scorecardresearch
 

भारत की मेजर अभिलाषा बराक को मिला UN में अवॉर्ड, PM मोदी बोले- देश की बेटियों के लिए प्रेरणा

मेजर अभिलाषा बराक को संयुक्त राष्ट्र में उनके योगदान के लिए 'मिलिट्री जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर' पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है. पीएम मोदी ने मेजर अभिलाषा की सफलता को देश की बेटियों के लिए प्रेरणा बताया है.

Advertisement
X
पीएम मोदी ने मेजर अभिलाषा को बधाई दी. (Photo- X/Narendra Modi)
पीएम मोदी ने मेजर अभिलाषा को बधाई दी. (Photo- X/Narendra Modi)

मेजर अभिलाषा बराक को संयुक्त राष्ट्र (UN) का 'मिलिट्री जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर' पुरस्कार से नवाजा गया है. ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है. पीएम मोदी ने कहा कि ये सम्मान मेजर अभिलाषा की सेवा और संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में भारत के ऐतिहासिक योगदान की पहचान है.

मेजर अभिलाषा बराक इस समय लेबनान में संयुक्त राष्ट्र के मिशन में अपनी सेवाएं दे रही हैं. उन्हें लेबनान में अपनी तैनाती के दौरान महिलाओं और लड़कियों के बीच सुरक्षा और सहयोग बढ़ाने के लिए इस 'मिलिट्री जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर' अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है.

मेजर अभिलाषा के नाम एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज है. वो भारतीय सेना की पहली महिला कॉम्बैट हेलीकॉप्टर पायलट भी हैं.

पीएम मोदी ने सराहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, 'यूएन मिलिट्री जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर पुरस्कार से सम्मानित होने पर मेजर अभिलाषा बराक को बहुत-बहुत बधाई. पीएम मोदी ने आगे बताया कि मेजर अभिलाषा लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल (UNIFIL) के तहत एक 'एंगेजमेंट टीम कमांडर' और 'जेंडर फोकल पॉइंट' के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं.'

Advertisement

'देश की बेटियों के लिए प्रेरणा'

प्रधानमंत्री ने मेजर अभिलाषा की तारीफ करते हुए आगे कहा, 'ये सम्मान उनकी बेहतरीन सेवा का सबूत है. साथ ही ये संयुक्त राष्ट्र के शांति स्थापना प्रयासों में भारत के लंबे समय से चले आ रहे योगदान को भी दिखाता है. उनकी ये कामयाबी अनगिनत युवा भारतीयों, विशेष रूप से हमारी उन बेटियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है, जो देश और इंसानियत की सेवा करने की इच्छा रखती हैं.'

संयुक्त राष्ट्र शांति स्थापना के मुताबिक, इस अवॉर्ड के विजेता का चुनाव हर साल सभी शांति अभियानों के फोर्स कमांडरों और मिशन प्रमुखों की ओर से नामांकित उम्मीदवारों में से किया जाता है.

संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशनों में सैनिक और पुलिस भेजने के मामले में भारत दुनिया के सबसे बड़े देशों में शामिल है. आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी 2026 तक लेबनान में संयुक्त राष्ट्र के इस मिशन में 48 देशों के कुल 7,538 शांति सैनिक तैनात हैं. इस मिशन में भारत के 642 सैनिक शामिल हैं.

यह भी पढ़ें: दुबई में भारतीय डॉक्टरों-नर्सों पर मंडराया वीजा बैन का खतरा, केरल के सीएम ने पीएम मोदी से लगाई मदद की गुहार

सैनिकों की संख्या के मामले में भारत दुनिया में चौथे स्थान पर है. इस लिस्ट में इटली (784 सैनिकों) के साथ पहले, इंडोनेशिया (756 सैनिकों) के साथ दूसरे और स्पेन (660 सैनिकों) के साथ तीसरे नंबर पर है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement