दिल्ली में NEET पेपर लीक को लेकर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच तमिलनाडु की सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET को पूरी तरह खत्म करने की मांग दोहराई है. पार्टी ने कहा कि वह सिर्फ परीक्षा में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ नहीं, बल्कि NEET व्यवस्था के ही विरोध में है.
TVK ने कहा कि मेडिकल शिक्षा समेत पूरी शिक्षा व्यवस्था पर राज्यों का नियंत्रण होना चाहिए. इसके लिए शिक्षा को संविधान की समवर्ती सूची (Concurrent List) से हटाकर राज्य सूची (State List) में शामिल किया जाना चाहिए. पार्टी का कहना है कि अगर ऐसा करना फिलहाल संभव नहीं है तो अंतरिम व्यवस्था के तौर पर एक विशेष समवर्ती सूची बनाई जाए, जिससे राज्यों को मेडिकल शिक्षा सहित शिक्षा से जुड़े सभी मामलों में फैसले लेने का अधिकार मिल सके.
पार्टी ने अपने बयान में कहा कि यही स्थायी और व्यावहारिक समाधान है और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पहले भी इस मुद्दे पर अपनी स्पष्ट राय रख चुके हैं.
DMK पर वोट की राजनीति करने का आरोप
TVK ने बिना नाम लिए मुख्य विपक्षी दल DMK पर भी निशाना साधा. पार्टी ने कहा कि वह लोगों को वोट के लिए झूठे वादे करने या दूसरों के संघर्ष का श्रेय लेने की राजनीति नहीं करेगी. गौरतलब है कि DMK ने 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता में आने पर NEET खत्म करने का वादा किया था.
यह भी पढ़ें: CM बनते ही एक्शन मोड में विजय थलपति! राशन की दुकान से हॉस्टल तक अचानक पहुंचकर मचा दी हलचल
दिल्ली में NEET पेपर लीक के खिलाफ चल रहा आंदोलन
यह बयान ऐसे समय आया है जब तमिलनाडु सचिवालय के बाहर रैपर 'थेरुक्कुरल' अरिवु ने NEET के खिलाफ नारे लगाए थे. इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था. इस मामले को लेकर भी राज्य की राजनीति गरमा गई है.
TVK ने कहा कि NEET को पूरी तरह समाप्त करना, शिक्षा और मेडिकल एडमिशन पर राज्यों को पूर्ण अधिकार देना और शिक्षा नीति में राज्यों की भूमिका बढ़ाना उसकी अडिग और स्पष्ट नीति है. पार्टी ने दोहराया कि वह इस मुद्दे पर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी.