How to Fix loose Mixer Jar: किचन में मसाले पीसने या शेक बनाने के लिए मिक्सर ग्राइंडर का इस्तेमाल रोजाना होता है. लेकिन लगातार इस्तेमाल से अक्सर इसके जार का ढक्कन ढीला पड़ जाता है. नतीजा यह होता है कि मिक्सी चलाते ही अंदर का सामान बाहर गिरने लगता है और हमें ढक्कन को हाथ से दबाकर रखना पड़ता है. कई बार हम इसके लिए नया जार खरीदने या मैकेनिक के पास जाने की सोचने लगते हैं.
लेकिन आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है. आप बिना एक भी रुपया खर्च किए और बिना किसी मैकेनिक की मदद के घर पर ही कुछ आसान ट्रिक्स की मदद से मिक्सर जार के ढीले ढक्कन को एकदम नए जैसा टाइट कर सकते हैं. यहां हम आपको कुछ ऐसी ही आसान ट्रिक्स बता रहे हैं.
गर्म पानी और बर्फ का इस्तेमाल
ढक्कन के ढीले होने का मुख्य कारण उसकी रबर गैस्केट (रबर रिंग) का फैल जाना होता है. इसे ठीक करने के लिए ढक्कन की रबर को निकालकर थोड़ी देर के लिए खौलते हुए गर्म पानी में डाल दें. इसके तुरंत बाद रबर को निकालें और बिल्कुल ठंडे या बर्फ वाले पानी में 5-10 मिनट के लिए रख दें. तापमान के इस अचानक बदलाव से रबर सिकुड़कर वापस अपने पुराने साइज में आ जाएगी और ढक्कन टाइट हो जाएगा.
रबर बैंड का देसी जुगाड़
अगर आपके पास समय कम है और तुरंत मिक्सी का इस्तेमाल करना है, तो जार के ऊपरी हिस्से पर (जहाँ ढक्कन फिट होता है) एक या दो मोटे रबर बैंड लपेट दें. इसके बाद ढक्कन लगाएं. रबर बैंड एक्स्ट्रा ग्रिप देगा जिससे ढक्कन मिक्सी चलने पर भी अपनी जगह से नहीं हिलेगा.
रबर के नीचे धागा या टेप लपेटना
ढक्कन की रबर रिंग को बाहर निकालें. अब ढक्कन के उस खांचे में जहां रबर बैठती है, वहां बालों वाली रबड़, मोटा सूती धागा या फिर सेलोटेप में कोई भी चीज दो-तीन राउंड लपेट दें. इसके बाद रबर को वापस उसके ऊपर फिट कर दें. इससे रबर का घेरा थोड़ा बाहर की तरफ उभर जाएगा और जार पर ढक्कन एकदम टाइट बैठेगा.