Moringa Pakoda Recipe: आलू-प्याज छोड़िए! इस मानसून चाय के साथ बनाएं मोरिंगा के क्रिस्पी पकौड़े, रेसिपी है आसान
Moringa Pakoda Recipe: आपने अब तक कई तरह के पकौड़े खाए होंगे, लेकिन क्या कभी मोरिंगा यानी सहजन की पत्तियों के पकौड़े खाए हैं? अगर नहीं तो आज हम आपको मोरिंगा का कुरकुरे और टेस्टी पकौड़े बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे, जिसे आप मिनटों में तैयार कर सकते हैं.
Advertisement
X
इस मानसून सहजन की पत्तियों से बनाएं कुरकुरे पकौड़े (Photo-ITG)
Moringa Pakoda Recipe: बारिश के मौसम में चाय के साथ गरमा-गरम पकोड़े खाने का अपना अलग ही मजा है. अगर इस बार आप आलू, प्याज या पालक के पकोड़ों की जगह कुछ नया और हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं तो मोरिंगा यानी सहजन के पत्तों के पकोड़े बना सकते हैं. ये पकोड़े खाने में टेस्टी होने के साथ-साथ पोषक तत्वों से भी भरपूर होते हैं. इन्हें बनाना बेहद आसान है और आप इन्हें शाम की चाय या हल्की-फुल्की भूख लगने पर स्नैक के तौर पर बना सकते हैं.
यकीन मानिए, इनका कुरकुरा स्वाद आपको इतना पसंद आएगा कि आप इन्हें बार-बार बनाना चाहेंगे. आइए जानते हैं कि मोरिगा के क्रिस्पी पकौड़ कैसे बनाते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
1 कप ताजे मोरिंगा (सहजन) के पत्ते
1 कप बेसन
1 बारीक कटा प्याज
1–2 बारीक कटी हरी मिर्च
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 छोटा चम्मच अजवाइन
नमक स्वादानुसार
थोड़ा-सा बारीक कटा हरा धनिया
जरूरत के अनुसार पानी
तलने के लिए तेल
मोरिंगा की पत्तियों से पकौड़े कैसे बनाएं?
सबसे पहले मोरिंगा (सहजन) के पत्तों को अच्छी तरह धोकर उनका सारा पानी निकाल लें. अब एक बड़े बाउल में बेसन डालें. इसमें मोरिंगा के पत्ते, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, अजवाइन, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें.
अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा और स्मूद घोल तैयार करें. ध्यान रखें कि घोल ज्यादा पतला न हो, क्योंकि इससे पकोड़े कुरकुरे नहीं बनेंगे.
इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म करें. जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए, तब तैयार मिश्रण को छोटे-छोटे हिस्सों में डालें और मीडियम गैस पर सुनहरा व कुरकुरा होने तक तल लें.
तैयार पकोड़ों को टिश्यू पेपर पर निकालें, ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए. अब इन्हें हरी चटनी, इमली की चटनी या टमाटर सॉस के साथ गरमा-गरम परोसें और बारिश के मौसम में चाय के साथ इनके स्वाद का आनंद लें.
इन बातों का रखें ध्यान
मोरिंगा (सहजन) के पत्तों को अच्छी तरह धोकर उनका सारा पानी निकाल लें, क्योंकि गीले पत्तों से घोल पतला हो सकता है.
घोल को ज्यादा पतला न बनाएं. गाढ़ा घोल होने पर पकोड़े ज्यादा कुरकुरे बनते हैं.
तेल को पहले अच्छी तरह गर्म कर लें लेकिन बहुत तेज गैस पर पकोड़े न तलें. मीडियम गैस पर तलने से वे अंदर तक अच्छी तरह पकते हैं और बाहर से कुरकुरे बनते हैं.
पकोड़ों को एक साथ बहुत ज्यादा मात्रा में तेल में न डालें. इससे तेल का तापमान कम हो जाता है और पकोड़े ज्यादा तेल सोख सकते हैं.