scorecardresearch
 

दिवाली तक ढेरों फूलों से लद जाएगा गेंदे का पौधा! अपना लें माली की ये 'बिना खर्चे' की ट्रिक, गुच्छों में खिलेंगे फूल

How To Get More Flowers on Marigold Plant: दिवाली पर गेंदे के महंगे फूल खरीदने से बचना चाहते हैं? तो घर में लगे पौधे पर माली की बताई एक आसान ट्रिक अपना सकते हैं. इस ट्रिक में किसी तरह का कोई खर्चा नहीं होता है. इसे करते ही गेंदे के पौधे में ज्यादा फूल आने लगते हैं. चलिए जानते हैं क्या है ये ट्रिक.

Advertisement
X
गेंदे के पौधे पर फूल लाने के लिए उसकी सही देखभाल जरूरी है. (Photo: ITG)
गेंदे के पौधे पर फूल लाने के लिए उसकी सही देखभाल जरूरी है. (Photo: ITG)

How To Get More Flowers on Marigold Plant: त्योहारों का सीजन शुरू होते ही गेंदे के पीले और नारंगी फूलों की मांग बढ़ जाती है. घर के दरवाजे से लेकर पूजा की थाली और मंदिर तक, हर जगह गेंदे के फूलों से सजावट की जाती है. जैसे-जैसे डिमांड बढ़ती है, वैसे-वैसे इनके दाम भी बढ़ जाते हैं. ऐसे में लोग अक्सर हर बार महंगे फूल खरीदने पर मजबूर रहते हैं. लेकिन आप इससे बच सकते हैं. अगर आपके घर की बालकनी या छत पर गेंदे का पौधा लगा है, तो आप उसी से ढेर सारे फूल पा सकते हैं. इसके लिए आपको न तो महंगी खाद खरीदने की जरूरत है और न ही कोई खास इंतजाम करने की. बस पौधे की देखभाल में एक छोटी-सी बात का ध्यान रखना होगा.

अक्सर लोग गेंदे का पौधा तो लगा लेते हैं, लेकिन उसमें फूल कम आते हैं. पौधा लंबा होता जाता है और उसकी शाखाएं भी कम निकलती हैं. अगर आपके घर पर लगे गेंदे के पौधे का हाल भी कुछ ऐसा ही है, तो परेशान ना हों. आज हम आपको माली की बताई एक ऐसी ट्रिक के बारे में बताने वाले हैं, जिसका इस्तेमाल करके आप गेंदे को पौधे पर ढेरों फूल ला सकते हैं. इस तरीके से पौधा घना बनता है और उसमें ज्यादा शाखाएं निकलने लगती हैं. जब शाखाएं बढ़ेंगी, तो उन पर कलियां भी ज्यादा आएंगी. आइए जानते हैं कि गेंदे के पौधे में ज्यादा फूल पाने के लिए क्या करना चाहिए.

गेंदे के पौधे में ज्यादा फूल लाने के लिए करें ये काम
अगर गेंदे का पौधा लंबा हो रहा है, लेकिन उसमें फूल कम आ रहे हैं, तो उसकी सबसे ऊपर की नई टहनी की हल्की कटाई करें. गार्डनिंग में इसे पिंचिंग कहते हैं. इसमें पौधे के सबसे ऊपर वाले बढ़ते हिस्से को काट दिया जाता है, जिससे पौधा ऊपर की ओर बढ़ने के बजाय बगल से नई शाखाएं निकालने लगता है और धीरे-धीरे घना होने लगता है.

Advertisement

जब पौधे में ज्यादा शाखाएं होंगी, तो उस पर फूल आने के चांस भी अपने आप बढ़ जाते हैं. हालांकि, ध्यान रखें कि पिंचिंग बहुत छोटे, कमजोर या बीमार पौधे पर नहीं करनी चाहिए.

कब और कैसे करें गेंदे के पौधे की पिंचिंग?
गेंदे का पौधा जब करीब 6 से 8 इंच बड़ा हो जाए और उसमें 4 से 6 पत्तों के सेट आ जाएं, तब उसकी पिंचिंग की जा सकती है. इसके लिए पौधे की सबसे ऊपर वाली नई टहनी का करीब 1 से 2 इंच हिस्सा साफ कैंची या प्रूनर से काट दें. अगर पौधे की ऊपरी टहनी बहुत कोमल है, तो उंगलियों से भी उसका सिरा हटाया जा सकता है.

