How to Make Papaya Cookies: बिना अंडे-चीनी के घर पर बनाएं पपीते की हेल्दी कुकीज, बच्चों को आएगी खूब पसंद!
शाम के स्नैक्स में बच्चों और बड़ों के लिए कुछ हेल्दी और टेस्टी बनाना चाहते हैं? तो सिर्फ पके पपीते और ओट्स की मदद से बिना अंडे, बिना मक्खन और बिना चीनी के ये स्वादिष्ट कुकीज बनाएं. यह रेसिपी पपीते की प्राकृतिक मिठास से भरपूर है और इसे बनाने में भी ज्यादा मेहनत नहीं लगती है. आइए इसकी आसान रेसिपी जानते हैं.
How to Make Papaya Cookies: बच्चों वाले घर में शाम को स्नैक्स में रोजाना कुछ ना कुछ टेस्टी खाने की डिमांड जरूर होती है. नाश्ते में बड़ों को भी कई बार कुछ मीठा खाने का मन करता है, मगर हर बार बाजार से खरीदकर बिस्कुट या कुकीज खाना भी सही नहीं होता है. अगर आप कुछ हेल्दी और टेस्टी खाना चाहते हैं तो आप फ्रिज में रखे पके पपीते से कुछ मजेदार कुकीज बना सकते हैं.
आप सोच रहे होंगे कि पपीता तो एक फल है और उससे कुकीज कैसे बन सकती है, लेकिन पपीते की कुकीज भी बनाए जाते हैं और इनका स्वाद बिल्कुल बाजार में मिलने वाली कुकीज के जैसा ही होता है. सबसे अच्छी बात यह है कि इनको बनाने के लिए न तो अंडे, न ही मक्खन और न ही चीनी डालने की जरूरत होती है.
इसलिए पपीते के कुकीज काफी सेहतमंद होते हैं और आप इनको आराम से अपने इवनिंग स्नैक्स की तरह रोजाना इस्तेमाल कर सकते हैं. पपीते की प्राकृतिक मिठास और ओट्स की मदद से घर पर नरम कुकीज तैयार की जा सकती हैं. इसे बनाने के लिए आपको सिर्फ दो मुख्य चीजों की जरूरत होगी. हालांकि ड्राईफ्रूट्स आप स्वाद को स्वाद बढ़ाने के लिए डाल सकते हैं. आइए इसकी आसान रेसिपी जानते हैं.
सबसे पहले एक छोटा, पूरी तरह पका हुआ पपीता लें. उसका छिलका उतारकर बीज निकाल दें और गूदे को छोटे टुकड़ों में काट लें. अब इसे एक कटोरी में डालकर कांटे या मैशर की मदद से अच्छी तरह मसल लें.
पपीते का गूदा जितना चिकना होगा, कुकीज का पेस्ट उतना ही अच्छी तरह तैयार होगा. ध्यान रखें कि पपीता कच्चा न हो, क्योंकि इससे कुकीज में मिठास नहीं आएगी.
अब मैश किए हुए पपीते में डेढ़ कप ओट्स डालें. दोनों चीजों को चम्मच से अच्छी तरह मिलाएं, ताकि ओट्स पपीते के गूदे में अच्छी तरह लिपट जाएं. मिश्रण बहुत गीला लगे तो इसमें थोड़ा और ओट्स मिला सकते हैं.
अगर यह ज्यादा सूखा लगे, तो थोड़ा पपीते का गूदा डालें. मिश्रण ऐसा होना चाहिए कि हाथ से दबाने पर उसका आकार बन सके. ओट्स डालने के बाद मिश्रण को लगभग 10 मिनट के लिए ढककर रख दें.
इससे ओट्स पपीते की नमी सोख लेंगे और मिश्रण को आकार देना आसान हो जाएगा. अगर आप चाहें, तो इस समय थोड़ी किशमिश या दालचीनी पाउडर भी मिला सकते हैं.
ओवन को 180 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट करें. अब बेकिंग ट्रे पर पार्चमेंट पेपर बिछाएं. मिश्रण से छोटे-छोटे हिस्से लेकर गोल शेप दें और हथेली या चम्मच से हल्का दबाकर कुकीज बना लें.
इन्हें ट्रे पर थोड़ी दूरी पर रखें. अब 15 से 20 मिनट तक बेक करें. कुकीज के किनारे हल्के सुनहरे होने लगें और उनका ऊपरी हिस्सा सेट हो जाए, तो इन्हें बाहर निकाल लें.
बेक होने के बाद कुकीज को लगभग 10 मिनट तक ट्रे पर ही ठंडा होने दें. ठंडा होने पर ये थोड़ी सख्त हो जाएंगी और इन्हें उठाना आसान होगा. अब इन्हें शाम की चाय या दूध के साथ सर्व कर सकते हैं.
ध्यान रखें कि पपीते की नमी के कारण ये मक्खन और मैदे से बनी नॉर्मल कुकीज की तरह कुरकुरी नहीं, बल्कि नरम और थोड़ी चबाने वाली हो सकती हैं.
कुकीज को स्टोर कैसे करें?
Advertisement
पपीता और ओट्स से बनी कुकीज को पूरी तरह ठंडा होने के बाद एयरटाइट डिब्बे में रखें. ज्यादा नमी होने के कारण इन्हें दो से तीन दिन के अंदर खा लेना सही है. ज्यादा समय तक रखने के लिए फ्रिज में रखें और खाने से पहले जरूरत के अनुसार हल्का गर्म कर लें.