उत्तराखंड में आखिरकार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने 30 जून को दस्तक दे दी है. इसके साथ ही भारी बारिश शुरू हो गई है और लोगों को गर्मी एवं उमस से राहत मिली है. देहरादून मौसम केंद्र ने बताया कि राज्य के बाकी बचे हिस्सों में भी अगले दो-तीन दिनों में मॉनसून पहुंचने की संभावना है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) देहरादून ने रुद्रप्रयाग जिले में अगले चार दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए नदियों, नालों और भूस्खलन वाले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी है.
करीब 10 दिन की देरी से उत्तराखंड पहुंचे मॉनसून के साथ अब प्रदेशभर में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है. मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों में कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग (IMD) ने देहरादून और बागेश्वर जिलों में बुधवार, 1 जुलाई के लिए कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. जबकि टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, पिथौरागढ़ और हरिद्वार जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी है.
मुंबई में नहीं थम रहा बारिश का सिलसिला, अंधेरी सबवे बंद, इन इलाकों में IMD की चेतावनी
मंगलवार को कितनी बारिश हुई?
मौसम केंद्र के अनुसार, मंगलवार को विभिन्न जगहों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई है. चंपावत में 60 मिमी, देहरादून में 57.8 मिमी, कालसी में 49 मिमी और चकराता में 14 मिमी बारिश हुई है. देहरादून में मंगलवार को दिन का तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जो सामान्य से 2-3 डिग्री ज्यादा है.
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी इलाकों में यात्रा करते समय सतर्कता बरतने की अपील की है. दरअसल, भारी बारिश से निचले इलाकों में पानी भरने और ऊंचाई वाले इलाकों में भूस्खलन की आशंका है.
किस दिशा में आगे बढ़ रहा है मॉनसून?
मौसम विभाग के अनुसार, 30 जून को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के साथ उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों तक पहुंच गया है. मॉनसून की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, सागर, सीधी, आजमगढ़, अयोध्या, बरेली, देहरादून और मंडी से होकर गुजर रही है. बता दें कि आमतौर पर उत्तराखंड में मॉनसून 20 जून के आसपास पहुंच जाता है, लेकिन देश भर में इस बार मॉनसून की रफ्तार सुस्त है.