How To Make Compost Tea: आजकल सभी लोग गमले में पौधे लगाते हैं. हरे-भरे पौधे ना केवल उनके घर को खूबसूरत लुक देते हैं, बल्कि एक सुकून भरा माहौल भी बनाते हैं. गमले में लोग पौधे लगा तो लेते हैं, लेकिन उनकी एक शिकायत अक्सर सुनने को मिलती है. दरअसल, लोगों को शिकायत रहती है कि गमले में पौधा लगा लेने के बाद भी अगर उसकी ग्रोथ रुक गई है, पत्तियां पहले जैसी हरी नहीं हैं या फूल-पत्तियां कम आ रही हैं. इसका इलाज लोगों को सिर्फ और सिर्फ खाद डालना नजर आता है. ऐसे में लोग हर बार नर्सरी से महंगी खाद खरीदकर पौधों में डाल देते हैं.
अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो जान लें कि हर बार बाजार से महंगी खाद खरीदने की जरूरत नहीं है. घर में पड़ा पुराना कम्पोस्ट ही आपके पौधों के लिए जबरदस्त काम आ सकता है. इससे आप एक ऐसा लिक्विड फर्टिलाइजर तैयार कर सकते हैं, जिसे पौधों की मिट्टी में डालने के साथ-साथ हल्का स्प्रे भी किया जा सकता है. इसे कंपोस्ट टी (Compost Tea) कहा जाता है. नाम भले ही चाय जैसा हो, लेकिन ये पौधों के लिए एक तरह की नेचुरल खाद है. इसे बनाने में न कोई महंगी चीज चाहिए और न ही बहुत ज्यादा मेहनत. बस पुराने और अच्छी तरह तैयार कम्पोस्ट को पानी में कुछ समय के लिए भिगोना है. इससे कम्पोस्ट के पोषक तत्व पानी में आ जाते हैं और पौधों के लिए लिक्विड टॉनिक तैयार हो जाता है.
'कंपोस्ट टी' क्या होती है?
कंपोस्ट टी (Compost Tea) दरअसल कम्पोस्ट से तैयार की गई एक लिक्विड ऑर्गेनिक खाद है. इसमें पुराने और अच्छी तरह सड़े हुए कम्पोस्ट को पानी में भिगोकर रखा जाता है. कुछ समय बाद कम्पोस्ट के पोषक तत्व पानी में घुल जाते हैं. इसी पोषक पानी को छानकर पौधों के लिए इस्तेमाल किया जाता है.
इसका फायदा ये है कि खाद को सीधे मिट्टी में डालने के बजाय आप उसके पोषक तत्वों को लिक्विड फॉर्म में पौधों तक पहुंचा सकते हैं. इसका इस्तेमाल फूलों और सब्जियों के पौधों के लिए किया जाता है. साथ ही ये घर के इंडोर प्लांट्स के लिए भी बढ़िया रहती है.
इसे बनाने के लिए क्या चाहिए?
कंपोस्ट टी बनाने के लिए आपको सिर्फ दो चीजों की जरूरत होती है.
ध्यान रखें कि कम्पोस्ट अच्छी तरह सड़ा हुआ और तैयार होना चाहिए. अधपका या कच्चा ऑर्गेनिक कचरा इस्तेमाल करने से बचें.
24 से 48 घंटे में तैयार हो जाएगी कंपोस्ट टी
1. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बाल्टी में पानी लें. अब इसमें पुराना और अच्छी तरह तैयार कम्पोस्ट डाल दें. इसे करीब 24 से 48 घंटे तक ऐसे ही भिगोकर रखें.
2. इस दौरान कम्पोस्ट में मौजूद पोषक तत्व धीरे-धीरे पानी में घुलते जाएंगे. कुछ समय बाद पानी का रंग भी बदल जाएगा और आपको एक पोषक लिक्विड मिल जाएगा. यही आपकी कंपोस्ट टी है.
अब इसे ऐसे करें इस्तेमाल
जब कंपोस्ट टी तैयार हो जाए तो इसे सीधे पौधों पर डालने की गलती न करें. सबसे पहले इसे अच्छी तरह छान लें, ताकि कम्पोस्ट के ठोस टुकड़े अलग हो जाएं और आपके पास सिर्फ लिक्विड बचा रहे.
अब इस लिक्विड को पौधों की जड़ों के आसपास मिट्टी में डाल सकते हैं. जरूरत के मुताबिक इसका हल्का स्प्रे भी किया जा सकता है. इस तरह पौधों को एक नेचुरल लिक्विड फर्टिलाइजर मिल जाता है.
पौधों के लिए क्यों खास है ये तरीका?
कंपोस्ट टी का सबसे बड़ा फायदा ये है कि इसमें घर के पुराने कम्पोस्ट का दोबारा इस्तेमाल हो जाता है. यानी जो चीज बेकार समझकर पड़ी थी, उससे पौधों के लिए काम की खाद तैयार हो जाती है.
ये पौधों की जड़ों तक पोषक तत्व पहुंचाने में मदद करती है और मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने में भी सहायक हो सकती है. इसके इस्तेमाल से पौधों की ग्रोथ बेहतर होने, पत्तियां ज्यादा हरी-भरी दिखने और फूल-सब्जियों वाले पौधों को पोषण मिलने में मदद मिल सकती है.
एक बात का रखें खास ध्यान
कंपोस्ट टी बनाने के लिए हमेशा अच्छी तरह तैयार और सड़ा हुआ कम्पोस्ट ही इस्तेमाल करें. सिर्फ गीला ऑर्गेनिक कचरा पानी में डालकर उसे कंपोस्ट टी समझना सही नहीं है. साथ ही तैयार घोल को छानना न भूलें. इससे ठोस कण अलग हो जाएंगे और जड़ों में डालना या स्प्रे करना आसान रहेगा.