Himachali Sepu Vadi: रोज दाल-सब्जी खाकर हो गए बोर? लंच में ट्राई करें शेफ रणवीर स्टाइल हिमाचली सेपू वड़ी, आसान है रेसिपी
लंच में दाल-सब्जी की बजाय आप हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध पारंपरिक 'सेपू वड़ी' भी बनाकर घरवालों को खिला सकते हैं. उड़द दाल की नरम वड़ियों और पालक-दही की मसालेदार ग्रेवी से बनी यह स्वादिष्ट डिश बिना प्याज-लहसुन के तैयार होती है. इसे चावल या रोटी के साथ गर्मागर्म परोसें और इसे बनाने के सिंपल तरीका शेफ रणवीर बरार ने शेयर किया है.
Himachali Sepu Vadi Recipe: भारतीय घरों में दोपहर के समय दाल-चावल और रोटी-सब्जी रोज-रोज बनती है और यही लोगों का लंच होता है. मगर रोज एक जैसा खाना खाकर अक्सर बच्चे और बड़े सभी मुंह बनाने लगते हैं और कुछ नया और टेस्टी खाने की डिमांड करते हैं. ऐसे लोग परेशान होते हैं कि लंच में क्या बनाएं, मगर आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है क्योंकि इंडिया के अलग-अलग राज्य में कुछ ना कुछ खास डिश बनाई जाती है, जिसका स्वाद अलग भी होता है और उनको बनाना भी उतना ही आसान होता है.
अगर आप नॉर्मल दाल खाकर बोर गए हैं तो आप हिमाचल प्रदेश की पारंपरिक सेपू वड़ी ज़रूर ट्राई कर सकते हैं. यह एक बेहद लोकप्रिय पहाड़ी डिश है, जिसे उड़द दाल की नरम वड़ियों और पालक-दही की मसालेदार ग्रेवी के साथ तैयार किया जाता है.
खास बात यह है कि इसमें प्याज और लहसुन का इस्तेमाल नहीं होता, इसलिए इसे व्रत के बाद, त्योहारों या सात्विक खाने में भी बनाया जा सकता है. मशहूर शेफ रणवीर बराड़ ने इस पारंपरिक रेसिपी को आसान तरीके से बताया है, जिसे आप घर पर भी आसानी से बना सकते हैं.
सबसे पहले रातभर भीगी हुई उड़द दाल में थोड़ा नमक डालकर बारीक पीस लें.अब इसमें हरी मिर्च, अदरक, धनिया, हल्दी, लाल मिर्च, हींग और जीरा मिलाकर अच्छी तरह फेंटें.
हाथ पर थोड़ा तेल लगाकर इस मिक्सर से छोटी-छोटी वड़ियां बना लें. एक बर्तन में पानी उबालें, उसमें नमक और थोड़ा तेल डालें.
तैयार वड़ियों को 7 से 8 मिनट तक उबालें. जब वड़ियां ऊपर तैरने लगें, तो उन्हें निकाल लें. इसी पानी में पालक को 30 सेकंड ब्लांच करें और तुरंत ठंडे पानी में डाल दें. फिर पालक को पीसकर स्मूद प्यूरी बना लें.
अब उबली हुई वड़ियों को हल्का सुनहरा होने तक तल लें.दूसरी तरफ कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें. इसमें सूखी लाल मिर्च, दालचीनी, बड़ी इलायची, हींग और सौंफ डालकर भूनें.
फिर फेंटा हुआ दही डालें और लगातार चलाते हुए पकाएं.इसके बाद पालक की प्यूरी, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, नमक और चीनी डालकर 10 मिनट तक पकाएं.
अब जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी मिलाएं और तली हुई वड़ियां डाल दें. इसे ढककर कुछ मिनट पकाएं, ताकि वड़ियां ग्रेवी का स्वाद अच्छी तरह सोख लें.जब ऊपर तेल दिखाई देने लगे, तब गैस बंद कर दें.
आखिर में गरमा-गरम हिमाचली सेपू वड़ी को हरे धनिए से सजाकर स्टीम्ड चावल या रोटी के साथ परोसें.
कढ़ी तो हर घर में बनती है, लेकिन यह सेपू वड़ी की सब्जी का स्वाद काफी यूनिक होता है और इसे आप अपने मेहमानों को भी बनाकर खिला सकते हैं. इसलिए अगली बार जब दाल-सब्जी खाने का मन ना हो तो इस हिमाचली सेपू वड़ी को जरूर बनाएं.