scorecardresearch
 

रणबीर कपूर और विकास खन्ना का जलवा... TIME मैगजीन में दुनिया के सबसे प्रभावशाली लोगों में शामिल

TIME मैगजीन की 2026 की 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में सुंदर पिचाई, विकास खन्ना और रणबीर कपूर शामिल हुए हैं. पिचाई को AI में योगदान, खन्ना को समाजसेवा और भारतीय संस्कृति को वैश्विक मंच पर ले जाने, जबकि रणबीर को अपने संवेदनशील अभिनय के लिए सराहा गया. लिस्ट में डोनाल्ड ट्रंप, शी जिनपिंग जैसे वैश्विक नेता भी हैं.

Advertisement
X
इस साल की लिस्ट में भारत और भारतीय मूल की हस्तियों का दबदबा देखने को मिला है. (File Photo- Social Media)
इस साल की लिस्ट में भारत और भारतीय मूल की हस्तियों का दबदबा देखने को मिला है. (File Photo- Social Media)

प्रतिष्ठित TIME मैगजीन ने साल 2026 के लिए दुनिया के '100 सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों' की लिस्ट जारी कर दी है. इस साल की लिस्ट में भारत और भारतीय मूल की हस्तियों का दबदबा देखने को मिल रहा है. गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई, बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर, मशहूर शेफ विकास खन्ना, यूट्यूब के सीईओ नील मोहन और न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी को इस लिस्ट में जगह मिली है.

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक मैगजीन ने अपनी लिस्ट जारी करते हुए कहा कि इस साल के चुने गए लोग 'दुनिया की संस्कृति और सोच को नए और अभूतपूर्व तरीकों से बदल रहे हैं.' इस लिस्ट में वैश्विक नेता, कलाकार, वैज्ञानिक, डॉक्टर, खिलाड़ी और उद्यमी शामिल हैं, जिनका असर पूरी दुनिया पर दिखाई देता है.

वैश्विक नेताओं का दबदबा

इस लिस्ट में दुनिया के कई बड़े नेताओं के नाम भी शामिल हैं, जैसे डोनाल्ड ट्रंप, शी जिनपिंग, बेंजामिन नेतन्याहू और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी. इसके अलावा पोप लियो XIV और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो जैसे नाम भी इस लिस्ट में शामिल हैं.

TIME ने सुंदर पिचाई की प्रोफाइल में खास तौर पर उनके AI क्षेत्र में योगदान को रेखांकित किया. 2015 में Google के CEO बनने के बाद पिचाई ने कंपनी को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में नई दिशा दी. उनके नेतृत्व में Google ने कई आधुनिक AI प्रोडक्ट्स लॉन्च किए, जैसे Google AI Studio, NotebookLM, Gemini CLI और Antigravity. 

Advertisement

मैगजीन के मुताबिक, पिचाई की सबसे बड़ी ताकत यह है कि उन्होंने जटिल तकनीक को आम लोगों तक पहुंचाया, जिससे आज अरबों लोग AI का इस्तेमाल कर रहे हैं. यह भी कहा गया कि Google आज भी AI डीप-टेक सेक्टर में अग्रणी बना हुआ है और इसकी तकनीक दुनिया भर में जानकारी के निर्माण और उपयोग के तरीके को बदल रही है.

विकास खन्ना: फूड के जरिए दिलों को जोड़ने वाले

विकास खन्ना को TIME ने सिर्फ एक शेफ नहीं, बल्कि 'बड़े दिल वाला इंसान' बताया. उनकी पहचान दुनिया भर में भारतीय खाने को बढ़ावा देने और समाजसेवा के लिए भी है. उनके न्यूयॉर्क स्थित रेस्टोरेंट 'Bungalow' को TIME ने एक ऐसा मंच बताया जहां हर डिश एक कहानी कहती है. इसमें भारतीय परंपरा, यादें और संस्कृति झलकती है.

TIME के मुताबिक, विकास खन्ना की खासियत यह है कि वे खाने के जरिए लोगों को जोड़ते हैं और अलग-अलग संस्कृतियों के बीच पुल का काम करते हैं. उनका प्रभाव सिर्फ किचन तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग तक पहुंचता है.

रणबीर कपूर: अभिनय से बनी पहचान

रणबीर कपूर के बारे में अभिनेता आयुष्मान खुराना ने TIME में लिखा कि रणबीर उन कलाकारों में हैं जो अपने अभिनय से खुद एक विरासत बन जाते हैं. इसने कहा कि आज के दौर में जहां फिल्मों की सफलता को बॉक्स ऑफिस से मापा जाता है, वहीं रणबीर अपने शांत और गहरे अभिनय से दर्शकों की भावनाओं को छूते हैं.

Advertisement

TIME ने भी माना कि रणबीर कपूर भारतीय सिनेमा को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान दे रहे हैं. वे सिर्फ एक स्टार नहीं, बल्कि एक ऐसे कहानीकार हैं जो भारत की संस्कृति और भावनाओं को दुनिया तक पहुंचा रहे हैं.

नील मोहन: यूट्यूब का विस्तार

नील मोहन के नेतृत्व में YouTube ने जबरदस्त विस्तार देखा है. TIME के मुताबिक, आज YouTube सिर्फ वीडियो प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि खेल, पॉडकास्ट और एंटरटेनमेंट का बड़ा केंद्र बन चुका है. उन्होंने बड़े स्पोर्ट्स लीग्स के साथ समझौते किए और साथ ही क्रिएटर्स के साथ मजबूत रिश्ता भी बनाया. TIME ने कहा कि मोहन की सबसे बड़ी ताकत उनका तकनीकी ज्ञान और लोगों से जुड़ने की क्षमता है.

जोहरान ममदानी: नई पीढ़ी की राजनीति

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी को TIME ने डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए नई ऊर्जा का स्रोत बताया. वे अमेरिका के सबसे बड़े शहर के दूसरे सबसे युवा मेयर हैं. हालांकि उनके सामने कई चुनौतियां हैं, जैसे हाउसिंग पॉलिसी और आर्थिक संतुलन, लेकिन अब तक उन्होंने कई अहम कदम उठाए हैं, जिनकी सराहना भी हो रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement