scorecardresearch
 

Sweet Dosa Recipe: हलवा-खीर छोड़ें, इस दशहरे घर पर बनाएं गुड़ वाला मीठा डोसा

Sweet Dosa Recipe: दशहरे पर इस बार कुछ मीठा और खास बनाना चाहते हैं तो कर्नाटक की फेमस वेल्ला डोसा रेसिपी ट्राई कर सकते हैं. गुड़, गेहूं के आटे, चावल के आटे और नारियल से बनने वाला यह मीठा डोसा खाने में काफी टेस्टी होता है और झटपट बन भी जाता है.

Advertisement
X
दशहरे पर मीठे में ट्राई करें वेल्ला डोसा (Photo- ITG)
दशहरे पर मीठे में ट्राई करें वेल्ला डोसा (Photo- ITG)

Sweet Dosa Recipe: दशहरे का त्योहार देशभर में धूमधाम से मनाया जाता है. इस दिन लोग घरों में पूजा-पाठ करते हैं और परिवार के साथ मिलकर तरह-तरह के पकवान बनाते हैं. आमतौर पर त्योहारों पर लोग मीठे में हलवा, खीर या लड्डू बनाते हैं लेकिन आप इस बार कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं तो कर्नाटक की खास मीठी डोसा रेसिपी बना सकते हैं. इस मीठे डोसे को 'वेल्ला डोसा' (Vella Dosa) भी कहा जाता है.

इसे गुड़, चावल के आटे, गेहूं के आटे और नारियल से तैयार किया जाता है. इलायची पाउडर इसकी खुशबू और स्वाद को और भी बढ़ा देता है. आप चाहें तो इसमें काजू, बादाम और किशमिश जैसे ड्राई फ्रूट्स भी डाल सकते हैं. तो आइए जानते हैं मिठी डोसा बनाने की आसान रेसिपी और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होगी.

इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)

1 कप गेहूं का आटा

1/3 कप चावल का आटा

1 कप गुड़, छोटे टुकड़ों में कटा हुआ

1/2  कप कद्दूकस किया हुआ नारियल

1-2 छोटी चम्मच इलायची पाउडर

घी, जरूरत के अनुसार

पानी, घोल बनाने के लिए

ड्राई फ्रूट्स, वैकल्पिक

मीठा डोसा घर पर कैसे बनाएं?

  1. सबसे पहले एक पैन में गुड़ और थोड़ा पानी डालकर गर्म करें. गुड़ को अच्छी तरह पिघलने दें, ताकि उसकी चाशनी तैयार हो जाए. इसके बाद गैस बंद कर दें और चाशनी को थोड़ा ठंडा होने दें. ध्यान रखें कि चाशनी पूरी तरह ठंडी न हो.
  2. अब इसमें गेहूं का आटा, चावल का आटा, कद्दूकस किया हुआ नारियल और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अगर आप डोसे को थोड़ा क्रंची बनाना चाहते हैं तो इसमें कटे हुए काजू, बादाम या किशमिश भी मिला सकते हैं.
  3. इसके बाद जरूरत के अनुसार पानी डालते हुए घोल तैयार करें. ध्यान रखें कि घोल न ज्यादा गाढ़ा हो और न ही बहुत पतला. अब तवे को गर्म करें और उस पर थोड़ा घी लगाएं.
  4. तवे पर एक बड़ा चम्मच घोल डालकर डोसे की तरह फैलाएं. ऊपर से थोड़ा घी डालें और इसे धीमी से मध्यम आंच पर पकने दें. जब डोसा एक तरफ से पक जाए, तो इसे पलटकर दूसरी तरफ से भी अच्छी तरह सेंक लें.
  5. दोनों तरफ से सुनहरा होने पर डोसे को तवे से उतार लें. इसी तरह बाकी घोल से भी डोसे तैयार कर लें. गरमागरम मीठे डोसे को परिवार के साथ परोसें और त्योहार का आनंद लें.
---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement