पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा अब पूरे देश में निकाली जाएगी. इसी कड़ी में आज गृहमंत्री राजनाथ सिंह, दिल्ली से अस्थि कलश लेकर लखनऊ पहुंचे. आपको बता दें कि लखनऊ वाजपेयी का संसदीय क्षेत्र भी रहा है. इस दौरान यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल रामनाईक समेत कई अन्य बड़े मंत्री भी एयरपोर्ट पर मौजूद रहे.
लखनऊ में इस अस्थि कलश यात्रा के दौरान सूबे के तमाम मंत्री गण शामिल होंगे. इस दौरान राजधानी लखनऊ में अटल बिहारी वाजपेयी के अस्थि कलश की यात्रा निकाली जाएगी.
खास बात ये रहेगी कि जिन इलाकों या चौराहों से यह यात्रा निकाली जाएगी, वहां पूर्व पीएम के अस्थि कलश के स्वागत के लिए योगी सरकार के मंत्री पहले से खड़े रहेंगे और उनको श्रद्धांजलि देंगे.
भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेई जी के अस्थि कलश 23 अगस्त 2018 को प्रात: 11 बजे चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट लखनऊ पहुंचेंगे।
— BJP Uttar Pradesh (@BJP4UP) उल्लेखनीय है कि दिल्ली में बीजेपी के पुराने मुख्यालय से पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने बीजेपी के सभी प्रदेश अध्यक्षों को अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश सौंपकर देश भर में यात्रा के लिए रवाना किया था.सभी प्रदेश अध्यक्ष अपने-अपने राज्यों में अस्थि कलश लेकर जाएंगे, जिसके बाद पूरे राज्य में अस्थि कलश यात्रा निकाली जाएगी. राजधानी से लेकर तालुका तक अटल कलश यात्रा और शोक सभा का आयोजन किया जाएगा.
उल्लेखनीय है कि 19 अगस्त को हरिद्वार (उत्तराखंड) में अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि कलश यात्रा निकाली गई थी. इसके बाद हर की पौड़ी में गंगा में वाजपेयी की अस्थियां प्रवाहित की गई थीं. इस दौरान वाजपेयी के परिजनों के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
इससे पहले इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम के के डी जाधव सभागार में वाजपेयी की याद में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया था जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित देश के सभी राजनातिक दलों और सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के वरिष्ठ सदस्यों ने वाजपेयी को श्रद्धा-सुमन अर्पित किये थे.