scorecardresearch
 
Advertisement

Jantar Mantar CJP Protest LIVE: 'राहुल गांधी छात्रों के मुद्दे पर राजनीतिक रोटियां सेंक रहे...', बोले- जेपी नड्डा

aajtak.in | नई दिल्ली | 22 जुलाई 2026, 8:59 PM IST

CJP Protest in Delhi Live Updates: शिक्षा व्यवस्था और नीट परीक्षा घोटाला के खिलाफ जंतर-मंतर से शुरू हुआ आंदोलन अब पूरे देश में फैल गया है. वहीं इस पूरे मामले में कांग्रेस सांसद ने मंगलवार को बड़ा प्रदर्शन करते हुए छात्रों के मुद्दे पर सरकार से सवाल पूछा है. बुधवार को उन्होंने प्रेस कान्फ्रेंस की और पेपर लीक पर सवाल उठाए. अब इसके जवाब में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा प्रेस वार्ता कर रहे हैं.

JP Nadda JP Nadda

देश में शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के खिलाफ शुरू हुआ आंदोलन अब राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गया है. जंतर-मंतर से शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन कई राज्यों तक फैल चुका है, जिसमें छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों के साथ कांग्रेस समेत विपक्षी दल भी शामिल हो गए हैं. संसद मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ तथा राहुल गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया गया. विपक्ष ने इसे छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश बताया, जबकि सरकार ने आरोप लगाया कि विपक्ष इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहा है. संसद के मानसून सत्र में भी यह मुद्दा जोर-शोर से उठा.

वहीं इस बीच बुधवार को राहुल  गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और सरकार पर पेपर लीक व छात्रों के मुद्दे पर सरकार से सवाल किया. उन्होंने तीन मांगे रखीं और कहा कि छात्रों के हित में ये मुद्दे जरूरी हैं और इनसे पीछे नहीं हटेंगे. राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक की समस्या बेहद गंभीर हो चुकी है और इससे करोड़ों छात्र प्रभावित हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में 152 पेपर लीक की घटनाएं हुईं, लेकिन किसी भी मामले में दोषसिद्धि नहीं हुई. उनके अनुसार इससे 7.5 करोड़ छात्र और उनके परिवार प्रभावित हुए हैं. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित रूप से कमजोर किया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा व्यवस्था सिर्फ भ्रष्ट नहीं, बल्कि बेहद महंगी भी हो गई है. उनके मुताबिक, सरकार का शिक्षा बजट करीब 1.4 लाख करोड़ रुपये है, जबकि केवल NEET परीक्षा की तैयारी और परीक्षा पर परिवारों का सालाना खर्च लगभग 1.32 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है.

इसके जवाब में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा प्रेस वार्ता कर रहे हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने पेपर लीक के मुद्दे पर कहा कि छात्रों की मांग और उनके द्वारा उठाया गया पेपर लीक का मुद्दा गंभीर है. 

पेपर लीक मामले में और प्रदर्शन से संबंधित सारे अपडेट के लिए Live Blog के साथ बने रहें.

8:57 PM (3 घंटे पहले)

जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर उठाए सवाल

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

जेपी नड्डा ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि,  हम चर्चा के लिए तैयार हैं , सारे पहलुओं पर चर्चा होनीं चाहिए. मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं आप selective क्यों हैं, आप पॉलिटिकल माइलेज क्यों लेना चाहते  उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप पर लगाते हुए कहा कि वह इस मामले में सिर्फ राजनीतिक रोटी सेंकना चाहते हैं.

8:54 PM (3 घंटे पहले)

पेपर लीक का मुद्दा गंभीर- जेपी नड्डा

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने पेपर लीक के मुद्दे पर कहा कि छात्रों की मांग और उनके द्वारा उठाया गया पेपर लीक का मुद्दा गंभीर है. उन्होंने कहा, "सबसे पहले मैं अपील करता हूं कि इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए और इससे राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश भी उचित नहीं है. यह एक गंभीर समस्या है, जिस पर गहन चर्चा की आवश्यकता है. "

8:40 PM (3 घंटे पहले)

'छात्रों पर न हो बल प्रयोग...', सोनम वांगचुक ने जारी किया वीडियो

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने गुरुग्राम स्थित अस्पताल से अपना वीडियो मैसेज जारी किया है. इस वीडियो में वह कहते दिख रहे हैं कि 'मैं अभी जिंदा हूं. उन्होंने कहा कि मैं, मैं सरकार से विनती करता हूं कि वो बच्चों पर ताकत या बल का प्रयोग न करें. मुझे इस पर सरकार से आश्वासन चाहिए, अगर आश्वासन मिल जाए तो मैं आज ही अनशन तोड़ूंगा. अगर आश्वसन नहीं मिला तो मैं अनशन जारी रखूंगा.' 

 

ABHI BHI ZINDA HUN.... DAY 25 pic.twitter.com/SnwKXMfvOO

— Sonam Wangchuk (@Wangchuk66) July 22, 2026

सोनम ने कहा- अनशन को 25 दिन बीत गए हैं लेकिन अभी तक जिंदा हूं. कुछ सांसद मुझसे मिलने आए, उन्होंने भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की. मुझे अगर सरकार की तरफ से भरोसा मिले तो मैं आज ही अनशन खत्म करने को तैयार हूं. बस सरकार छात्रों के खिलाफ कार्रवाई न करें.

8:13 PM (3 घंटे पहले)

सोनम वांगचुक की पत्नी ने सरकार पर लगाए आरोप

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि आंगमो ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद सोनम वांगचुक को बेहतर इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल से यहां लाया गया था. अदालत ने स्पष्ट कहा था कि सोनम किसी हिरासत में नहीं हैं और उन्हें बेहतर इलाज तथा स्वतंत्र माहौल उपलब्ध कराया जाए, ताकि अस्पताल में पुलिस की मौजूदगी न रहे.

डॉ. आंगमो ने कहा कि इसके बावजूद अस्पताल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है. उन्होंने इसे शर्मनाक बताते हुए कहा कि 25 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे एक भारतीय नागरिक को मानसिक शांति नहीं दी जा रही, बल्कि लगातार तनावपूर्ण माहौल में रखा जा रहा है. उन्होंने कहा कि कई सांसद सोनम वांगचुक से मिलने और उन्हें अनशन समाप्त करने का अनुरोध करने के लिए सभी सांसदों के हस्ताक्षर वाला पत्र लेकर आए हैं, लेकिन सरकार उन्हें मिलने की अनुमति नहीं दे रही है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार नहीं चाहती कि सोनम वांगचुक अपना अनशन समाप्त करें.

डॉ. आंगमो ने बताया कि सोनम वांगचुक ने आज सोशल मीडिया पर कहा है कि वह तभी अपना अनशन तोड़ेंगे, जब सांसद उनसे अनुरोध करेंगे और भारत सरकार यह आश्वासन देगी कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई गलत कार्रवाई नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि यह आश्वासन कानूनी, शारीरिक या एफआईआर समेत किसी भी प्रकार की कार्रवाई न करने से जुड़ा होना चाहिए.
 

Advertisement
7:07 PM (4 घंटे पहले)

जंतर-मंतर पर पथराव, ड्यूटी पर तैनात एसीपी घायल

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

दिल्ली पुलिस के अनुसार, शाम करीब 4:30 बजे जंतर-मंतर पर कानून-व्यवस्था की ड्यूटी निभा रहे पंजाबी बाग के एसीपी जय प्रकाश प्रदर्शनकारियों की ओर से हुए कथित पथराव में घायल हो गए. पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान हुए पथराव में एक पत्थर एसीपी जय प्रकाश के माथे पर आकर लगा, जिससे उन्हें चोट आई. इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. दिल्ली पुलिस ने कहा कि मामले से जुड़ी आगे की जानकारी उपलब्ध होने पर साझा की जाएगी. 

इनपुट: हिमांशु मिश्रा-अरविंद ओझा

ACP

7:01 PM (5 घंटे पहले)

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कम कुछ स्वीकार नहीं- CJP

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

सीजेपी (CJP) ने स्पष्ट किया है कि वह केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अडिग है और जब तक सरकार उनकी प्रमुख मांगें नहीं मानती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. संगठन की मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें, आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए, और शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई या अभियोजन (Prosecution) न किया जाए. सीजेपी का कहना है कि इन मांगों के पूरा होने तक उसका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा.

6:33 PM (5 घंटे पहले)

सोनम वांगचुक से मिलने जाएगा विपक्षी सांसदों का प्रतिनिधिमंडल

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

सोनम वांगचुक से मुलाकात के लिए विपक्षी सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल जाएगा. इस प्रतिनिधिमंडल में आम आदमी पार्टी (AAP), राष्ट्रीय जनता दल (RJD), समाजवादी पार्टी (SP) और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के सांसद शामिल हैं.

4:48 PM (7 घंटे पहले)

पेपर लीक के आंकड़े हर युवा जानता है- राहुल गांधी

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

राहुल गांधी ने कहा, "यह एक ऐसा आंकड़ा है, जिसे देश का हर युवा जानता है, लेकिन किसी कारणवश भारत सरकार इसे नहीं समझ रही. एक उदाहरण देखिए- सिर्फ एक परीक्षा की तैयारी और उसे देने में छात्रों के परिवारों का जितना खर्च होता है, वह लगभग देश के पूरे शिक्षा बजट के बराबर है."

4:42 PM (7 घंटे पहले)

Rahul Gandhi: अपने हक के लिए सड़कों पर उतरे छात्र

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

राहुल गांधी ने कहा, "कोई व्यक्ति या लोगों का एक समूह हमारी शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर रहा है. भारत की सबसे मूल्यवान संपत्ति उसकी शिक्षा व्यवस्था और उसके छात्र हैं, लेकिन उनके भविष्य को नष्ट किया जा रहा है."

उन्होंने आगे कहा, "सरकार क्या कर रही है? एक भी दोषसिद्धि (कन्विक्शन) नहीं हुई है. यही पहला और पूरी तरह से जायज़ कारण है कि हमारे युवा सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं."

Advertisement
4:40 PM (7 घंटे पहले)

पेपर लीक मामले में अब तक एक भी दोषी को सजा नहीं- राहुल गांधी

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

राहुल गांधी ने कहा, "इस समस्या से 7.5 करोड़ छात्र और उनके परिवार प्रभावित हुए हैं. ये सभी मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों से आते हैं. वे अपनी मेहनत की कमाई अपने बच्चों की पढ़ाई पर खर्च करते हैं, लेकिन उनके साथ ऐसा व्यवहार किया जाता है मानो उनकी मेहनत और उम्मीदों का कोई मूल्य ही न हो."

उन्होंने आगे कहा, "सबसे हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े मामलों के बावजूद एक भी दोषसिद्धि (Conviction) नहीं हुई है. पिछले 10 वर्षों में 152 बार परीक्षा पत्र लीक होने की घटनाएं सामने आई हैं."

4:39 PM (7 घंटे पहले)

राहुल गांधी ने कहा- भारतीय शिक्षा पद्धति संकट में

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

राहुल गांधी ने कहा "हर किसी के लिए यह साफ है कि हमारी शिक्षा व्यवस्था, जिसे कभी दुनिया की सबसे बेहतरीन शिक्षा प्रणालियों में गिना जाता था, आज गंभीर संकट का सामना कर रही है."

4:38 PM (7 घंटे पहले)

Rahul Gandhi: पेपर लीक से छात्रों को तनाव, आत्महत्या भी कर लेते हैं

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

राहुल गांधी ने आगे कहा, "बच्चों ने आत्महत्या तक की है, हमारे छात्र असीमित तनाव से गुजरते हैं और फिर आखिरी समय में उन्हें बताया जाता है कि परीक्षा का पेपर लीक हो गया है. यह एक वास्तविक और गंभीर समस्या है, जो अब देश में बहुत गहरी हो चुकी है."

4:37 PM (7 घंटे पहले)

Rahul Gandhi: क्या था छात्रों का अपराध?

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

"छात्र शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं। वे सिर्फ अपनी मांगें रख रहे हैं. वे वही मांग रहे हैं, जिसका इस देश के छात्र होने के नाते उन्हें अधिकार है. वे कोई अपराध नहीं कर रहे हैं। वे सिर्फ इतना कह रहे हैं कि हमें ऐसी शिक्षा व्यवस्था चाहिए जो ठीक से काम करे, जो निष्पक्ष हो. लेकिन आज हमारे पास ऐसी व्यवस्था नहीं है."

4:36 PM (7 घंटे पहले)

Rahul Gandhi- हमारे छात्रों के साथ ऐसा बर्ताव क्यों- राहुल गांधी

Posted by :- Vikas Kumar Porwal

राहुल गांधी ने कहा, "सवाल यह है कि हमारे छात्रों के साथ ऐसा क्यों हो रहा है? आखिर हमारे छात्रों ने ऐसा क्या किया है? हजारों-हजार छात्र हैं, उन्होंने ऐसा कौन-सा अपराध किया है कि उन पर सुरक्षा बल हथियार तानें, उन्हें पीटा जाए, उनके साथ मारपीट की जाए और उनका अपमान किया जाए?"

Advertisement
3:00 PM (9 घंटे पहले)

पटना, जयपुर, भोपाल में जमकर बवाल

Posted by :- Anurag

दिल्ली के अलावा पटना, भोपाल, लखनऊ, मुंबई, अहमदाबाद समेत कई शहरों में बुधवार दोपहर को प्रदर्शन हुआ. पटना की सड़कों पर तो बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर भिड़ गए. इस दौरान पत्थरबाजी की घटना हुई.

इनपुट: रोहित कुमार सिंह

2:21 PM (9 घंटे पहले)

Protest in Patna: पटना में कांग्रेस-बीजेपी में जमकर बवाल

Posted by :- Anurag

बिहार की राजधानी पटना में अब बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया है. सड़कों पर जमकर नारेबाजी हो रही है. पत्थरबाजी की भी घटना हुई है. पूरी खबर पढ़ें: पटना में कांग्रेस दफ्तर घेरने पहुंचे बीजेपी कार्यकर्ता, जमकर चलीं लाठियां, फेंके गए पत्थर

इनपुट: रोहित कुमार सिंह

2:12 PM (9 घंटे पहले)

'छात्रों पर क्यों किया लाठीचार्ज', अर्जुन मेघवाल से बोले चंद्रशेखर

Posted by :- Nitin

संसद भवन परिसर में धरने पर बैठे सांसद चंद्रशेखर से केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने मुलाकात की है. मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री से पूछा कि पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज क्यों किया? वे हमारे ही बच्चे हैं.

1:27 PM (10 घंटे पहले)

Delhi Protest: CJP की अपील- आज के लिए खाना पर्याप्त, अब और न भेजें

Posted by :- Anurag

CJP ने जंतर-मंतर से अपडेट जारी करते हुए कहा कि आज के लिए प्रदर्शनकारियों के पास पर्याप्त भोजन है. संगठन ने समर्थकों से अपील की है कि वे फिलहाल और खाना न भेजें, ताकि किसी भी तरह की खाद्य सामग्री बर्बाद न हो. साथ ही, CJP ने सहयोग करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद भी किया.

 

1:14 PM (10 घंटे पहले)

दिल्ली: 200 से अधिक जवान घायल हुआ

Posted by :- Anurag

दिल्ली के जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़कने से दिल्ली पुलिस, RAF और CAPF के 200 से अधिक जवान घायल हो गए. पूरी खबर को यहां क्लिक कर पढ़ें- कहीं पुलिसकर्मी का पैर टूटा, किसी को आई चोट... उपद्रव में 200 जवान घायल, सुनाई आपबीती
 

Advertisement
1:12 PM (10 घंटे पहले)

NEET पेपर लीक पर चर्चा को लेकर स्पीकर करेंगे सर्वदलीय मंथन

Posted by :- Anurag

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने NEET पेपर लीक मुद्दे पर चर्चा के लिए आम सहमति बनाने के उद्देश्य से सभी राजनीतिक दलों के फ्लोर लीडर्स से अलग-अलग बैठक करेंगे. यदि विपक्ष सहमत होता है, तो सरकार कल से इस मुद्दे पर चर्चा शुरू करने के लिए तैयार है. 

इनपुट: हिमांशु मिश्रा

12:58 PM (11 घंटे पहले)

CJP आंदोलन के बीच शाह के घर बड़ी बैठक

Posted by :- Anurag

दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर अहम बैठक जारी है. बैठक में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, जितेंद्र सिंह और नितिन नवीन मौजूद हैं.

इनपुट: पीयूष मिश्रा

12:41 PM (11 घंटे पहले)

बांसुरी स्वराज बोलीं- प्रदर्शनकारियों ने बातचीत का भरोसा दिया, फिर फैलाए झूठे नैरेटिव

Posted by :- Anurag

बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों ने पहले सरकार से बातचीत की मांग की थी, जिसके बाद उन्हें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मिलने का तुरंत अवसर दिया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान प्रदर्शन न करने का आश्वासन देने के बावजूद बाद में झूठे नैरेटिव और फर्जी खबरें फैलाई गईं. 

 

12:38 PM (11 घंटे पहले)

मिजोरम के आइजोल में CJP और सोनम वांगचुक के समर्थन में रैली

Posted by :- Anurag

कॉकरोच पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि मिजोरम के आइजोल में दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे CJP प्रदर्शन और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में रैली निकाली गई. प्रदर्शनकारियों ने राजनीतिक जवाबदेही की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई.

 

12:33 PM (11 घंटे पहले)

लोकसभा स्पीकर पर भड़के अखिलेश यादव

Posted by :- Anurag

लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला द्वारा कांग्रेस और बीजेपी सांसदों को बोलने का मौका दिया गया. लेकिन, समाजवादी पार्टी को ये मौका नहीं मिला. इसे लेकर अखिलेश यादव स्पीकर पर भड़क उठे. पूरी खबर को यहां क्लिक कर पढ़ें - स्पीकर ने कांग्रेस-बीजेपी को सदन में दिया बोलने का मौका तो नाराज हुए अखिलेश, बोले- हमारा क्या
 

Advertisement
12:10 PM (11 घंटे पहले)

किरेन रिजिजू बोले - सरकार चर्चा करने को तैयार

Posted by :- Anurag

मॉनसून सत्र के तीसरे दिन संसद को दोनों सदन में हंगामा देखने को मिला. इन सब के बीच किरेन रिजिजू ने कहा है कि पेपर लीक को लेकर सरकार चर्चा करने को तैयार है. हालांकि, लोकसभा की कार्यवाही एक बार फिर से स्थगित कर दिया गया है. अब दो बजे फिर से संचालन किया जाएगा.
 


 

12:06 PM (11 घंटे पहले)

लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित

Posted by :- Anurag

दोपहर दो बजे तक लोकसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है. इससे पहले समाजवादी पार्टी अखिलेश यादव ने सदन में कहा कि छात्रों के साथ जो वो अन्याय हुआ. 

12:05 PM (11 घंटे पहले)

पटना के जेपी गोलंबर पर AISA और पुलिस आमने-सामने

Posted by :- Anurag

पटना के जेपी गोलंबर पर AISA कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच टकराव हो गया. इस दौरान पथराव की घटना हुई और हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े. पूरी खबर को यहां क्लिक कर पढ़ें - CJP प्रोटेस्ट की आंच पटना पहुंची... प्रदर्शनकारी और पुलिस आमने-सामने, पथराव और आंसू गैस के गोले चले

 


 

इनपुट: शशि भूषण कुमार और रोहित कुमार सिंह

12:03 PM (11 घंटे पहले)

Parliament Monsoon Session: संसद में गतिरोध बरकरार, कांग्रेस अपनी तीन मांगों पर अड़ी

Posted by :- Anurag

संसद में सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध जारी है. कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि उसकी तीन प्रमुख मांगों पर समझौता नहीं होगा. इनमें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाना, स्थगन प्रस्ताव के तहत चर्चा और छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने के साथ पुलिस कार्रवाई की जांच शामिल है.

इनपुट: अमित भारद्वाज

11:54 AM (12 घंटे पहले)

विपक्ष नियम 193 नहीं बल्कि स्थगन प्रस्ताव के तहत चाहता है चर्चा

Posted by :- Anurag

संसद में सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध जारी है. विपक्ष नियम 193 के तहत अल्पकालिक चर्चा के लिए तैयार नहीं है और स्थगन प्रस्ताव के तहत चर्चा की मांग पर अड़ा हुआ है. विपक्ष ने अपना रुख लोकसभा अध्यक्ष को भी बता दिया है.

इनपुट: अमित भारद्वाज

Advertisement
11:46 AM (12 घंटे पहले)

Delhi CJP Protest: CRPF की 20 अतिरिक्त कंपनियों की तैनाती

Posted by :- Anurag

सूत्रों के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पश्चिम बंगाल से CRPF की 20 अतिरिक्त कंपनियां भेजी गई हैं. इनकी तैनाती संवेदनशील इलाकों में की जाएगी ताकि प्रदर्शनों और संसद सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके. 

इनपुट: जितेंद्र बहादुर सिंह

11:44 AM (12 घंटे पहले)

Cockroach Janta Party Protest: दिल्ली में 16 मेट्रो स्टेशन बंद

Posted by :- Anurag

दिल्ली में सुरक्षा कारणों की वजह से दिल्ली मेट्रो को 16 स्टेशन बंद कर दिए गए हैं. इसमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केन्द्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ , खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं.


इनपुट: सुशांत मेहरा और अंशुल सिंह

 

11:35 AM (12 घंटे पहले)

सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल हस्तक्षेप से किया इनकार

Posted by :- Anurag

सुप्रीम कोर्ट ने प्रदर्शनकारियों पर कथित पुलिस कार्रवाई के मामले में तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया. याचिकाकर्ता के वकील ने अदालत से वीडियो देखने और स्वत: संज्ञान लेने का अनुरोध किया था, लेकिन मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि अदालत के पास वीडियो देखने का समय नहीं है. पूरी खबर को यहां क्लिक कर पढ़ें - प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ तत्काल सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार, CJI बोले- वीडियो देखने का समय नहीं
 

11:03 AM (12 घंटे पहले)

Parliament Monsoon Session 2026: 12 बजे तक लोकसभा की कार्यवाही स्थगित

Posted by :- Anurag

लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई है. हंगामे के बीच एक बार फिर से सदन का मूल्यवान समय बर्बाद हुआ है. आज मॉनसून सत्र का तीसरा दिन है.

10:56 AM (13 घंटे पहले)

सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो के चार स्टेशन बंद, अगले आदेश तक सेवाएं प्रभावित

Posted by :- Anurag

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने सुरक्षा कारणों से जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया है. हालांकि, राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज सुविधा जारी रहेगी.

Advertisement
10:54 AM (13 घंटे पहले)

प्रियंका गांधी का सरकार पर हमला, बोलीं- छात्रों की मांगें जायज

Posted by :- Anurag

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने छात्र आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि छात्रों की मांगें जायज हैं और उन्हें अपने अधिकार मांगने का हक है. उन्होंने पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरा और कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन को अलोकतांत्रिक तरीके से नहीं रोका जाना चाहिए.

 

10:50 AM (13 घंटे पहले)

विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में किया प्रदर्शन

Posted by :- Anurag

संसद परिसर में विपक्षी सांसद काले कपड़े में प्रदर्शन करते नजर आए. इन लोगों की मांग है कि शिक्षा व्यवस्था में बदलाव किया जाए और साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें.
 

 

10:47 AM (13 घंटे पहले)

CJP और सराकर की दूसरी राउंड की बातचीत थोड़े देर में

Posted by :- Anurag

सूत्रों के अनुसार, कॉकरोच पार्टी से आज एक बार फिर सरकार बात करने जा रही है. दोपहर 12 बजे सरकार के प्रतिनिधि कॉकरोच पार्टी के सीनियर लोगों से बातचीत करेगी.

इनपुट: पीयूष मिश्रा और हिमांशु मिश्रा

10:41 AM (13 घंटे पहले)

Parliament Monsoon Session 2026: खड़गे के कक्ष में विपक्षी दलों के फ्लोर नेताओं की बैठक

Posted by :- Anurag

संसद की कार्यवाही से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कक्ष में विपक्षी दलों के फ्लोर नेताओं की बैठक हुई. बैठक में संसद के भीतर विपक्ष की रणनीति और मौजूदा राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की गई.

10:39 AM (13 घंटे पहले)

Parliament Monsoon Session: राहुल गांधी पर रविशंकर प्रसाद का हमला, बोले- छात्रों के मुद्दे पर भी कर रहे हैं राजनीति

Posted by :- Anurag

कांग्रेस के प्रदर्शन पर BJP सांसद रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी छात्रों के मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं. प्रसाद ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए काम कर रही है और राहुल गांधी को रचनात्मक सुझाव देने चाहिए.

 

Advertisement
10:34 AM (13 घंटे पहले)

CJP Protest: सोनम वांगचुक अनशन मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में आज सुनवाई

Posted by :- Anurag

दिल्ली हाईकोर्ट आज उस जनहित याचिका पर सुनवाई करेगा, जिसमें सोनम वांगचुक के जंतर-मंतर अनशन के दौरान छात्रों और प्रदर्शनकारियों पर कथित पुलिस कार्रवाई को चुनौती दी गई है. याचिका में स्वतंत्र जांच, सबूत सुरक्षित रखने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन के अधिकार की रक्षा के लिए दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई है.

