उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में एक शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब मेहर की रकम को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि दुल्हन के पिता की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ गया. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पिता की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और दुल्हन पक्ष के लोगों ने बारातियों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की.
घटना खटीमा के इस्लामनगर क्षेत्र की बताई जा रही है. यहां एक शादी समारोह चल रहा था और दोनों परिवार शादी की रस्मों में शामिल थे. इसी दौरान मेहर की रकम और अन्य आर्थिक मुद्दों को लेकर दूल्हे पक्ष और दुल्हन पक्ष के बीच विवाद शुरू हो गया. शुरुआत में मामूली कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला गंभीर विवाद में बदल गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शादी समारोह में मौजूद लोगों के बीच बहस लगातार बढ़ती गई. इसी दौरान दुल्हन के पिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई. परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. पिता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं.
निकाह में मेहर की रकम को लेकर विवाद
दुल्हन के पिता की मौत के बाद दुल्हन पक्ष के लोगों में गुस्सा फैल गया. आरोप है कि गुस्साए लोगों ने बारातियों को वहीं रोक लिया और उन्हें बंधक बना लिया. इस दौरान कई बारातियों के साथ मारपीट भी की गई. शादी समारोह का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा. इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया. पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पुलिस की मौजूदगी में फिलहाल दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई जा रही है ताकि विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जा सके.
खटीमा के कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि इस्लामनगर में एक विवाह समारोह के दौरान वर पक्ष और वधु पक्ष के बीच मेहर की रकम को लेकर विवाद हो गया था. इसी दौरान लड़की के पिता की तबीयत बिगड़ गई. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई थी.
कोतवाल ने कहा कि पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद है और शांति व्यवस्था कायम है. उन्होंने बताया कि यदि किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर दी जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है.
दूल्हे ने खुद को बताया बेगुनाह, रखी अपनी बात
इस बीच दूल्हे आरिफ ने भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि यदि उन्हें पहले से पूरी जानकारी दे दी जाती तो वो मामले को संभालने की कोशिश करते. उनके अनुसार, शादी से पहले उनके परिवार ने घर बनाया था और बहन की शादी भी की थी. उन्होंने बताया कि लड़की पक्ष की ओर से मेहर की रकम साढ़े 22 लाख रुपये बताई गई थी. बाद में कहा गया कि इस रकम को उधार मान लिया जाए.
आरिफ का कहना है कि उन्होंने सिर्फ वही बात करने को कहा जो पहले से तय हुई थी. उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने रकम को लेकर बात तय की थी, वह मौके पर मौजूद नहीं था. दूल्हे ने खुद को बेगुनाह बताते हुए कहा कि उन्हें वहां बैठा दिया गया और फिर उनके साथ मारपीट की गई.
उन्होंने कहा कि उनके भाई के साथ भी मारपीट की गई. आरिफ ने कहा कि उन्हें इस बात से कोई एतराज नहीं है कि लोग गुस्से में हैं, लेकिन उन्होंने खुद को इस पूरे विवाद के लिए जिम्मेदार नहीं बताया. उन्होंने कहा कि यदि उनके माता-पिता से कोई गलती हुई है तो उसका परिणाम वे भुगतेंगे, लेकिन अन्य लोगों को इसमें नहीं घसीटना चाहिए.
तहरीर मिलने पर कार्रवाई की बात कह रही पुलिस
दूल्हे ने भावुक होते हुए कहा कि अगर किसी को सजा देनी है तो उन्हें और उनके पिता को दी जाए, लेकिन बाकी लोगों को जाने दिया जाए. उनके इस बयान ने पूरे घटनाक्रम की गंभीरता को और बढ़ा दिया. फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है. हालांकि दुल्हन के पिता की मौत और उसके बाद हुए विवाद ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. जिस शादी समारोह में खुशियों का माहौल होना चाहिए था, वहां मेहर की रकम को लेकर शुरू हुआ विवाद एक दुखद घटना में बदल गया. अब सभी की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई और दोनों पक्षों के अगले कदम पर बनी हुई है.