नोएडा में एक फ्लैट की छत का बड़ा हिस्सा गिरने की जानकारी सामने आई है. नोएडा के सेक्टर-75 स्थित गार्डेनिया गेटवे सोसाइटी में गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया. यहां सोसाइटी के प्लॉट नंबर 9 स्थित टावर सी-2 के फ्लैट नंबर 1814 में अचानक छत के लेंटर का एक बड़ा हिस्सा गिर गया.
घटना के समय फ्लैट में मौजूद व्यक्ति कुछ क्षण पहले ही बिस्तर से उठकर पानी पीने गया था, जिससे उसकी जान बच गई. बताया जा रहा है कि अगर वह उसी स्थान पर मौजूद रहता तो बड़ा हादसा हो सकता था.
वहीं इस घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में दहशत का माहौल है. उनका कहना है कि सोसाइटी में निर्माण गुणवत्ता को लेकर लंबे समय से शिकायतें सामने आती रही हैं. कई जगह दीवारों में दरारें, प्लास्टर गिरने, बालकनियों के क्षतिग्रस्त होने और अन्य निर्माण संबंधी खामियों की शिकायतें लगातार मिलती रही हैं.
हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका
निवासियों का आरोप है कि इन समस्याओं के बावजूद बिल्डर की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है. उनका कहना है कि लोग अपने ही घरों और कॉमन एरिया में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं और हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है.
घटना के बाद निवासियों ने संबंधित अधिकारियों से पूरे गार्डेनिया गेटवे परिसर का तत्काल स्ट्रक्चरल सेफ्टी ऑडिट कराने और जहां-जहां निर्माण संबंधी खामियां हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की जनहानि से बचा जा सके. फिलहाल इस मामले में बिल्डर या संबंधित प्राधिकरण की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.