दिल्ली का जंतर-मंतर अक्सर अपने राजनीतिक प्रदर्शनों और गंभीर आंदोलनों के लिए चर्चा में रहता है. लेकिन गुरुवार को यहां एक ऐसा बेहद अजीब और मजेदार वाकया सामने आया, जिसने गंभीर माहौल के बीच वहां मौजूद लोगों को हंसने पर मजबूर कर दिया. इस पूरे वाक्ये के वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. हालांकि आजतक इनकी पुष्टि नहीं करता है.
दरअसल, समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी और मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव, नीट पेपर लीक और शिक्षा सुधारों को लेकर अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक के समर्थन में जंतर-मंतर पहुंची थीं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दावा है कि जैसे ही वे मंच के करीब पहुंचीं, आंदोलन का नेतृत्व कर रही 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के कार्यकर्ता ने माइक संभालते हुए बेहद उत्साह में घोषणा कर दी, 'आपसे मिलने के लिए देश की युवा सांसद, समाजवादी पार्टी से डिंपल कपाड़िया जी यहां मौजूद हैं.'
मंच संचालक ने सुधारी गलती
हालांकि माइक से 'डिंपल कपाड़िया' (दिग्गज बॉलीवुड अभिनेत्री) का नाम सुनते ही जंतर-मंतर पर मौजूद भीड़ और सपा कार्यकर्ताओं के कान खड़े हो गए. मंच के सामने खड़े लोगों ने तुरंत हूटिंग शुरू कर दी और जोर-जोर से चिल्लाकर नाम की गलती की तरफ इशारा किया.
वीडियो के मुताबिक अपनी इस भूल का अहसास होते ही मंच संचालक ने तुरंत स्थिति को संभाला. उन्होंने अपनी गलती के लिए माफी मांगी और झटपट नाम में सुधार करते हुए उन्हें 'डिंपल यादव' कहकर संबोधित किया. इस पल के लिए वहां का माहौल थोड़ा असहज जरूर हुआ, लेकिन जल्द ही ठहाकों में बदल गया. लेकिन तब तक पूरा माजरा वीडियो में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं.
डिंपल ने लोगों से प्रदर्शन में जुड़ने की अपील की
डिंपल यादव सीधे मुख्य मंच पर पहुंचीं और सोनम वांगचुक से मुलाकात की. उन्होंने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और आंदोलन को समाजवादी पार्टी का समर्थन दोहराया. डिंपल यादव ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि युवाओं की आवाज सुनी जाएगी. उन्होंने देशभर के युवाओं से 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद तक प्रस्तावित मार्च में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह उनके अधिकारों और सम्मान की लड़ाई है.
उन्होंने यह भी बताया कि सोनम वांगचुक ने संकेत दिया है कि वह 20 जुलाई को अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर सकते हैं.
वहीं, CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने दावा किया कि डिंपल यादव ने सोनम वांगचुक से 20 जुलाई को अनशन खत्म करने का अनुरोध किया और भरोसा दिलाया कि इसके बाद समाजवादी पार्टी संसद के भीतर इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगी. हालांकि, उनके मुताबिक सोनम वांगचुक ने इस अनुरोध पर तत्काल कोई जवाब नहीं दिया.
डिंपल यादव के साथ समाजवादी पार्टी के कई सांसद और नेता भी धरना स्थल पर मौजूद रहे. इनमें धर्मेंद्र यादव, रुचि वीरा, नरोत्तम पटेल, धर्मेंद्र मलिक, मोहिबुल्लाह नदवी और विधायक रागिनी सोनकर शामिल थे.
19 दिन से अनशन पर बैठे हैं वांगचुक
गौरतलब है कि सोनम वांगचुक पिछले 19 दिनों से शिक्षा सुधार, नीट पेपर लीक मामले में कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे हैं. लगातार अनशन के चलते उनकी सेहत को लेकर भी चिंता जताई जा रही है. इस बीच समाजवादी पार्टी उनके आंदोलन के समर्थन में खुलकर सामने आई है. इससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी सोनम वांगचुक से अनशन समाप्त करने की अपील कर चुके हैं, जबकि पार्टी की सांसद प्रिया सरोज भी उनके समर्थन में धरना स्थल पहुंच चुकी हैं.