मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने जानकारी दी है कि सोशल मीडिया पर उनके नाम से बनाए गए एक फेक अकाउंट से एआई जनरेटेड पोस्ट शेयर की जा रही हैं. उन्होंने बताया कि फेसबुक पर उनके नाम से बनाई गई फर्जी आईडी का उनसे कोई संबंध नहीं है और यह उनकी ओर से अधिकृत नहीं है.
उमा भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि फेसबुक पर मेरे नाम की फेक आईडी बनाकर उसमें कोई ग्रुप AI जेनरेटेड पोस्ट कर रहा है, उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अकाउंट उनकी तरफ से अधिकृत नहीं है और न ही उससे उनका कोई संबंध है.
उमा भारती ने एक्स पर एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है, इसमें एक सवाल पूछा गया है कि आने वाले समय में मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री किसे होना चाहिए. इस पोस्ट में जीतू पटवारी और मोहन यादव के नाम शामिल किए गए हैं.
वहीं, कुछ दिन पहले उमा भारती ने दतिया उपचुनाव को लेकर भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया दी थी. उमा भारती ने दतिया सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को जीत का आशीर्वाद दिया. उन्होंने बताया कि आशुतोष तिवारी ने मुझे फोन करके जीत का आशीर्वाद मांगा.
इस बीच उमा भारती ने नरोत्तम मिश्रा के आशुतोष तिवारी के नॉमिनेशन में शामिल होने के फैसले को आदर्श उदाहरण भी बताया. उन्होंने कहा कि नरोत्तम मिश्रा का बहुत सम्मान करती हूं, उनसे स्नेह रखती हूं.
बता दें, मध्य प्रदेश सरकार में नरोत्तम मिश्रा की जगह बीजेपी ने उपचुनाव में आशीष तिवारी को टिकट दिया. दतिया सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा और चुनाव के नतीजे 3 अगस्त को जारी होंगे.