10:33 AM (13 घंटे पहले)

Parliament Monsoon Session: आज सभी सांसद काले कपड़े पहनकर पहुंच रहे संसद

Posted by :- Anurag

नीट परीक्षा में धांधली और देश भर में हो रहे पेपर लीक के मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस ने बड़ा फैसला लिया है. बताया जा रहा है कि आज कांग्रेस से सभी सांसद काले कपड़े पहनकार संसद भवन पहुंचेंगे और अपने विरोध दर्ज कराएंगे. पूरी खबर को यहां क्लिक कर पढ़ें - आज सभी सांसद काले कपड़े पहनकर पहुंच रहे संसद

 


 

9:53 AM (14 घंटे पहले)

CJP Protest in Delhi: सोनम वांगचुक से मिले जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह

Posted by :- Anurag

सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने मेदांता अस्पताल में देर रात सोनम वांगचुक से करीब एक घंटे तक मुलाकात की. बैठक में सरकार ने संसद में चर्चा और शिक्षा सुधारों पर अपने रुख की जानकारी दी. वहीं, सूत्रों का यह भी दावा है कि राहुल गांधी से बातचीत के दौरान सरकार की ओर से संसद में चर्चा के लिए सहमति की बात कही गई थी. पूरी खबर को यहां क्लिक कर पढ़ें - सोनम वांगचुक और जेपी नड्डा के बीच एक घंटे चली बैठक... जानें क्या-क्या बात हुई
 
इनपुट: पीयूष मिश्रा

9:44 AM (14 घंटे पहले)

CJP Jantar Mantar Protest: दिल्ली में CJP प्रदर्शन पर पुलिस का एक्शन, अब तक 10 FIR दर्ज

Posted by :- Anurag

दिल्ली में CJP के प्रदर्शन को लेकर अब तक कुल 10 FIR दर्ज की गई हैं. इनमें सबसे अधिक चार FIR संसद मार्ग थाने में दर्ज हुई हैं. पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मामलों में केस दर्ज किए गए हैं और जांच जारी है.

इनपुट: अरविंद ओझा

9:42 AM (14 घंटे पहले)

दिल्ली के छात्र आंदोलन पर एमके स्टालिन का समर्थन

Posted by :- Anurag

तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि अब पूरा देश इस मुद्दे पर ध्यान दे रहा है. उन्होंने कहा कि DMK ने शुरू से NEET का विरोध किया है और सभी समस्याओं का स्थायी समाधान केवल NEET को समाप्त करना है.

Advertisement
9:33 AM (14 घंटे पहले)

Cockroach Janta Party Protest Today: CJP ने सरकार को दी चेतावनी, कहा- मांगें नहीं मानीं तो लाखों युवा दिल्ली आएंगे

Posted by :- Anurag

CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रंका ने कहा कि 20 जुलाई का प्रदर्शन केवल ‘ट्रेलर’ था और मांगें नहीं मानी गईं तो लाखों युवा दिल्ली आएंगे. उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी FIR वापस लेने तक आंदोलन जारी रहेगा. रंका ने यह भी कहा कि संगठन UAPA या NSA के तहत गिरफ्तारी से भी नहीं डरता.


 

9:26 AM (14 घंटे पहले)

Parliament Monsoon Session: संसद के मकर द्वार पर विपक्ष का प्रदर्शन आज, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उठेगी मांग

Posted by :- Anurag

विपक्षी सांसद बुधवार सुबह संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन करेंगे. प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी. विपक्ष NEET-UG में कथित अनियमितताओं और 20 जुलाई को छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का भी विरोध करेगा.

इनपुट: ANI

9:19 AM (14 घंटे पहले)

Delhi Protests: BJP का देशभर में प्रदर्शन आज

Posted by :- Anurag

सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास के बाहर हुए प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल की कथित अनदेखी के विरोध में बीजेपी आज दोपहर 12 बजे के बाद देशभर में कांग्रेस दफ्तरों के बाहर प्रदर्शन करेगी.

इनपुट: पीयूष मिश्रा
 

8:56 AM (15 घंटे पहले)

CJP Protest in Delhi: बारिश के बीच जंतर-मंतर पर जुटे प्रदर्शनकारी

Posted by :- Anurag

दिल्ली में जंतर-मंतर पर कल के मुकाबले बुधवार सुबह ज्यादा भीड़ देखने को मिली. बारिश के बीच भी प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर जुटे हुए हैं. ग्राउंड से सुबह से आई ये तस्वीरें साफ बयां कर रही हैं.

 

इनपुट: सुशांत सिन्हा 

8:17 AM (15 घंटे पहले)

छात्रों के प्रदर्शन पर बोलीं प्रीति जिंटा, ‘आंदोलन का गलत इस्तेमाल न हो’

Posted by :- Anurag

बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने कहा कि छात्रों का समर्थन करना और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग जरूरी है, लेकिन शांतिपूर्ण आंदोलन को देशविरोधी तत्वों के हाथों में नहीं जाने देना चाहिए. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर बढ़ती नफरत और विभाजन चिंता का विषय है. 

Advertisement
8:16 AM (15 घंटे पहले)

Delhi Protests: उपद्रवियों ने जवान पर किया हमला

Posted by :- Anurag

मंगलवार देर शाम की एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. जिसमें कॉकरोच पार्टी के आंदोलन का समर्थन करने आए भीड़ में कुछ उपद्रवी शामिल हो गए और उन्होंने एक जवान पर हमला कर दिया. उपद्रवियों के हमले से जवान ज़मीन पर गिर जाता है और जमकर नारेबाजी होती है.

 

इनपुट: अरविंद ओझा
 

8:07 AM (15 घंटे पहले)

कांग्रेस के धरने पर धर्मेंद्र प्रधान का बयान, बोले "छात्रों का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है कांग्रेस"

Posted by :- Anurag

कांग्रेस के धरना प्रदर्शन को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का कहना है कि छात्रों का राजनीतिक इस्तेमाल कांग्रेस पार्टी कर रही है. पीएम आवास के बाहर धरना नियमों के खिलाफ है.

 

 

8:02 AM (15 घंटे पहले)

AAP on Delhi Protest: राज्यसभा में NEET पेपर लीक और वांगचुक के मुद्दे पर चर्चा की मांग

Posted by :- Anurag

आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सदन का कामकाज स्थगित कर NEET-UG पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली की विफलता, प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई और सोनम वांगचुक की सेहत पर चर्चा कराने की मांग की है.

7:44 AM (16 घंटे पहले)

प्रयागराज से लेकर मुंबई तक प्रदर्शन

Posted by :- Anurag

कॉकरोच पार्टी के समर्थन में मंगलवार को देश के कई राज्यों में प्रदर्शन हुए. हैदराबाद, मुंबई, प्रयागराज से लेकर देश के विभिन्न राज्यों से तस्वीरें आई हैं. राजनीतिक पार्टियों की ओर से भी कार्यकर्ता सड़क पर उतरे.

 

 

 

 

7:35 AM (16 घंटे पहले)

उद्धव ठाकरे जंतर-मंतर पहुंचे, छात्रों के आंदोलन को दिया समर्थन

Posted by :- Anurag

शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ चल रहे छात्रों के आंदोलन में शामिल होने मंगलवार रात को दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचे. उन्होंने छात्रों के हौसले की सराहना की, युवा शक्ति को नमन किया और CJP प्रमुख अभिजीत दिकपे की भी तारीफ की. ठाकरे के समर्थन से आंदोलन को विपक्ष का एक और बड़ा साथ मिला.

देर रात जंतर-मंतर पर उद्धव ठाकरे (Photo: PTI)
Advertisement
7:32 AM (16 घंटे पहले)

Jantar-Mantar Protest: कॉकरोच पार्टी ने मेटा क्या CJP से जुड़े WhatsApp अकाउंट्स ब्लॉक कर रहा है मेटा?

Posted by :- Anurag

क्या मेटा कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) से जुड़े WhatsApp अकाउंट्स को ब्लॉक कर रहा है? ये सवाल कॉकरोच पार्टी ने मेटा से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पूछा है.

 

7:29 AM (16 घंटे पहले)

Protest in Delhi: प्रधानमंत्री आवास से लेकर छत्रसाल स्टेडियम तक... राहुल गांधी समेत विपक्ष नेताओं का प्रदर्शन

Posted by :- Anurag

राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी समेत विपक्ष के कई सांसद मंगलवार शाम को प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करते हुए धरने पर बैठ गए थे. कांग्रेस ने सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया और कार्रवाई की निंदा की. धरना जारी रहने के बीच दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया और फिर उन्हें छत्रसाल स्टेडियम लेकर चली गई. इससे पहले राहुल गांधी ने अस्पताल जाकर पुलिस कार्रवाई में घायल प्रदर्शनकारियों से मुलाकात भी की.

राहुल गांधी को पुलिस ने मंगलवार शाम डिटेन किया था (Photo: PTI)
Advertisement
Advertisement