scorecardresearch
 

राहुल गांधी ने सराहा सिद्धारमैया का इस्तीफा, बोले- पार्टी के लिए दिया बड़ा त्याग

कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन के बीच कांग्रेस के भीतर नई कैबिनेट और सामाजिक संतुलन को लेकर मंथन तेज हो गया है. राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री पद छोड़ने पर सिद्धारमैया की तारीफ करते हुए उन्हें पार्टी के प्रति समर्पण की मिसाल बताया. वहीं सिद्धारमैया ने हाईकमान से साफ कहा है कि SC, ST, OBC और लिंगायत समुदायों को बराबर प्रतिनिधित्व दिए बिना डिप्टी CM पद बनाने का कोई मतलब नहीं है.

Advertisement
X
मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद शुक्रवार को सिद्धारमैया ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की (File Photo- X)
मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद शुक्रवार को सिद्धारमैया ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की (File Photo- X)

कर्नाटक की सत्ता में बदलाव के बीच कांग्रेस नेतृत्व और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बीच लगातार मंथन जारी है. मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद शुक्रवार को सिद्धारमैया ने दिल्ली में राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की. इस दौरान नई सरकार के गठन, कैबिनेट में प्रतिनिधित्व और उनके समर्थकों को जगह देने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई.

सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी ने सिद्धारमैया की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी के वादे और संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाकर दूसरे नेताओं के लिए मिसाल कायम की है. राहुल गांधी ने उनसे कहा, 'आपने कुर्सी छोड़कर पार्टी और विचारधारा के प्रति अपनी निष्ठा दिखाई है. इसे देखकर मुझे बेहद खुशी हो रही है.'

दिल्ली में हुई बैठकों के दौरान सिद्धारमैया ने हाईकमान के सामने साफ किया कि नई सरकार में सामाजिक संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि यदि अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), ओबीसी और लिंगायत समुदायों को उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिलता है तो सरकार में डिप्टी सीएम पद रखने का कोई मतलब नहीं है. सूत्रों के अनुसार सिद्धारमैया ने कहा कि अगर इन समुदायों को बराबरी से जगह नहीं दी जाती तो डिप्टी सीएम बनाने की आवश्यकता ही नहीं है.

Advertisement

बताया जा रहा है कि कांग्रेस हाईकमान ने सिद्धारमैया को आश्वासन दिया है कि उनके बेटे यतींद्र सिद्धारमैया को सरकार या संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी. सिद्धारमैया अभी तक अपने खेमे के नेताओं के नाम कैबिनेट के लिए अंतिम रूप नहीं दे पाए हैं. माना जा रहा है कि वे शनिवार को कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक से पहले अपनी सूची रणदीप सुरजेवाला को सौंप सकते हैं.

दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान सिद्धारमैया ने यह भी कहा कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व के निर्देश के अनुसार मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया है. सूत्रों के अनुसार उन्होंने राज्यसभा भेजे जाने के प्रस्ताव को भी ठुकरा दिया और साफ कहा कि वह कर्नाटक की राजनीति में ही सक्रिय रहना चाहते हैं.

उधर, डीके शिवकुमार ने संकेत दिए हैं कि शनिवार को बेंगलुरु में होने वाली कांग्रेस विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर औपचारिक मुहर लग सकती है. बैठक में केसी वेणुगोपाल और रणदीप सुरजेवाला भी मौजूद रहेंगे.

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी बेहद अनुशासित तरीके से सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है. वहीं राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सिद्धारमैया सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नई कैबिनेट में अपने समर्थकों और विभिन्न समुदायों के नेताओं के लिए मजबूत हिस्सेदारी सुनिश्चित करना चाहते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement