केरलम का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? कांग्रेस सरकार चलाने की जिम्मेदारी किसे सौंपेगी? इसे लेकर सस्पेंस अभी भी बरकरार है. केरलम के चुनाव नतीजे 4 मई को आए थे. 4 मई को केरलम के साथ ही पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाैडु और पुडुचेरी के नतीजे भी आए. इन चारों राज्यों में नई सरकार का गठन हो गया,
मुख्यमंत्रियों ने शपथ भी ले ली. लेकिन तिरुवनंतपुरम से लेकर दिल्ली तक कांग्रेस में मैराथन बैठकों के बावजूद पार्टी केरलम के सीएम को लेकर फैसला नहीं ले सकी है. माना जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी कुछ घंटों में केरलम के अगले सीएम के नाम का ऐलान कर सकती है. इस अगर-मगर के बीच केरलम सीएम की रेस में शामिल कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीशन और वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला के खेमों में बेचैनी बढ़ रही है.
वेणुगोपाल को कांग्रेस नेतृत्व की पसंद माना जा रहा है और इसे लेकर अब केरलम कांग्रेस में पोस्टर वार शुरू हो गया है. केरलम के वायनाड में वेणुगोपाल के विरोध में पोस्टर लगे नजर आए. वायनाड से राहुल गांधी सांसद रहे हैं और फिलहाल, लोकसभा में इस सीट का प्रतिनिधित्व प्रियंका गांधी कर रही हैं. प्रियंका गांधी के निर्वाचन क्षेत्र वायनाड में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को निशाना बनाते हुए पोस्टर लगाए गए हैं. इसे कांग्रेस में जमीनी स्तर पर अगले सीएम को लेकर बढ़ती बेचैनी से जोड़कर देखा जा रहा है.
यह भी पढ़ें: केरलम का CM कौन? सोनिया गांधी करेंगी फैसला, दिल्ली में 3 घंटे हुआ मंथन
अंग्रेजी में छपे इन पोस्टर्स में चेतावनी दी गई है कि अगर केसी वेणुगोपाल को मुख्यमंत्री बनाया गया, तो केरलम की जनता कांग्रेस हाईकमान को माफ नहीं करेगी. यह पोस्टर वायनाड में जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय के पास लगाए गए हैं. एक पोस्टर में तो यह तक दावा किया गया है कि ऐसा फैसला हुआ, तो वायनाड अगला अमेठी बन जाएगा.
यह भी पढ़ें: केरलम का अगला CM कौन? हफ्तेभर से सस्पेंस बरकरार, कांग्रेस के इन 3 नेताओं के नाम पर मंथन तेज
इन पोस्टर्स में केसी वेणुगोपाल की आलोचना करते हुए उन्हें राहुल गांधी का बैग उठाने वाला बताया गया है और कहा गया है कि अगर नेतृत्व उनका समर्थन करता है, तो विरोध प्रदर्शन तेज होंगे. कुछ पोस्टर्स में सीधे-सीधे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा गया है कि केरलम उनके मूर्खतापूर्ण फैसलों को माफ नहीं करेगा. इनमें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को वायनाड भूल जाने की चेतावनी दी गई है और दावा किया गया है कि वे दोबारा इस सीट से नहीं जीत पाएंगे.