इस काम को सुबह या शाम के समय करना बेहतर रहता है. ध्यान रखें कि कैंची साफ होनी चाहिए, ताकि पौधे में किसी तरह के इंफेक्शन का खतरा न बढ़े. पिंचिंग के बाद पौधे को कुछ समय दें, ताकि उसमें नई शाखाएं निकल सकें.

एक टहनी काटने से निकल सकती हैं कई नई शाखाएं
गेंदे के पौधे की पिंचिंग करने का फायदा ये है कि कटे हुए हिस्से के नीचे से नई साइड ब्रांच निकल सकती हैं. इससे पौधा सिर्फ ऊपर की ओर बढ़ने के बजाय चारों तरफ फैलने लगता है और देखने में भी घना लगता है.

Advertisement

जब ये नई शाखाएं थोड़ी बड़ी हो जाएं, तो जरूरत पड़ने पर उनकी भी पिंचिंग की जा सकती है. इससे पौधे को और शाखाएं निकालने में मदद मिल सकती है. हालांकि, बार-बार कटाई करने से फूल आने में देरी भी हो सकती है. इसलिए पौधे की बढ़त और मौसम को देखते हुए ही पिंचिंग करें.

छोटी-छोटी कलियां दिखें तो क्या करें?
कई बार गेंदे के छोटे पौधे में ही पहली कली दिखाई देने लगती है. ऐसे में जल्द फूल देखने के बजाय पौधे की बढ़त पर ध्यान देना चाहिए. अगर पौधा अभी छोटा और कमजोर है, तो उसकी शुरुआती कली तोड़ दें. इससे पौधा फूल खिलाने के बजाय अपनी बढ़त पर ध्यान दे सकेगा और उसमें नई शाखाएं और पत्तियां निकलने लगेंगी.

हालांकि, हर पौधे की कली हटाना जरूरी नहीं है. अगर पौधा अच्छी तरह बढ़ चुका है और उसमें शाखाएं ज्यादा हैं, तो कलियों को लगा रहने दें. इससे पौधा फूल देने के लिए तैयार हो सकेगा.

ज्यादा फूलों के लिए रोज मिले इतनी धूप
पिंचिंग करने के बाद गेंदे के पौधे को सही देखभाल देना भी जरूरी है. इसे ऐसी जगह रखें, जहां रोज करीब 5 से 6 घंटे सीधी धूप मिल सके. पर्याप्त रोशनी मिलने से पौधे की बढ़त और फूल आने में मदद मिलती है.

Advertisement

पानी डालते समय भी सावधानी बरतना जरूरी है. गमले की मिट्टी सूखी लगे, तभी पानी दें. मिट्टी में लगातार पानी भरा रहने से जड़ें खराब हो सकती हैं. साथ ही, गमले में पानी निकलने के लिए छेद जरूर होना चाहिए.

गेंदे के पौधे में डालें सही खाद
पौधे को घना और हेल्दी बनाने के लिए मिट्टी में गोबर की खाद या वर्मीकंपोस्ट मिला सकते हैं. इसे पौधे की जरूरत और मिट्टी की कंडीशन के हिसाब से दें. हर 15 दिन में खाद डालना एक नॉर्मल तरीका हो सकता है, लेकिन मात्रा इतनी ही रखें कि मिट्टी में जरूरत से ज्यादा पोषण जमा न हो.

सरसों की खली का पानी में बना घोल भी कुछ लोग पौधों में इस्तेमाल करते हैं. अगर इसका इस्तेमाल करें, तो इसे अच्छी तरह सड़ने दें और पर्याप्त पानी में पतला करके ही डालें. बहुत गाढ़ा घोल या जरूरत से ज्यादा खाद पौधे की जड़ों को नुकसान पहुंचा सकती है.

दिवाली तक खिल सकते हैं ढेर सारे गेंदे के फूल?
अगर आप दिवाली पर अपने घर को गमले में उगे गेंदे के फूलों से सजाना चाहते हैं, तो पौधे को समय पर काटें, पर्याप्त धूप दें और सही मात्रा में खाद-पानी डालें. इससे पौधे में ज्यादा शाखाएं निकलेंगी और फूल भी ज्यादा आ सकते हैं.

ध्यान रखें कि फूल कितने खिलेंगे, ये पौधे की किस्म, वो कितना पुराना है, मौसम कैसा है और आप उसकी देखभाल कैसे कर रहे हैं इस पर भी निर्भर करता है. जब पौधे में कलियां आने लगें, तो उसकी कटाई बंद कर दें और नियमित देखभाल करें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement