई भी खाना पसंद नहीं करता और अक्सर लोग इन्हें फेंक देते हैं.
अगर आपके घर में भी बिस्कुट नरम पड़ गए हैं, तो परेशान होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. आपकी रसोई में ही कुछ ऐसे आसान जुगाड़ छिपे हैं, जिनकी मदद से आप सीले हुए बिस्किटों की नमी को पूरी तरह गायब कर सकते हैं और उन्हें फिर से पहले जैसा क्रिस्पी और टेस्टी बना सकते हैं. आइए जानते हैं इन असरदार किचन ट्रिक्स के बारे में.
1. माइक्रोवेव ट्रिक
अगर आपके घर में माइक्रोवेव है तो सीले हुए बिस्किट को एक माइक्रोवेव-सेफ प्लेट में निकाल लें. इन्हें प्लेट पर एक-दूसरे से थोड़ी दूरी पर रखें. अब इन्हें सिर्फ 30 से 40 सेकंड के लिए माइक्रोवेव करें. बाहर निकालने पर बिस्किट आपको थोड़े गर्म और हल्के नरम लग सकते हैं, लेकिन उन्हें 2 मिनट के लिए पंखे की हवा में खुला छोड़ दें. ठंडा होते ही बिस्किट एकदम कुरकुरे हो जाएंगे.
2. तवे या कड़ाही का जुगाड़
अगर माइक्रोवेव नहीं है तो गैस पर एक भारी तले का तवा या कड़ाही धीमी आंच पर गर्म करें. जब तवा हल्का गर्म हो जाए तो उस पर एक बटर पेपर या फॉयल पेपर बिछाएं और बिस्किटों को उस पर रख दें. धीमी आंच पर इन्हें उलट-पुलट कर 1 से 2 मिनट के लिए सेक लें. गैस बंद करें और बिस्किट को तवे पर ही ठंडा होने दें. वे फिर से क्रिस्पी हो जाएंगे.
3. फ्रिज हैक
यह ट्रिक बहुत कम लोग जानते हैं. सीले हुए बिस्कुटों को एक प्लेट में रखें और उस प्लेट को बिना ढके 1 से 2 घंटे के लिए फ्रिज (फ्रीजर में नहीं) में रख दें. फ्रिज के अंदर की ड्राई हवा बिस्किट की सारी नमी को सोख लेती है. फ्रिज से निकालने के बाद बिस्किट बिल्कुल फ्रेश और क्रंची मिलेंगे.
बिस्किट को सीलने से कैसे बचाएं?
बिस्किट को जिस एयरटाइट डिब्बे में रख रहे हैं, उसके नीचे थोड़ा सा कागज (टिश्यू पेपर) बिछा दें और उसमें 1 चम्मच सूती कपड़े में बंधी चीनी या थोड़े से कच्चे चावल डाल दें. चीनी और चावल डिब्बे के अंदर की नमी को सोख लेते हैं जिससे बिस्किट लंबे समय तक कुरकुरे बने रहते हैं.