गर्मियों की छुट्टियों में दोपहर के वक्त जब बच्चे कुछ ठंडा-मीठा खाने की जिद करते हैं तो अक्सर हमारा हाथ फ्रिज में रखी बाजार की आइसक्रीम की तरफ बढ़ जाता है. लेकिन बाजार की आइसक्रीम में प्रिजर्वेटिव्स, आर्टिफिशियल फ्लेवर्स और मिलावट का डर हमेशा बना रहता है. अगर आप भी इस गर्मी अपने बच्चों को कुछ हेल्दी, शुद्ध और बेहद स्वादिष्ट खिलाना चाहते हैं तो बाजार की आइसक्रीम को कहें बाय-बाय और घर पर ही बनाएं बिलकुल बाजार वाली गाढ़ी मटका कुल्फी.
मटका कुल्फी की आसान रेसिपी
घर पर बनीं कुल्फी की खास बात है कि इसमें आप हेल्दी चीजें मिला सकते हैं और चीनी से भी परहेज कर सकते हैं. इस कुल्फी का पारंपरिक स्वाद और सोंधी खुशबू न सिर्फ बच्चों को बल्कि घर के बड़ों को भी अपना दीवाना बना देगी. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको बाजार से कोई खास सामान लाने की जरूरत नहीं है, यह घर की ही बेसिक चीजों से झटपट तैयार हो जाती है.
मटका कुल्फी के लिए सामग्री
फुल क्रीम दूध: 1 लीटर
चीनी: आधा कप (स्वाद के अनुसार)
मिल्क पाउडर या मावा (खोया): 4 बड़े चम्मच (गाढ़ेपन के लिए)
बादाम, काजू और पिस्ता: 2-3 बड़े चम्मच (बारीक कटे हुए)
इलायची पाउडर: 1 छोटी चम्मच
केसर के धागे: 10-12 (गुनगुने दूध में भीगे हुए)
मिट्टी के छोटे मटके: 4-5 (कुल्फी जमाने के लिए)
बनाने की विधि
दूध उबालें: सबसे पहले एक भारी तले वाली कड़ाही में दूध डालकर तेज आंच पर उबालें. जब दूध में उबाल आ जाए, तो गैस की आंच को मध्यम कर दें.
दूध को गाढ़ा करें: दूध को तब तक पकाना है जब तक वह अपनी मूल मात्रा का आधा न रह जाए. कड़ाही के किनारों पर जमने वाली मलाई को खुरचकर बार-बार दूध में ही मिलाते रहें, इससे कुल्फी एकदम दानेदार और मलाईदार बनेगी.
मिल्क पाउडर और चीनी मिलाएं: जब दूध आधा हो जाए, तो इसमें मिल्क पाउडर (थोड़े से ठंडे दूध में घोलकर ताकि गांठ न पड़े) और चीनी डालें. इसे अच्छी तरह मिलाकर 5 मिनट और पकाएं.
ड्राइव फ्रूट्स और फ्लेवर: अब इस गाढ़े दूध में भीगा हुआ केसर, इलायची पाउडर और बारीक कटे हुए काजू, बादाम, पिस्ता डालें. सभी चीजों को मिलाकर 2 मिनट उबालें और फिर गैस बंद कर दें.
मिश्रण ठंडा करें: कुल्फी के इस तैयार मलाईदार मिश्रण को कमरे के तापमान पर पूरी तरह से ठंडा होने दें.
मटके में सेट करें: ठंडा होने के बाद मिश्रण को मिट्टी के छोटे मटकों में डालें. ऊपर से थोड़े से कटे हुए पिस्ता और बादाम सजाएं.
फ्रीज करें: मटकों को एल्युमिनियम फॉयल से अच्छी तरह कवर कर दें ताकि कुल्फी के ऊपर बर्फ के क्रिस्टल्स न जमें. अब इन्हें कम से कम 7 से 8 घंटे या रातभर के लिए फ्रीजर में जमने के लिए रख दें.
आपकी ठंडी-ठंडी, सोंधी खुशबू और मलाईदार स्वाद वाली मार्केट स्टाइल मटका कुल्फी तैयार है. फ्रीजर से निकालें और बच्चों को सर्व करें.